अखाड़ों का महाकुंभ में आस्था
Posted by:
dilipks
2012-12-14 07:00:08
996 Views
हमारे भारतीय संस्कृति में सदियों से विभिन्न विचारधाराएं मौजूद हैं जो प्राचीनकाल से ही संघ, विहार, आश्रम के माध्यम से भारतीय समाज और संस्कृति पर प्रभाव डालती रही है.. जगद् गुरु शंकराचार्य ने भी हिन्दू धर्म का प्रचार- प्रसार तथा अपना संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए इसी का अनुकरण करते हुए, पूरे देश में संन्यास परम्परा और अखाड़ों की नींव डाली... जिनका वर्तमान स्वरुप आज पूरे देश में अखाड़ों एवं मठों के रुप में व्यापक स्तर पर मौजूद हैं.. ये मठ और अखाड़े सदियों से पवित्र कुंभ स्थल पर एकत्रित होकर हिंदू धर्म के रीति-रिवाज पर वाद-विवाद भी करते हैं और समय के अनुसार कुछ परिवर्तन भी करते हैं, जो सभी हिंदुधर्मावलंबियों के बीच मान्य होता है...
कुंभ को सुव्यवस्थित स्वरूप देने का श्रेय आदिगुरु शंकराचार्य को दिया जाता है.. उन्हीं के प्रयास से विभिन्न सम्प्रदायों के साधु-संत महात्मा, देश के कोने-कोने से एकत्रित होकर यहां उपस्थित होने लगे, और इस तरह यह संतों का एक महासम्मेलन बन गया... शंकराचार्य ने ही साधु समाज को दशनामी परम्परा में बांधा और उन्हीं की प्रेरणा से दशनामी संगठन ने साधु समाज को एक ध्वज के नीचे संगठित किया.. यहीं दशनामी साधु समाज विभिन्न अखाड़ों के रूप में कुम्भ में हर वर्ष एकत्रित होते हैं... शुरु से ही ये सांस्कृतिक और धार्मिक व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित और व्यवस्थित करते हुए समाज को दिशानिर्देश देते रहे हैं..
आज कुंभ की पहचान दशनामी संन्यासियों के अखाड़े, शाही स्नान, साधुओं के डेरे और मठाधीशों-महामंडलेश्वरों का समागम से है.. कुंभ को संसार का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन या मेला माना जाता है.. इसके जैसा मानव समुदाय का महासम्मेलन केवल हज के दौरान ही मक्का में देखा जाता है.. कुंभ लोगों को जोड़ने का एक माध्यम है जो प्रत्येक बारह वर्ष में आयोजित होता है...
कुंभ के मेले विभिन्न साधु संप्रदायों के अखाड़े अपने-अपने प्रतीक-चिन्ह और ध्वज-पताका लहराते हुए देश के कोने-कोने से प्रवेश करते हैं... वहां उनकी अपनी-अपनी छावनी होती है, जिसके बीचों-बीच बहुत ऊंचे स्तम्भ पर उनका ध्वज फहराता है.. इन अखाड़ों के साधु शस्त्रधारी भी होते हैं, उनकी रचना एकदम सैनिक पद्धति पर होती है.. उनमें शस्त्र और शास्त्र का अद्भुत संगम देखा जाता है... ये साधु सांसारिक जीवन से विरक्त और अविवाहित होते हैं.. उनकी दिनचर्या बहुत कठोर होती है.. वे शस्त्रधारी होते हुए भी वे संन्यास मार्गी तपस्वी होते हैं.. कुंभ के मेले में मुख्य आकर्षण इन अखाड़ों का स्नान ही होता है.. जिसे शाही स्नान कहते हैं..
शाही स्नान को लेकर पहले कई बार विभिन्न अखाड़ों के बीच आपसी टकराव भी हो चुके हैं, जिससे बचने के लिए एक अखाड़ा परिषद की स्थापना की गई है, जो सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त है.. इसमें कुल तेरह अखाड़ों को शामिल किया गया है.. प्रत्येक कुम्भ में शाही स्नान के दौरान इनका क्रम तय है.. शाही स्नान की तारीख भी इन्ही अखाड़ो के द्वारा तय की जाती है...कुंभ मेले में विभिन्न अखाड़ो और धार्मिक महात्माओं की उपस्थिति के कारण इस दौरान पूरा संगम क्षेत्र धार्मिक भावनाओ से ओतप्रोत हो जाता है, चारो तरफ धार्मिक कार्यक्रम होते रहते है...
Tags:-
Akhara, Dashnami Sadhu, Kumbh, Math, Shahi Snanअखाड़ों का धर्म में आस्था, अखाड़ों का महाकुंभ, धर्म सम्मेलन, शाही स्नान, कुंभ