आत्मविश्वास..
मानवीय जीवन में प्रत्येक इंसान का कुछ न कुछ लक्ष्य होता है.. जिसे पाने के लिए इंसान हमेशा प्रयत्नशील रहता है.. लक्ष्य को हासिल करने के लिए न केवल कठिन परिश्रम पर्याप्त है बल्कि साथ ही साथ आत्मविश्वास भी जरूरी है.. ‘आत्मविश्वास’ का मतलब है अपने आप पर विश्वास.. यानि हमारे जीवन में बगैर आत्मविश्वास के किसी भी कार्य की सफलता संदिग्ध बनी रहती है..
आत्मविश्वास वस्तुत: एक मानसिक एवं आध्यात्मिक शक्ति है.. आत्मविश्वास से ही विचारों की स्वतंत्रता प्राप्त होती है और इसके कारण ही महान कार्यों का सम्पादन सरलता से होती है.. जो भी इंसान आत्मविश्वास से ओत-प्रोत रहता है, उसे अपने भविष्य के बारे में किसी भी प्रकार की चिन्ता नहीं रहती.. दूसरे लोग जिन सन्देहों और शंकाओं से घिरे रहते हैं, वह उनसे सदैव दूर रहता है..
यदि हमें अपने जीवन में कोई भी बड़ा या महान कार्य करना हैं तो सबसे पहले अपने मन में स्वाधीनता का विचार लाना होगा... जिस व्यक्ति का मन सन्देह, भय और चिंता से भरा हो, वह महान कार्य तो क्या, कोई सामान्य कार्य भी नहीं कर सकता.. क्योंकि सन्देह और संशय हमारे मन को कभी भी एकाग्रचित नहीं होने देते और किसी भी महान कार्य के संपादन के लिए मन की एकाग्रता आवश्यक है..
आत्मविश्वास एक ऐसी शक्ति है जिसके बल पर अकेला व्यक्ति भी सैकड़ों विपत्तियों एवं शत्रुओं का सामना कर सकता है.. निर्धन व्यक्तियों की तो सबसे बड़ी पूंजी और सबसे बड़ा मित्र आत्मविश्वास ही है.. इस संसार में जितने भी महान कार्य हुए हैं या हो रहे हैं, उन सबके पीछे महत्वपूर्ण भूमिका आत्मविश्वास की है.. यदि हम संसार के सभी सफल व्यक्तियों का इतिहास पढ़ते हैं तो सबमें एक ही समानता देखते हैं, वो है आत्मविश्वास की समानता..
जब किसी इंसान को ये आभास होने लगता है कि वो स्वयं उन्नति कर रहा है, वो एक नई ऊंचाइयों को छू रहा है, तब उसके अंदर अपने-आप आत्मविश्वास से भरी हुई बातें करने की शक्ति आ जाती है और वो सभी प्रकार के नकारात्मक विचारों पर विजय प्राप्त करता है.. इस विजय से उसका मुखमंडल प्रकाशमान हो जाता है और सारा संसार उसका सम्मान करने लगता है.. उसकी यही विजय आत्मविश्वास में तब्दील हो जाती है.. जिस व्यक्ति में आत्मविश्वास होता है, वह अपने-आप दिव्य दिखने लगता है, जिसके कारण लोग उसकी ओर स्वयं आकर्षित हो जाते हैं और उस पर विश्वास करने लगते हैं..
आज तक ऐसा कोई भी व्यक्ति देखने को नहीं मिला जो अपने आपको हीन, तुच्छ और बेकार समझते हुए, कोई महान कार्य कर पाया हो.. हम अपने आपको जितना अधिक योग्य और कर्मठ समझेंगे, उतना ही अधिक महत्त्वपूर्ण कार्य कर पाएंगे.. वैसे ही भाव, आचरण और विचार हमारे चेहरे पर दिखाई देगें.. हालांकि कभी-कभी कुछ विषम परिस्थितियों में इसके नकारात्मक परिणाम भी मिल सकते हैं.. जैसा कि आपको तैरना नहीं आता और केवल आत्मविश्वास के बल पर गहरे तलाब में तैरने के लिए कूद जाते हैं तो डूबना निश्चित है..
इस तरह के कुछ अपवादों को छोड़कर हमारे किसी भी कार्य का सबसे मजबूत आधार है हमारा आत्मविश्वास.. इस विचार में एक ऐसी अद्भुत शक्ति छिपी है जो हमारे प्रत्येक कार्य को सहजता से सफल बना सकती है.. इस संसार के हरेक व्यक्ति को चाहिए कि वे न केवल अपना बल्कि अपने बच्चों का भी आत्मविश्वास बढ़ाए, ताकि आज के भाग दौड़ भरी जिंदगी में वो अपने द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की सफलता को सुनिश्चित कर सकें...
Tags:-
Self-confidence, आत्मविश्वास, सफलता, शक्ति, लक्ष्य, सफल