आटे से हुई हैजे की समाप्ती
Posted by:
neerus
2012-05-09 12:45:56
846 Views
एक दिन प्रातः काल श्री साई बाबा मुँह हाथ धोने के पश्चात चक्की पीसने की तैयारी करने लगे. उन्होंने फ़र्श पर एक टाट का टुकड़ा बिछा, उस पर हाथ से पीसने वाली चक्की रखी. उन्होंने कुछ गेँहू ड़ालकर पीसना आरम्भ कर दिया.
वहाँ उपस्थित लोग सोचने लगे कि बाबा के चक्की पीसने से क्या लाभ है? उनके पास तो कोई है भी नही और वे अपना निर्वाह भी भिक्षावृत्ति द्वारा ही करते हैं. बाबा के चक्की पीसने का समाचार शीघ्र ही सारे गाँव में फ़ैल गई और उनकी यह विचित्र लीला देखने हेतु तत्काल ही नर-नारियों की भीड़ मस्जिद की ओर दौड़ पड़ी.
उनमे से चार निडर स्त्रियाँ भीड़ को चीरती हुई ऊपर आई और बाबा को बलपूर्वक वहाँ से हटाकर उनके हाथ से चक्की का खूंटा छीनकर तथा उनकी लीलाओँ का गायन करते हुये उन्होंने गेहूँ पीसना प्रारम्भ कर दिया.
पहले तो बाबा क्रोधित हुये परन्तु फ़िर उनका भक्तिभाव देख वे शांत होकर मुस्कराने लगे. पीसते-पीसते उन स्त्रियों के मन में ऐसा विचार आया आया कि बाबा के न घर द्वार है और न कोई बाल बच्चे हैं तथा न ही कोई देखरेख करने वाला ही है. वे स्वयं भिक्षावृत्ति के द्वारा ही अपना निर्वाह करते हैं अतः उन्हें भोजनादि के लिये आटे की आवश्यकता ही क्या है? बाबा तो परम दयालु हैं. हो सकता है कि यह आटा वे हम सब लोगों में ही वितरण कर दें. इन्हीं विचारों में मग्न रहकर गीत गाते-गाते ही उन्होंने सारा आटा पीस ड़ाला. तब उन्होंने चक्की को हटाकर आटे को चार समान भागों में भिक्त कर लिया और अपना-अपना भाग लेकर वहाँ से जाने को उद्यत हुई. अभी तक शांत मुद्रा में निमग्न बाबा तत्क्षण ही क्रोधित हो उठे और उन्हें अपशब्द कहने लगे- ''स्त्रियों ! क्या तुम पागल हो गई हो? तुम किसके बाप का माल हड़पकर ले जा रही हो? क्या कोई कर्जदार का माल है? जो इतनी आसानी से उठाकर लिये जा रही हो? अच्छा, अब एक काम करो कि इस आटे को ले जाकर गाँव की मेड़ (सीमा) पर बिखेर आओ''.
सब प्रश्नवाचक नेत्रों से एक दूसरे को देखने लगे. तब बाबा ने लोगों को कशमकशाहट को शांत करते हुये बोले बोले- गाँव में विषुचिका (हैजा) का जोरो से प्रकोप है और उसके निवारणार्थ ही मेरा यह उपचार है. आपने अभी जो कुछ पिसते देखा था, वह गेँहू नही, वरन विषूचिका (हैजा) थी, जो पीसकर नष्ट कर दी गई है. इस घटना के पश्चात् सचमुच विषूचिका की संक्रामकता शांत हो गई और ग्राम वासी सुखी हो गये.
।।श्री सद्गुरु साईनाथर्पणमस्तु ।। शुभं भवतु ।।
Tags:-
Sai, sai baba, shirdi sai baba, shirdi sai baba udi, shirdi sai baba updesh in hindi, shirdi sai baba history, shirdi sai baba chamatkar, shirdi sai baba jeevitha charitra in hindi, cholera