घर से बाहर कदम रखते ही हमारी जिंदगी जैसे मीटिंग, आफिस, ट्रैफिक, मैट्रो के बीच फंस कर रह जाती है, लेकिन एक और चीज है जिससे हम रोज दो-चार होते है और वो है “खुद की तुलना दुसरों से करना” हम चाहे मैट्रो में हों, सड़क पर हों, आफिस में हों या फिर कालेज में हों.....हमारे दिमाग में एक बात हमेशा चलती रहती है कि “क्या हम दूसरों से ज्यादा अच्छे लग रहे है या नहीं।” कई बार हम इस विषय पर इतना ज्यादा सोचते हैं कि हम अपनी जिंदगी को इतना कठिन और इस कदर बोझिल बना लेते है कि हम जीने की जगह सिर्फ सांस लेने लगते हैं। कुछ इंसान ऐसे होते है जो इस बात को अच्छी तरह जानते है कि किस तरह अपनी परेशानियों और कमियों को खुद के साथ लेकर चलना तो है, लेकिन खुद पर हावी नहीं होने देना है, इसे जिंदगी जीना कहते हैं लेकिन वहीं दूसरी तरफ ऐसे लोग की बड़ी संख्या है जो अपनी कमियों को सुधारने की वजह उन्हें खुद पर हावी होने का भरपूर मौका देते है। ऐसे लोगों को जिंदगी से हमेशा शिकायतें रहती है। ये लोग जिंदगी को इस तरह जीते है जैसे वो कोई परेशानी हो या फिर कोई बोझ हो, इसे सिर्फ सांस लेना कहते है। ईश्वर ने हमें ये बहुमूल्य जीवन दिया है शायद ये हमें दुबारा ना मिले इसीलिये अपने जीवन का महत्तव हमें गहराई से समझना चाहिये।
खुद की तुलना करना बंद कर दे
“आप जो है जैसे है, बहुत है अच्छे है” इस बात को समझिये। बेशक, कोई भी आपसे कितना भी अच्छा हो, खुद की तुलना दूसरों से करना बिल्कुल बंद कर दे। अगर आप ऐसे लोगों के बारे मे पढ़ेगें जिन्होनें अपने जीवन में एक खास मुकाम बनाया है तो आप पायेंगे कि उन लोगों स्वंय ये मानना है कि “अगर आप दूसरों से खुद की तुलना करते हैं, तो खुद को बेइज्जत करते हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, आप खुद के साथ उस भगवान को भी शर्मिन्दा करते हैं जिसने आप को जन्म दिया है। ईश्वर ने सबको अलग-अलग रुप, प्रतिभा, आकार दिया है लेकिन साथ-ही-साथ भगवान ने आपको एक स्वस्थ दिमाग भी दिया है ताकि आप इसका प्रयोग खुद की तुलना करने के बजाय खुद को सफल और मजबूत बनाने में करें।
स्वंय के स्वभिमान को कभी न गिरने दे
स्वाभिमान का अर्थ घमण्ड नहीं है। स्वाभिमान आपकी वो आंतरिक शक्ति होती है जो आपको प्रेरित करती है, आपको मजबूत बनाती है, आपके डर को काबू में रखती है। भगत सिंह जिन्होनें भारत की युवा शक्ति सबसे ज्यादा प्रेरित किया है उनका कहना था कि “ जो लोग ये मानते है कि मै नास्तिक होने के कारण फांसी से पहले ईश्वर को याद करूंगा, वो गलत है क्योंकि ये मेरे स्वाभिमान के खिलाफ है और मैं किसी भी कीमत पर अपने स्वभिमान को गिरने नहीं दूंगा” यहां स्वाभिमान से मतलब भगत सिंह के घमंड से नहीं, बल्कि उन उसूलों से है जिनके लिये भगत सिंह ने मात्र 23 वर्ष की आयु में ही अपने प्राणों की आहुति देश के लिये दी। इसी तरह हमारा भी ये उसूल होना चाहिये कि हम जैसे भी है, बहुत अच्छे है क्योकि अगर आप खुद की तुलना दूसरों से करते है तो आप असल में खुद को कमजोर बनाते है और एक कमजोर व्यक्ति कभी भी अपने सम्मान की रक्षा नहीं कर सकते। बिना सम्मान के जीवन जीना मात्र सांस लेने के बराबर है क्योकि बिना सम्मान के जीवन जीने का कोई औचित्य नहीं होता है।
खुद के मालिक बने
दूसरों की तारीफ किसे अच्छी नहीं लगती। हम सब चाहते है कि हम कहीं भी जाये, लोग हमारी तारीफ करे, हमें सराहे लेकिन थोड़ा गौर से सोचिये की क्या ये संभव है.... जवाब हम सभी को मालूम है “नहीं”... अल्बर्ट आइंस्टीन के बारे में हम सभी जानते है कि वो एक सफल वैज्ञानिक थे लेकिन एक सफल व्यक्ति के पीछे कितनी असफलताएं छुपी होती है ये कोई नहीं जानना चाहता। लेकिन अल्बर्ट आइंस्टीन उन लोगों में से एक थे जो अपने बचपन के दिनों में काफी मंदबुद्धि बालक के तौर पर जाने जाते थे उनके टीचर और दोस्त उन्हें काफी चिढ़ाते थे लेकिन अल्बर्ट खुद के मालिक थे यानि वो खुद के विचारों से खुद को मोटिवेट करते थे यानि वो उन लोगों में से नहीं थे जो दूसरों के कहे अनुसार खुद का रास्ता तय करें। वो ऐसे लोगों में से नहीं थे कि किसी ने अगर तारीफ की तो खुश और अगर किसी ने मजाक बनाया तो दुखी, वो खुद के विचारों के मालिक थे। सफल लोगों की यही सबसे बड़ी खासियत होती है कि वो किसी को इस बात की इजाजत नहीं देते कि कोई उन्हें ये सलाह दे कि - उन्हें कैसे रहना है, कैसा दिखना है, क्या पहनना है और कैसे जीना है वो इन बातों को छोड़कर सिर्फ अपने लक्ष्य पर ध्यान देते है और इस बात को गहराई से समझते हैं कि वो जैसे है बहुत अच्छे हैं।
अगर आप सांस लेने की बजाय जीना चाहते है तो दूसरों से खुद की तुलना बंद करे और इस बात पर गर्व करे कि आप जैसे भी है, जो भी है, बहुत अच्छे हैं क्योंकि आपका लक्ष्य खुद को खुश रखना है और किसी ने सही कहा है कि खुशी ही वो रास्ता है जिस पर चलने से सफलता मिलती है, सफलता से खुशी नहीं मिलती है।
Tags:-
happiness, success, like yourself, lifestyle, win, victory, happy, smile, goal, target, achieve, सफलता, खुशी, लक्ष्य, सफल लोग, जीवन मंत्र