अगर आपको या फिर आपके जानने वाले लोगों को सर्दी, जुकाम, बुखार, मलेरिया, टीबी जैसी बीमारी हो जाये तो, आप क्या करते हैं ?? आपको लगेगा कि मैं कैसा प्रश्न पूछ रही हूँ लेकिन मेरा पूछना जरुरी है क्योंकि हम सभी अपने और अपने आस-पास के लोगों के, परिजनों के, दोस्तों को, परिचितों के लिए सदैव स्वस्थ रहने की कामना करते हैं। जब हमें यह पता होता है कि हम बीमार हैं या फिर वो लोग बीमार है, जिनसे हम लोग जुड़े हुए होते हैं और स्नेह करते है..तो हम उन्हे डाँक्टर के पास सही समय पर ले जाकर सही इलाज कराते है और एक बार फिर से स्वस्थ जिंदगी की तरफ कदम बढ़ाते हैं, लेकिन जब बीमारी ऐसी हो जिसकी चपेट में होने की आपको भनक भी ना हो और नौबत आत्महत्या तक पहुंच जाये तो स्थिति काफी गंभीर हो जाती है......ऐसी ही एक बीमारी है जिसे डिप्रेशन या फिर अवसाद कहा जाता है, इसका नाम तो हमने कई बार सुना है लेकिन इसके बारे में अधिक जानकारी ना होने के कारण हम इसे पहचान नहीं पाते हैं।
उदासी और अवसाद के बीच का फर्क -
हर व्यक्ति की सोच का नजरिया और व्यक्तिव दोनों अलग-अलग होते हैं। कुछ लोगों का व्यक्तिव प्रभावशाली होता है और खुद भी खुश रहते हैं और दूसरों को भी हंसाते है जबकि दूसरी तरफ कुछ लोग ऐसे भी होते है जो गंभीर, निराश और दुशी नजर रहते हैं। ये जरुरी नहीं है कि हर उदास व्यक्ति अवसाद ग्रस्त हो क्योकिं उदासी और अवसाद के बीच अंतर यह है कि उदास व्यक्ति कुछ समय बाद पहले वाली स्थिति में आ जाता है यानि वह खुश रहने लगता है और भविष्य की ओर अपना ध्यान केन्द्रित करता है जबकि अवसाद ग्रस्त व्यक्ति आसानी से अपने दुख से बाहर नहीं आ पाता है, वह लगातार बीती बातों को याद करके स्वंय को कमजोर, दुखी, पीड़ित समझने लगता है।
अवसाद ग्रस्त व्यक्ति की सोच -
अवसाद ग्रस्त व्यक्ति इस बात को अपने दिमाग में बिठा लेता है कि उसके जीवन में खुशी नहीं आ सकती है या फिर अब जीवन में ऐसा कुछ नहीं बचा है जो उसे खुशी महसूस करा सके। ऐसे लोग आसानी से और बिना वजह अपनी गलती मान लेते है और किसी भी तरह की गलती हो जाने पर खुद को ही पूरी तरह से जिम्मेदार मान लेते हैं।
समझें उनकी मानसिक तकलीफ को -
क्योकि अवसाद एक मानसिक बीमारी है, इसलिए इसके रोगी के साथ किस प्रकार का व्यवहार किया जाये यह बात बहुत ही ध्यान देने वाली है। क्योकि कई बार रोगी के घरवालों को भी इस बात की जानकारी नहीं होती है कि पीड़ित व्यक्ति किस प्रकार की मानसिक तकलीफ से गुजर रहा है, इस कारण वह बिना कुछ सोचे-समझे उस पर झल्लाहट और गुस्सा निकाल देते हैं जिससे स्थिति संभलने की बजाय और ज्यादा बिगड़ सकती है और स्थिति आत्महत्या तक भी पहुंच सकती है।
एहसास करायें उन्हें कि आप के लिए वो अमूल्य हैं -
सबसे जरुरी है कि पीड़ित व्यक्ति के साथ प्यार और समानता के साथ बात करें, उसे इस बात को एहसास ना कराये कि वह कम समझदार, बेवकूफ या पागल है या फिर उसकी बातों की महत्ता उस तरह नहीं है जैसे कि अन्य लोगों की बात की होती है। यह सबसे जरुरी है कि पीड़ित व्यक्ति के माता-पिता, भाई-बहन और दोस्त उसके खोये हुए आत्मविश्वास को दुबारा लाने की कोशिश करें। उस इस बात का गहराई के साथ एहसास दिलाये कि उससे प्यार करने वाले कई लोग इस दुनिया में है, जो उसकी बहुत परवाह करते है। उसे हंसना और खिलखिलाना सिखायें और बीती बातों को भूलकर उसे खुद को मजबूत और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
