गंगा दशहरा पूजन विधि
Posted by:
tniranjan
2012-05-30 12:55:51
895 Views
ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी को देवनदी गंगा का मनुष्यमात्र के कल्याण के लिये पृथ्वी पर अवतरण हुआ. अतः यह तिथि उनके नाम पर गंगा दशहरा के नाम से प्रसिद्ध हुई. माना जाता है यदि इस तिथि को सोमवार और हस्त नक्षत्र हो तो यह तिथि सब पापों का हरण करने वाली होती है.
इस तिथि को गंगास्नान एवं श्रीगंगा एवं श्रीगंगाजी के पूजन से दस प्रकार पापों (तीन कायिक, चार वाचिक तथा तीन मानसिक अर्थात् बिना दिये हुये दूसरे की वस्तु लेना, शास्त्र वर्जित हिंसा करना तथा परस्त्रीगमन करना-ये तीन प्रकार के (कायिक) पाप हैं. कटु बोलना, परोक्ष में किसी का दोष कहना तथा निष्प्रयोजन बातें करना वाचिक पाप हैं और दूसरे के द्रव्य को अन्याय से लेने का विचार करना, मन से दूसरे का अनिष्ट चिन्तन करना तथा नास्तिक बुद्धि रखना मानसिक पाप है.) का नाश होता है. इसलिये इसे दशहरा कहा गया है.
इस दिन गंगाजी में अथवा सामर्थ्य न हो तो समीप की किसी पवित्र नदी या सरोवर के जल में स्नानकर अभयमुद्रायुक्त मकरवाहिनी गंगाजी का ध्यान करें और निम्न मन्त्र से आवाहनादि षोडशोपचार पूजन करें.
ॐ नमः शिवायै नारायण्यै दशहरायै गंगायै नमः
इस मंत्र में नमः के स्थान पर 'स्वाहा' शब्द का प्रयोग करके हवन भी करना चाहिये. तत्पश्चात 'ॐ नमो भगवति ऐं ह्रीं श्रीं (वाक्-काम-मायामयि) हिलि हिलि मिलि मिलि गंगे मां पावय स्वाहा' इस मंत्र से पाँच पुष्पपांजलि अर्पित करके गंगा के उत्पत्ति स्थान हिमालय एवं उन्हें पृथ्वी पर लाने वाले राजा भगीरथ का नाममंत्र से पूजन करना चाहिये. पूजा में दस प्रकार के पुष्प, दशांग धूप, दस दीपक, दस प्रकार के नैवेद्य, दस ताम्बूल एवं दस फ़ल होने चाहिये, दक्षिणा भी दस ब्राह्मणों को देनी चाहिये, किन्तु उन्हें दान में दिये जाने वाले यव (जौ) और तिल सोलह-सोलह मुठ्ठी होने चाहिये.
भगवती गंगाजी सर्वपापहारिणी हैं. अतः दस प्रकार के पापों की निवृत्ति के लिये सभी वस्तुयें दस संख्या में ही निवेदित की जाती है. स्नान करते समय गोते भी दस बार लगाये जाते हैं. इस दिन सत्तू का भी दान किया जाता है. इस दिन गंगावतरण की कथा सुनने का भी विधान है.
इस कथा को सुनने और सुनाने पर जाने अंजाने में किये गये सभी पापों का नाश हो जाता है.
Tags:-
ganga dussehra, ganga, devi ganga, ganga maiya, ganga mata, river of ganga, Bhagirathi, ganga puja