आँवले का मुरब्बा और आचार तो आपने खूब खाया होगा लेकिन क्या आपको पता है कि आँवले के पेड़ की पूजा करने से आपके सभी पाप धूल सकते है। आँवला
भगवान विष्णु का सर्वप्रिय फल है और आमला एकादशी का व्रत रखने से गायदान करने के
बराबर पुण्य मिलता है। आमला एकादशी के व्रत को सभी व्रतों में से सबसे अधिक
पुण्य प्राप्त करने वाला बताया गया है। इस व्रत को बहुत ही नियमपूर्वक रखा जाता
है।
आमला एकादशी का महात्मय
भगवान श्रीकृष्ण ने युधिष्ठर को आमला एकादशी बताते हुए कहा है कि इस व्रत को रखने वाले भक्त को विष्णुलोक की प्राप्ति होती है क्योकि आँवले की उत्पत्ति भगवान विष्णु के थूक से हुई। इसी कारण आँवले के वृक्ष को आदिभूत कहा गया है। सृष्टि की रचना करते हुये ब्रह्मा जी ने देवता, दानव,
गन्धर्वों की उत्पत्ति की लेकिन पृथ्वी पर आँवले के वृक्ष के बारे में ब्रह्मा जी भी स्वंय नहीं जानते थे। तभी आकाशवाणी हुई और उसने कहा कि पृथ्वी पर यह सबसे उत्तम
पेड़ है क्योकि यह भगवान विष्णु को सर्वप्रिय है। इसके स्मरण मात्र से गोदान का फल
मिलता है और इस पेड़ को छूने से इससे दुगुना और इसका फल यानि आँवला खाने से तिगुणा
पुण्य प्राप्त होता है। यह सभी पापों को हरने वाला वैष्णव पेड़ है जिसमें देवताओं का वास माना जाता है इसके मूल में विष्णु, ऊपर ब्रह्मा, स्कन्ध में परमेश्वर भगवान
रुद्र, शाखाओं में मुनि, टहनियों में देवता, पत्तों में वसु, फूलों में मरुद्रण और फल में समस्त प्रजापति वास करते है। जो भक्त विष्णु की महिमा को बहुत अधिक मानते
है, उन्हें सदैव आँवले का सेवन करना चाहिये।
कैसे रखे आमला एकादशी व्रत
श्रीविष्णुजी ने स्वंय कहा है कि फाल्गुन मास शुक्लपक्ष में यदि पुष्य नक्षत्र से युक्त एकादशी हो तो वह महान पुण्य देने वाली और बड़े-बड़े फाल्गुन मास पातकों का नाश करने वाली होती है।
इस दिन आँवले के पेड़ के पास जाकर वहाँ रात में जागरण करना चाहिए। आमला एकादशी के
दिन पूजा करने से भक्त को सभी पापों से मुक्ति मिलती है। आमला एकादशी का व्रत सभी
व्रतों में से सबसे अधिक उत्तम है।
इस दिन का व्रत रखने वाले भक्त को एकादशी को निराहार रहकर दुसरे दिन भोजन करने की विधि का पालन करना चाहिये।
आमला एकादशी के दिन परहेज
व्रत रखने वाले भक्त को व्रत वाले दिन पतित, चोर, पाखण्डी लोगों से बातचीत नहीं करना चाहिये। अपने मन को वश में रखे। व्रत वाले दिन बुरी बात न सोचे, ना झूठ बोले । इस व्रत को बहुत ही विधिपूर्वक रखा जाता है।
पूजा के साथ करें मंत्रों का उच्चारण
स्नान करने से पहले मिट्टी को शरीर पर लगाया जाता है क्योकि मिट्टी को शुद्ध माना जाता है। इसलिये शरीर पर मिट्टी लगाने से पूर्व मंत्र का उच्चारण किया जाता है
अश्वक्रान्ते रथक्रान्ते विष्णुक्रान्ते वसुन्धरे । मृत्तिके हर मे पापं जन्मकोटयां समर्जितम् ॥
जिसका अर्थ है कि ईश्वर से सभी पापों को समाप्त करने के लिये निवेदन करना।
स्नान करते समय भक्त को इस मंत्र का उच्चारण करना चाहिये
त्वं मात सर्वभूतानां जीवनं तत्तु रक्षकम्।स्वेदजोद्भिज्जजातीनां रसानां पतये नम:॥
स्नातोSहं सर्वतीर्थेषु ह्रदप्रस्रवणेषु च्। नदीषु देवखातेषु
इदं स्नानं तु मे भवेत्॥
इस मंत्र का अर्थ है कि जल की अधिष्ठात्री देवी तुम ही सम्पूर्ण भूतों का जीवन हो,
आप ही माता है क्योंकि आप सभी जीवों की रक्षक हो। आपको मेरा नमस्कार है। मैं
सम्पूर्ण तीर्थों, कुण्डों, झरनों, नदियों और सरोवरों में स्नान कर चुका हूँ और आपसे निवेदन है कि मेरा ये स्नान सभी स्नानों का फल देने वाला हो।
इसके बाद सभी पूजन सामग्री लेकर आँवले के पेड़ के पास जाये और पेड़ के चारों ओर के स्थान की सफाई करें। अब इस भूमि पर मंत्र पढ़कर जल भरे कलश की स्थापना करें। अब इस कलश मे पंचरत्न और दिव्य गंध डाले। पूजा करते समय इस मंत्र का जाप करें
‘विशोकाय नम:’ कहकर उनके चरणों की, ‘विश्वरुपिणे नम:’ से दोनों घुटनों की,
‘उग्राय नम:’ से जाँघो की, ‘दामोदराय नम:’ से कटिभाग की,
‘पधनाभाय नम:’ से उदर की, ‘श्रीवत्सधारिणे नम:’ से वक्ष: स्थल की,
‘चक्रिणे नम:’ से बायीं बाँह की, ‘गदिने नम:’ से दाहिनी बाँह की,
‘वैकुण्ठाय नम:’ से कण्ठ की, ‘यज्ञमुखाय नम:’ से मुख की,
‘विशोकनिधये नम:’ से नासिका की, ‘वासुदेवाय नम:’ से नेत्रों की,
‘वामनाय नम:’ से ललाट की, ‘सर्वात्मने नम:’ से संपूर्ण अंगो तथा
मस्तक की पूजा करे ।
इसके बाद ईश्वर को अर्ध्य देते हुये इस मंत्र का जाप करे
नमस्ते देवदेवेश जामदग्न्य नमोSस्तु ते ।
गृहाणार्ध्यमिमं दत्तमामलक्या युतं हरे ॥
हे ईश्वर, आपको नमस्कार है। आँवले के फल के साथ दिया हुआ मेरा यह अर्ध्य स्वीकार करें। रात्रि में भगवान
विष्णु की कथा का पाठ करें और सवेरा होने पर श्रीहरि की आरती करे और आँवले के पेड़ के नीचे पूर्व दिशा में बैठकर दूध को जड़ में चढ़ायें। इसके बाद पेड़ के चारों ओर
कलावा बांधकर सात बार परिक्रमा करे और कपूर, बाती या शुद्ध घी का जलाये।
Tags:-
आमला एकादशी, आमला एकादशी व्रत, एकादशी व्रत 2014, आँवला, आँवले का फल, Amala Ekadashi 2014, Amalaki Ekadashi Fast, amla tree, Ekadasi, EKADASHI 2014 vrat