महाशिवरात्रि
Posted by:
rohitanand
2013-03-02 05:40:56
1213 Views
महाशिवरात्रि हिंदुओं का महत्वपूर्ण त्यौहार है.. जिसे हिन्दू धर्मावलंबियों द्वारा काफी उत्साह के साथ मनाया जाता है.. महाशिवरात्रि पर्व भगवान शिव के सबसे महत्वपूर्ण पर्व के रूप में सर्वमान्य है.. यह पर्व फाल्गुन माह के कृष्ण चतुर्दशी को हर साल मनाया जाता है.. माना जाता है कि सृष्टि के प्रारंभ में इसी दिन मध्यरात्रि को भगवान भोलेनाथ का अवतरण कालेश्वर के रूप हुआ था.. महाकालेश्वर भगवान शिव की वह शक्ति है जो सृष्टि का समापन करती है.. कहा जाता है कि प्रलय की वेला में इसी दिन प्रदोष के समय महादेव जब तांडव नृत्य करते हैं तो पूरा ब्रह्माण्ड विखडिंत होने लगता है.. इसलिए इसे महाशिवरात्रि की कालरात्रि भी कहा गया है.. तीनों भुवनों की अपार सुंदरी तथा शीलवती गौरा को अर्धांगिनी बनाने वाले शिव प्रेतों व पिशाचों से घिरे रहते हैं.. उनका रूप बड़ा अजीब है.. शरीर पर मसानों की भस्म, गले में सर्पों का हार, कंठ में विष, जटाओं में जगत-तारिणी पावन गंगा तथा माथे में प्रलयंकर ज्वाला है.. बैल को वाहन के रूप में स्वीकार करने वाले शिव अमंगल रूप होने पर भी भक्तों का मंगल करते हैं और श्री-संपत्ति प्रदान करते हैं..
महाशिवरात्रि के दिन सभी शिवभक्त, शिवालयों में जाकर शिवलिंग पर बेल-पत्र आदि चढ़ाते, पूजन करते, उपवास करते और रात्रि को जागरण करते हैं.. शिवलिंग पर बेल-पत्र चढ़ाना, उपवास तथा रात्रि जागरण करना एक विशेष कर्म की ओर इशारा करता है.. ऐसी मान्यता है कि महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव सरलता से प्रसन्न हो जाते हैं और अपने भक्तों को आशीर्वाद देते हैं.. गौरतलब है कि इसी दिन भगवान शिव की शादी हुई थी, इसलिए रात्रि में महादेव शिवजी की बारात भी निकाली जाती है.. वास्तव में शिवरात्रि का परम पर्व स्वयं परमपिता परमात्मा के सृष्टि पर अवतरित होने की स्मृति दिलाता है.. यहां रात्रि शब्द अज्ञान अन्धकार से होने वाले नैतिक पतन का द्योतक है.. परमात्मा ही ज्ञानसागर है जो मानव मात्र को सत्यज्ञान द्वारा अन्धकार से प्रकाश की ओर अथवा असत्य से सत्य की ओर ले जाते हैं..
कृष्ण चतुर्दशी के दिन इस पर्व का महत्व इसलिए अधिक शुभफलदायी हो जाता है क्योंकि चतुर्दशी तिथि के स्वामी शिव हैं.. वैसे तो शिवरात्रि हर महीने आती है परंतु फाल्गुन माह की कृष्ण चतुर्दशी को ही महाशिवरात्रि कहा गया है.. ज्योतिषीय गणना के अनुसार सूर्यदेव भी इस समय तक उत्तरायण में आ चुके होते हैं तथा इसी दिन से ॠतु परिवर्तन की भी शुरुआत हो जाती है जो कि अत्यंत ही शुभ है.. ज्योतिष के अनुसार चतुर्दशी तिथि को चन्द्रमा अपनी सबसे कमज़ोर अवस्था में पहुँच जाता है जिससे मानसिक संताप उत्पन्न हो जाता है.. चूँकि चन्द्रमा शिवजी के मस्तक पर सुशोभित है इसलिए चन्द्रमा की कृपा प्राप्त करने के लिए शिवजी की आराधना की जाती है.. इससे मानसिक कष्टों से मुक्ति मिल जाती है..
Tags:-
महाशिवरात्रि,शिव,महादेव,भगवान,कालरात्रि,हिन्दू,भक्त,