गंगा सरस्वती का श्राप
Posted by:
neerus
2012-01-28 01:43:19
1285 Views
आद्याशक्ति परमेश्वरी सम्पूर्ण जगत की कारणभूत हैं. काली, लक्ष्मी और सरस्वती इन तीन रुपों में इनकी अभिव्यक्ति होती है. पूर्वकाल में जब शुम्भ और निशुम्भ ने इन्द्रादि देवताओं के सम्पूर्ण अधिकार छीन लिये, तब देवताओं ने उन दोनों दैत्यों के अत्याचारों से मुक्ति प्राप्त करने के लिये हिमालय पर जाकर देवी भगवती की अनेकों प्रक्रार से स्तुति की. देवताओं की प्रार्थना पर भगवती पार्वती ने प्रकट होकर उन से उनके दुखों का कारण पूछा. सब जान पार्वती देवी के शरीर कोष से उसी समय सरस्वती देवी प्रकट हुई. पार्वती देवी के शरीर कोष से प्रकट होने के कारण ही सरस्वती देवी का एक नाम कौशिकी प्रसिद्ध हुआ. उन्होंने शुम्भ, निशुम्भ तथा धूम्रलोचन आदि राक्षसों का संहार करके देवताओं का संकट दूर किया.
देवी भागवत के अनुसार सरस्वती देवी का प्राकट्य श्रीकृष्ण की जिह्वा के अग्रभाग से हुआ. उन्होनें सरस्वती जी को भगवान नारायण को समर्पित कर दिया. सबसे पहले भगवान श्री कृष्ण ने ही संसार में सरस्वती जी की पूजा प्रचारित की.पूर्वकाल में भगवान नारायण की तीन पत्नियाँ थी. लक्ष्मी, गंगा और सरस्वती. तीनों ही बड़े प्रेम के साथ भगवान नारायण की सेवा में रहती थीं. एक दिन भगवान की ही इच्छा से एक घटना हो गई. जिससे गंगा और सरस्वती को भगवान के चरणों से कुछ समय के लिए दूर हट जाना पड़ा. एक बार भगवान नारायण जब अन्तः पुर में पधारे तब तीनों देवीयाँ एक स्थान पर बैठकर परस्पर प्रेमालाप कर रही थी. भगवान को देखते ही तीनों देवियाँ उनके स्वागत के लिए खड़ी हो गई परन्तु गंगा ने विशेष प्रेमपूर्ण दृष्टि से भगवान की ओर देखा, भगवान ने भी उनकी ओर उसी दृष्टि से देखकर हँस दिया और बाहर चले गये. सरस्वती जी ने गंगा के इस बर्ताव को अनुचित बताकर उनके प्रति आक्षेप किया. गंगा जी ने भी कठोर शब्दों में सरस्वती जी का प्रतिवाद किया. दोनो में वाद-प्रतिवाद कुछ इतना अधिक हुआ कि गुस्से में दोनों ने एक दूसरे को नदी होने का शाप दे दिया.
भगवान नारायण जब दुबारा अन्तःपुर लौट कर आये तो देवियाँ प्रकृतिस्थ हो चुकी थीं. अब उन्हें अपनी भूल का अहसास हुआ. वे भगवान के चरणों से अलग होने के भय से दुखी होकर रोने लगीं. उनकी व्याकुलता से द्रवित होकर भगवान ने कहा - तुम लोग अपने एक अंश से नदी होओगी, शेष अंश से तुम्हारा निवास हमारे पास ही रहेगा. सरस्वती एक अंश से नदी होंगी. एक अंश से इन्हें ब्रह्माजी के पास रहना पड़ेगा, तथा शेष अंश से ये मेरे ही पास रहेंगी. कलियुग के पाँच हजार वर्ष बीतने के बाद तुम दोनों का शाप से उद्धार हो जाएगा. भगवान के आदेशानुसार सरस्वती जी भारत वर्ष में अंशतः अवतीर्ण होकर 'भारती' कहलायीं. दूसरे अंश से ब्रह्माजी की पत्नी होने के कारण उनकी ' ब्राह्मी ' नाम से प्रसिद्धि हुई.
Tags:-
basant panchami, basant panchami festival, saraswati, goddess saraswati, sarasvati, saraswati vandana, saraswati mantras, mata saraswati, saraswati mata, saraswati poojan, lakshmi, ganga, lord Vishnu