खुद को बनाएं मजबूत -
वहीं सबसे जरुरी बात ये भी है कि पीड़ित व्यक्ति को खुद भी इस स्थिति से बाहर निकलने की कोशिश करनी चाहिए और उसे खुद से हर बार स्वंय के मस्तिष्क में इस तरह के वाक्य दोहराते रहना चाहिए कि – “मै खुश हूँ.., समझदार हूँ.., मुझे किसी भी प्रकार की चिंता या दुख नहीं है और यदि हैं भी तो मैं जल्दी ही इन सबसे उबर जाऊगाँ... क्योंकि जो जीवन मुझे मिला है वो बहुत ही अनमोल है और इसे मैं व्यर्थ की चिंता करने में नहीं बिता सकता हूँ.. मैं अपने जीवन को लगातार बेहतर.. और बेहतर बनाने के लिए लगातर कोशिश करता रहूँगा....”
करें ईश्वर की भक्ति -
अवसाद से बाहर निकलने का और स्वंय को अंदर से मजबूत बनाने के लिए ईश्वर की अराधना सबसे बेहतर तरीका हो सकता है। जिस भी देवी या देवता में आपकी पूर्ण श्रद्धा हो.. आप उनकी अराधना पूरी श्रद्धा के साथ करें और गीता का अध्ययन करना इस समस्या से बाहर आने में बहुत ही सहायक सिद्ध हो सकता है.. क्योंकि गीता के प्रत्येक अध्याय आपको जीवन की समस्या से बाहर आने और उन्हें सुलझाने के लिए प्रेरित करते है।
क्या कहती है अंतर्राष्ट्रीय रिपोर्ट -
विश्व स्वास्थय संगठन के द्वारा कराया गया एक अध्ययन से इस बात का पता चला है कि भारतीय लोगों के जीवन में चिंता और अकेलापान इस कदर घर गया है कि धीरे-धीरे अधिकांश भारतीय लोग अवसाद के अंधेरों में घिरते जा रहे है और इसका मुख्य कारण यह भी है कि भारतीय लोग काफी भावुक होते है और कई बार इंसान का ज्यादा भावुक होना भी उसके लिए एक बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है। इसके बाद सबसे ज्यादा अवसादग्रस्त लोगों में नीदरलैंड जैसे देश का नाम आता है, जहां 33.6 प्रतिशत लोग अवसाद ग्रस्त है तो वहीं दूसरी तरफ फ्रांस और अमेरिका जैसे देश भी इस समस्या से अछूते नहीं है लेकिन भारत में सबसे अधिक अवसाद ग्रस्त रोगियों का होना एक चिंता का विषय है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इसमें वो लोग भी शामिल हैं जो धन और आर्थिक रुप से संपन्न है यानि अगर इस बात को भी मान लिया जाये कि जिन लोगों के पास धन की कमी है.. वही अवसाद जैसी गंभीर समस्या का शिकार हो सकते हैं तो ये भी पूर्ण रुप से गलत सिद्ध होता है।
प्यार के आगे कुछ नहीं है पैसा -
भागदौड़ की जीवनशैली ने इंसान को इस हद तक तनावग्रस्त बना दिया है कि वह लोगों के बीच होते हुए भी अकेला महसूस करने लगा है और इसीलिए इस बात पर ध्यान देना बहुत जरुरी है कि अपने आस-पास के लोगों को इस बात का एहसास करना बहुत जरुरी है कि वो उनसे प्यार करने वाले लोग इस दुनिया में है और प्यार और विश्वास से जो रिश्ते बनते हैं, वो इतने मजबूत होते हैं कि उन्हें किसी भी प्रकार का अवसाद जकड़ सकता है... क्योकि पैसा, सफलता, ऐशो-आराम वो काम नहीं कर सकते है जो काम प्यार और विश्वास कर सकते हैं।
Tags:-
mental health, depression, brain, logic, strong, healthy mind, happiness, family