वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया को अक्षय तृतीया का पर्व मनाया जाता है. जिसे आखातृतीया अथवा आखातीज के नाम से भी जाना जाता है. 'अक्षय' का शाब्दिक अर्थ है-जिसका कभी नाश (क्षय) न हो अथवा जो स्थायी रहे. भविष्य पुराण के अनुसार सभी कर्मों का फ़ल अक्षय हो जाता है. इसलिये इसका नाम अक्षय पड़ा.
सनातन धर्मी गृहस्थजनों द्वारा यह पर्व बहुत ही उत्साह व श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है. विष्णुधर्म सूत्र, मत्स्य पुराण, नारदीय पुराण तथा भविष्यादि पुराण आदि ग्रंथों में इस व्रत का विस्तार पूर्वक वर्णन मिलता है.
इन ग्रंथों के अनुसार अक्षय तृतीया को दिये गये दान और किये गये स्नान, जप, तप, हवन आदि कर्मों का शुभ और अनन्त फ़ल मिलता है. दान में जल से भरे कलश, पंखे, चरणपादुकायें (खड़ाऊँ), जूता, छाता, गौ, भूमि, स्वर्णपात्र आदि का दान बहुत ही पुण्यकारी माना गया है. इस दान के पीछे यह लोकविश्वास है कि इसदिन जिन-जिन वस्तुओं का दान किया जायेगा वे समस्त वस्तुयें स्वर्ग में गरमी की ऋतु में प्राप्त होंगी. इस व्रत में घड़ा, कुल्हड़, सकोरा आदि रखकर पूजा की जाती है.
इस दिन नर-नरायण, भववान परशुराम और हयग्रीव का अवतार हुआ था इसलिये इनकी जयन्तियाँ भी अक्षय तृतीया को मनाई जाती है. श्रीपरशुराम प्रदोषकाल में उत्पन्न हुये थे. इसलिये यदि द्वितीया को मध्याह्न से पहले तृतीया आ जाये तो उस दिन अक्षय तृतीया, नर-नारायण जयन्ती, हयग्रीव जयन्ती सभी समपन्न हो जाती हैं. इसे परशुरामतीज भी कहते हैं, अक्षयतृतीया बड़ी पवित्र और सुख-सौभाग्य देने वाली तिथि है.
इसतिथि पर ईख के रस से बने पदार्थ, दही, चावल, दूध से बने व्यंजन, खरबूज, तरबूज और लड्डू का भोग लगाकर दान करने का भी विधान है.
स्कन्दपुराण और भविष्यपुराण में उल्लेख है कि वैशाख शुक्लपक्ष की तृतीया को रेणुका के गर्भ से भगवान विष्णु ने परशुराम रुप में जन्म लिया. इस दिन परशुराम जी के मंदिरों में इसतिथि को परशुराम जयंती के रुप में बहुत ही धूम धाम से मनाया जाता है. दक्षिण भारत में परशुराम जयन्ती को विशेष महत्व दिया जाता है. यह इनके अवतरण का दिन है इसलिये इस दिन इनके आविर्भाव की भी कथा सुनी जाती है.
Tags:-
akshaya tritiya, bhagwan parshuram, akhateej, bhavishypuran, skand puran, parshuram jayanti