उपनिषद् की एक कथा है - सत्यकाम नामक एक बालक था. घर में उसकी अकेली माता ही थी. जब उसकी अवस्था बारह वर्ष की हो गई, तब उसने जाकर अपनी जननी से कहा- 'माँ! अब मैं बारह वर्ष का हो गया हूँ. अब मुझे गुरु के समीप गुरुकुल में वास करके वेदाध्ययन करना चाहिये.'
माँ ने कहा- 'अच्छा बेटा! जाओ! तुम्हारा मंगल हो.'
सत्यकाम ने कहा- 'किन्तु माँ! गुरु मुझसे मेरा गोत्र पूछेंगे तो मैं क्या बताऊंगा. मुझे अपने गोत्र का तो ज्ञान ही नही, मुझे मेरा गोत्र तो बता दो.'
माता ने कहा- 'बेटा! गोत्र का तो मुझे भी नही पता, मैं सेवा में सदा तत्पर रहती थी. युवावस्था में तू पैदा हुआ, संकोचवश मैं तेरे पिता से गोत्र न पूछ सकी.'
माँ की बात सुनकर सत्यकाम हारिद्रुमत ऋषि के समीप वेदाध्ययन के उद्देश्य से गया. उन्हें प्रणाम करके वह विनम्रतापूर्वक उनकी आज्ञा से बैठ गया.
गुरु ने पूछा - 'बालक! तुम क्या चाहते हो?'
सत्यकाम ने कहा- 'भगवन! मैं आपके चरणों में रहकर वेदाध्ययन करना चाहता हूँ.'
गुरु ने पूछा - 'तुम्हारा गोत्र क्या है?'
सत्यकाम बोला- 'भगवन! मैंने अपनी माँ से अपने गोत्र के सम्बन्ध में पूछा था. उन्होंने कहा- मैं सदा-सर्वदा आगत अतिथि-अभ्यागतों की सेवा में संलग्न रहती थी. युवावस्था में तू उत्पन्न हुआ, मैं कह नही सकती कि तेरे पिता का गोत्र क्या है. मैं इतना ही जानती हूँ कि तेरा नाम सत्यकाम और तू मुझ जाबाला का पुत्र है.
यह सुनकर महर्षि अत्यन्त प्रसन्न हुये और बोले - 'बेटा! निश्चय ही तू ब्राह्मण है क्योकि ब्राह्मण के अतिरिक्त इतनी सत्य बात कोई नही कह सकता, तू समिधा ले आ मैं तेरा उपनयन करुंगा. तू आज से सत्यकाम जाबाल के नाम से प्रसिद्ध होगा.
गुरु ने शिष्य का उपनयन किया. उस समय प्रचलन में था कि ऋषियों के समीप जो शिष्य शिक्षा प्राप्त करने आते थे, उन्हे सर्वप्रथम यही शिक्षा दी जाती थी कि वे गोसेवा का व्रत लें. गौओं की सेवा-शुश्रुषा से स्वतः ही उन्हें सर्वशास्त्र आ जाते थे.
महर्षि हारिद्रमत के यहाँ भीशस्त्रों गौएँ थीं. सत्यकाम जाबाल का जब उपनयन-संस्कार हो गया तब वे उसे लेकर अपने गौओं के गोष्ठ में गये. सहस्त्रों सुन्दर दुधार गौओं में से मुनि ने चार से दुबली-पतली गायें छांटी और सत्यकाम से बोले - बेटा! तू इन गौओं के पीछे जा और इन्हें चराकर पुष्ट करा ला.
बारह वर्ष का सत्यकाम गुरु के भाव को समझकर बोला- 'भगवन! मैं इन गौओं को लेकर जाता हूँ और जब तक ये सहस्त्र न हो जायेंगी, तब तक मैं लौटकर न आऊँगा'
गुरु ने कहा - 'तथास्तु.'
सत्यकाम उन गौओं को लेकर ऐसे वन में गया जहाँ हरी-भरी दूब थी. जल का सुपास था और जंगली जानवरों का कोई भय न था. वह गौओं के बीच रहता. उनकी से सेवा शुश्रुषा करता, वन के सभी क्लेशों को सहता. गौ के दुग्ध पर ही रहता. उसने अपने जीवन को गौओं के जीवन में तदाकार कर दिया. वह गोसेवा में ऐसा तल्लीन हो गया कि उसे पता ही नही चला कि गौएँ कितनी हो गई हैं.
तब वायुदेव ने वृषभ रुप रखकर सत्यकाम से कहा-'ब्रह्मचारिन्! हम अब सहस्त्र हो गये हैं तुम हमें आचार्य के घर ले चलो और मैं तुम्हें एकपाद ब्रह्म का उपदेश करुंगा.'
यह कहकर धर्मरुपी वृषभ ने सत्यकाम को एकपाद ब्रह्म का उपदेश दिया. गुरु के ग्रह से वन दूर था. चार दिन का मार्ग था. इसलिये मार्ग में वह जहाँ ठहरा, वही उसे ब्रह्मज्ञान का उपदेश मिला. इस प्रकार पहला पाद वृषभ ने, दूसरा पाद अग्नि ने, तीसरा पाद हंस ने और चौथे पाद का उपदेश मृद्गु नामक जलचर पक्षी ने किया. गौओं की निष्काम सेवा-शुश्रुषा से वह परम तेजस्वी ब्रह्मज्ञानी हो गया था.
उसने एक सहस्त्र गौओं को ले जाकर गुरु के सम्मुख प्रस्तुत किया और उनके चरणों में साष्टांग प्रणाम किया. गुरु ने उसके मुख को ब्राह्मीश्री से देदीप्यमान देखकर अत्यन्त ही प्रसन्नता से कहा- 'बेटा सत्यकाम! तेरे मुखमण्ड़ल को देखकर तो मुझे ऐसा ऐसा लगता है तुझे ब्रह्मज्ञान हो गया है. तू सत्य-सत्य बता तुझे ब्रह्मज्ञान का उपदेश किसने किया?'
सत्यकाम ने अत्यन्त विनीतभाव से कहा- 'गुरुदेव! आपकी कृपा से सब कुछ हो सकता है. आप मुझे उपदेश करेंगे तभी मैं पूर्ण समझूंगा'.
वही ज्ञान गुरु ने दुहरा दिया. सत्यकाम पूर्ण ब्रह्मज्ञानी हो गये.
Tags:-
Cow, cow animal, cow information, cow story, cow story in hindi, Upanishad, upanishad stories, upanishad stories in hindi