परशुराम जयन्ति - विष्णु के छटे अवतार भगवान परशुराम का जन्मदिन..... ये वो दिन है...जिसे सतयुग और त्रेतायुग की शुरुआत का दिन माना जाता है..और यही वो दिन है..जब अंतरिक्ष में चंद्रमा, सूर्य और वृहस्पति तीनों मृगशिरा नक्षत्र में एक साथ मौजूद रहते हैं। साल में एक दिन के पैदा होने वाला ये अदभुत ग्रहसंयोग अपने आप में अनूठा है और हिन्दु कैलेंडर में सबसे पवित्र भी, लिहाजा भगवान परशुराम के जन्मदिन को बनने वाले तीन ग्रहों के संयोग की वजह से इसे अक्षय तृतिया का नाम भी दिया जाता है...और देसी भाषा में इसे आखा तीज के नाम से भी जाना जाता है। श्रीकृष्ण ने भी कहा है कि वैशाख मास की तृतिया यानी अक्षय तृतिया तिथि सब पुण्यों को देने वाली है। इस दिन सुबह स्नान कर, जप, तप, हवन, स्वाध्याय, पितृ-तर्पण तथा दान आदि करने वाला मनुष्य अक्षय(कभी न ख़त्म होने वाले) पुण्य का भागी हो जाता है। शास्त्रों में अक्षय तृतिया का जिक्र कई मायनों में किया गया है।
विवाह और शुभ काम के लिए सबसे बेहतर दिन
इसी दिन सतयुग और त्रेतायुग की शुरुआत हुई >
इसी दिन वेदव्यास जी ने श्रीगणेश के साथ महाभारत लिखनी शुरु की थी।
परशुराम पूजन के लिए सबसे उत्तम दिन क्योंकि इसी दिन विष्णु ने परशुराम अवतार धारण किया
अक्षय तृतिया के दिन ही बद्रीनाथ के पट खुलते हैं
भगवान नर-नारायण ने भी इसी दिन अवतार लिया था।
हयग्रीव अवतार का जन्म भी इसी दिन हुआ था
इसी दिन वृंदावन के बाँकेबिहारी मंदिर में श्रीविग्रह के चरण-दर्शन किए जाते हैं..बाकी पूरे साल इन्हें वस्त्रों से ढककर रखा जाता है।
इसी दिन से पुरी की रथयात्रा के लिए रथों का निर्माण शुरु होता है
किसान इस दिन बीजों की रुपाई शुरु करते हैं
बंगाल में इस दिन से नए बहिखाते शुरु किए जाते हैं।
जैन समुदाय भी इस दिन को तपस्या कर पुण्य कमाने का दिन मानते हैं
इसी दिन मां गंगा ने धरती पर अवतार लिया था..शिव की जटाओं से होती हुई हिमालय पार करते हुए पूरे हिन्द को अपने पवित्र जल से पवित्र किया था। इसलिए अक्षय तृतिया को गंगा स्नान से कई लाख गुना ज्यादा पुण्य मिलता है।
शादी का अनबूझ मुहुर्त - अक्षय तृतिया
साल का सबसे पवित्र दिन माने जाने की वजह से इस दिन को विघ्नविनाशक दिन के नाम से भी जाना जाता है.... जिनकी शादियों में किसी भी तरह की अड़चन हो तो इस दिन शादियां बिना मुहुर्त के की जा सकती हैं.. लिहाजा अक्षय तृतिया के दिन देशभर में लाखों शादियां होती हैं। इसकी वजह से देशभर में ज्यादातर मैरेज हॉल पहले से बुक रहते हैं।इतना ही नहीं अक्षय तृतिया के दिन केटरर्स, घोड़ा और बैंड बाजे की भी एडवांस बुकिंग हो जाती है.
सोना खरीदने के लिए सबसे उत्तम दिन - अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने का भी रिवाज है। ख़ास तौर पर सोने के सिक्के, चेन, मंगलसूत्र और कंगन की मांग होती है। माना जाता है कि इस दिन खरीदा गया सोना हमेशा सुरक्षित रहता है और खरीदने वाले की दिन दूनी रात चौगुनी तरक्की होती है।
Tags:-
अक्षय तृतिया,परशुराम जयन्ति,akshaya tritiya,parshuram jayanti ,significance of akshaya tritiya, akshaya tritiya marriage, parashurama avatar