साई बाबा की विनयशीलता
Posted by:
neerus
2012-06-14 03:51:30
981 Views
माना जाता है कि भगवान में छः प्रकार के विशेष गुण होते हैं. यथा (1) कीर्ति (2) श्री (3) वैराग्य (4) ज्ञान (5) ऐश्वर्य और 6 (उदारता) श्रीसाई बाबा में भी ये सब गुण विद्यमान थे. उन्होंने भक्तों की इच्छा पूर्ति निमित्त ही सगुण अवतार धारण किया था. उनकी कृपा (दया) बड़ी ही विचित्र थी. भक्तों के हेतु वे अपने श्रीमुख से ऐसे वचन कहते, जिनका वर्णन बड़े से बड़े तपस्वी मुनि भी साहस न कर सकते थे. जैसे कि बाबा अति विनम्रता से इस प्रकार बोलते ''दासानुदास, मैं तुम्हारा ऋणी हूँ'' कैसी विनम्रता है.
यद्यपि बाह्य दृष्टि से बाबा विषय-पदार्थों का उपभोग करते हुये प्रतीत होते थे, परन्तु उन्हें किंचितमात्र भी उनकी गन्ध न थी और न ही उनके उपभोग का ज्ञान था. वे खाते अवश्य थे परन्तु उनकी जिह्वा को कोई स्वाद न था. वे नेत्रों से देखते थे परन्तु उस दृश्य में उनकी कोई रुची नही थी. काम के सम्बन्ध में वे हनुमान सदृश्य अखंड़ ब्रह्मचारी थे. उन्हें किसी पदार्थ में आसक्ति न थी. वे शुद्ध चैतन्य स्वरुप थे. जहाँ समस्त इच्छायें, अहंकार और अन्य चेष्टाएँ विश्राम पाती थी. संक्षेप में वे निःस्वार्थ मुक्त और पूर्ण ब्रह्म थे. इस कथन को समझने के लिये एक रोचक कथा का उदाहरण दिया जाता है.
शिरडी में नानावली नाम का एक विचित्र और अनोखा व्यक्ति था. वह बाबा के सब कार्यों की देखभाल किया करता था. एक समय जब बाबा गद्दी पर विराजमान थे, वह उनके पास पहुँचा. वह स्वयं गद्दी पर बैठना चाहता था. इसलिये उसने बाबा को वहाँ से हटने को कहा. बाबा ने तुरन्त गद्दी छोड़ दी और तब नानावली वहाँ विराजमान हो गया. थोड़े समय वहाँ बैठकर वह उठा और बाबा को अपना स्थान ग्रहण करने को कहा. बाबा पुनः आसन पर बैठ गये. यह देखकर नानावली उनके चरणों पर गिर पड़ा. इस प्रकार अनायास ही आज्ञा दिये जाने और वहाँ से उठाये जाने के कारण बाबा में किंचितमात्र भी अप्रसन्नता की झलक न थी. जिससे साफ़ होता है कि बाबा में किसी के प्रति द्वेष या क्रोध रंचमात्र भी नही था. वह पूर्ण ब्रह्म के अवतार थे कहना अतिशयोक्ति नही होगी.
ॐ शान्ति शान्ति शान्ति
Tags:-
sai baba, shirdi sai baba, shraddha aur saburi, shirdi sai baba stories, shirdi sai baba story in hindi, shirdi sai baba history, shirdi sai baba darshan