हिन्दू कानूनों का मूल आधार हैं स्मृतियाँ. स्मृतियों में समाज के नियम विस्तार के साथ दिये गये हैं. किस आश्रम में किस प्रकार हमें अपना जीवन बिताना चाहिये, हमारा कर्तव्य क्या है, हमारा धर्म क्या है, आचार-विचार के हमारे नियम कौन से होने चाहिये - इन सभी बातों पर स्मृतियों में विचार किया गया है.
मनुस्मृति सबसे पुरानी स्मृति मानी जाती है.
धर्म के लक्षण
धारणाद् धर्ममित्याहुः धर्मो धारयते प्रजाः
चूंकि वह सभी प्राणियों का धारण-पोषण करता है. इसलिये महर्षियों ने उसे धर्म कहा है.
वेद, स्मृति, सदाचार और आत्मतुष्टि अर्थात् अपनी आत्मा को प्रिय लगने वाला यह धर्म का साक्षात् लक्षण है.
हिंसा न करना, सच बोलना, चोरी न करना, पवित्र रहना, और इन्द्रियों को संयम में रखना-यही संक्षेप में मनु ने चारों वर्णों के लिये धर्म बताया है.
धर्म के दस लक्षण- घृति, क्षमा, दम, चोरी न करना, मन, वाणी और शरीर की पवित्रता, इन्द्रियों का संयम, सुबुद्धि, विद्या, सत्य और क्रोध न करना.
क्रूरता न करना (दया), क्षमा, सत्य, अहिंसा, दान, नम्रता, प्रीति, प्रसन्नता, मीठी बोली और कोमलता- ये दस यम हैं.
पवित्रता, यज्ञ, तप, दान, स्वाध्याय, ब्रह्मचर्य, व्रत, मौन, उपवास और स्नान - ये दस नियम हैं.
दया करो - किसी को मत मारो
पराया हो या अपना, भाई-बन्धु या मित्र हो, शत्रु हो या बैरी-जो कोई विपत्तियों में पड़ा हो, उसे दुख में देखकर उसकी रक्षा करने का नाम है, दया, करुणा.
जो आदमी मांस खाता है, केवल वही घातक नही है, आठ आदमी घातक हैं- मांस के लिये सम्मति देनेवाला, काटनेवाला, मारनेवाला, खरीदनेवाला, बेचनेवाला, पकानेवाला, लानेवाला और खानेवाला.
पंच महायज्ञ
गृहस्थ के घर में चूल्हा, चक्की, झाड़, ओखली और पानी के घड़े से जीवों की हिंसा होती है. हिंसा के ये पाँच स्थान हैं. इनसे वह पाप में बँधता है.
गृहस्थों को इन दोषों से मुक्त करने के लिये महार्षियों ने प्रतिदिन पंच महायज्ञ करने के लिये कहा है.
पढ़ाना ब्रह्मयज्ञ है, तर्पण करना पितृयज्ञ हैं, हवन करना देवयज्ञ है, बलिवैश्यदेव भूतयज्ञ है और अतिथि-सत्कार करना मनुष्य यज्ञ है. ये ही पंचमहायज्ञ हैं.
कुत्ता, पतित, चांडाल, पापरोगी, कौआ और कृमि - इन छह के लिये भोजन में से छह भाग करके धीरे से भूमि पर बलि ड़ाले. इसका नाम है बलिवैश्वदेव यज्ञ.
गुरुजनों की सेवा
प्रणाम करने का जिसे स्वभाव है और जो रोज गुरुजनों की सेवा करता है उसकी आयु और विद्या, यश और बल, ये चारों बढ़ते हैं.
पुत्र को जन्म देने तथा पालन-पोषण में माता-पिता को जो कष्ट सहना पड़ता है, सौ साल में भी उसका बदला नही चुकाया जा सकता. इसलिये सदा वही करना चाहिये, जो माता-पिता और गुरु को प्रिये लगे. इन तीनों के संतुष्ट होने से सारे तप पूरे हो जाते हैं.
नारियों का आदर करो
यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता.
यत्रैतास्तु न पूज्यन्ते सर्वास्तत्राफ़लाः क्रिया.
जहाँ नारियों की पूजा होती है, वहाँ देवता रमते हैं. जहाँ उनकी पूजा नही होती, वहाँ सब काम निष्फ़ल होते हैं.
जिस कुल में स्त्रियाँ दुखी रहती हैं, वह जल्दी ही नष्ट हो जाता है. जहाँ वे दुःखी नहीं रहती, उस कुल की वृद्धि होती है.
स्त्रियाँ अपमानित होकर जिस घर को शाप देती हैं. उस घर का उसी तरह नाश हो जाता है जैसे कोई कृत्या किसी घर का विध्वंस कर ड़ालती है.
इसलिये जो अपना भला चाहे, वे भोजन, वस्त्र, आभूषण आदि से सदा स्त्रियों का सत्कार करते रहें और उत्सवों पर पूजा.
जिस कुल में पत्नी पति से प्रसन्न रहती है और पति पत्नी से प्रसन्न रहता है, उस कुल का निश्चय ही कल्याण होता है.
Tags:-
smrti, Manusmrti, Symptoms of Religion,Veda, Five mahayagna, Gurus of the service, Respect women, Pati patni