वास्तु में गजानन...
Posted by:
dilipks
2013-03-14 05:58:08
1654 Views
भगवान श्री गणेश महादेव शिव और माता पार्वती के पुत्र हैं.. उनका वाहन चूहा है.. गणों के स्वामी होने के कारण इन्हें गणपति के नाम से भी जाना जाता है.. किसी भी शुभ कार्य को करने से पहले सर्वप्रथम भगवान गणेश की पूजा की जाती है.. ज्योतिष शास्त्र में इनको केतु का देवता माना जाता है, और जो भी संसार के साधन हैं, उनके स्वामी श्री गणेशजी हैं.. हाथी के समान सिर होने के कारण उन्हें गजानन भी कहते हैं.. हिन्दू शास्त्रों के अनुसार गणेशजी का नाम किसी भी कार्य के लिये पहले पूज्य है.. इसलिए इन्हें आदिपूज्य भी कहते है.. भगवान गणपति आदिदेव हैं जिन्होंने हर युग में अलग-अलग अवतार लिया है.. उनकी शारीरिक संरचना में भी विशिष्ट व गहरा अर्थ निहित है.. चारों दिशाओं में सर्वव्यापकता की प्रतीक उनकी चार भुजाएं हैं.. वे हैं लंबोदर क्योंकि समस्त चराचर सृष्टि उनके उदर में ही विचरती है.. उनके बड़े कान अधिक ग्राह्यशक्ति व छोटी-पैनी आँखें सूक्ष्म-तीक्ष्ण दृष्टि की सूचक हैं.. उनकी लंबी नाक यानि कि सूंड महाबुद्धित्व का प्रतीक है..
धार्मिक ग्रंथों में भगवान श्रीगणेश के अनेक नाम बताए गए हैं, जिनमें से एक नाम है वक्रतुंड.. जिसका अर्थ है भगवान गणेश का वह स्वरूप जिसमें उनकी सूंड मुड़ी हुई होती है.. श्रीगणेश के इस स्वरूप के भी कई भेद हैं.. कुछ मुर्तियों में गणेशजी की सूंड को बाईं ओर घुमा हुआ दर्शाया जाता है तो कुछ में दाईं ओर.. इस घुमी हुई सूंड के पीछे भी विद्वानों द्वारा अनेक तर्क दिए गए हैं.. कुछ विद्वानों का मानना है कि दाईं ओर घुमी हुई सूंड के गणेशजी शुभ होते हैं तो कुछ का मानना है कि बाईं ओर घुमी हुई सूंड वाले गणेशजी शुभ फल प्रदान करते हैं.. हालांकि कुछ विद्वान दोनों ही प्रकार की सूंड वाले गणेशजी का अलग-अलग महत्व बताते हैं.. उनके अनुसार-
यदि भगवान गणेशजी की स्थापना घर में करनी हो तो दाईं ओर घुमी हुई सूंड वाले गणेशजी शुभ होते हैं.. दाईं ओर घुमी हुई सूंड वाले गणेशजी सिद्धिविनायक कहलाते हैं.. ऐसी मान्यता है कि इनके दर्शन से हर कार्य सिद्ध हो जाता है.. किसी भी विशेष कार्य के लिए कहीं जाते समय यदि इनके दर्शन करें तो वह कार्य सफल होता है व शुभ फल प्रदान करता है.. इससे घर में हर चीजें सकारात्मक रहती है व वास्तु दोषों का नाश हो जाता है.. धर्म शास्त्रों में ये भी वर्णित है कि घर के मुख्य द्वार पर भगवान गणेशजी की मूर्ति या तस्वीर लगाना शुभ होता है, और यहां बाईं ओर घुमी हुई सूंड वाले गणेश जी की स्थापना करना चाहिए.. बाईं ओर घुमी हुई सूंड वाले गणेशजी विघ्नविनाशक कहलाते हैं.. ये तस्वीर घर में मुख्य द्वार पर लगाने के पीछे तर्क है कि जब हम कहीं बाहर जाते हैं तो हमारे साथ कई प्रकार की बलाएं, विपदाएं या नकारात्मक ऊर्जा आ जाती है, और घर में प्रवेश करने से पहले जैसे ही हम विघ्नविनाशक गणेशजी का दर्शन करते हैं तो सारी नकारात्मक चीजें वहीं खत्म हो जाती है..
Tags:-
भगवान, गणेश, गजानन, गणपति, सूंड, Lord, Lord Ganesha, सिद्धिविनायक, विघ्नविनाशक,