गुरु शब्द की व्याख्या कई प्रकार से की जाती है. उदाहरणार्थ-
(अ) 'गरति सिंचति कर्णयोर्ज्ञानामृतम् इति गुरुः'
अर्थात् जो शिष्य के कानों में ज्ञानरुपी अमृत का सिंचन करता है, वह गुरु है ('गृ सेचने भ्वादिः')
(आ) 'गिरति अज्ञानान्धकारम् इति गुरुः' अर्थात् जो अपने सदुपदेशों के माध्यम से शिष्य के अज्ञानरुपी अन्धकार को नष्ट कर देता है, वह गुरु है ('गृ निगरणे तुरादिः')
(इ) 'गृणाति धर्मादिरहस्यम् इति गुरुः'
अर्थात् जो शिष्य के प्रति धर्म आदि ज्ञातव्य तथ्यों का उपदेश करता है. वह गुरु है. (गृ शब्दे क्र्यादिः')
(ई) 'गारयते विज्ञापयति शास्त्ररहस्यम् इति गुरुः'
अर्थात् जो वेदादि शास्त्रों के रहस्य को समझा देता है, वह गुरु है ('गृ विज्ञाने चुरादिः')
शिष्य वर्ग में अपने गुरु को ब्रह्मा, विष्णु, महेश और परब्रह्म के समक्ष मानने की यह सुक्ति बहुत प्रचलित है. -
गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुर्गुरुर्देवो महेश्वरः
गुरु साक्षात् परं ब्रह्म तस्मै श्रीगुरवे नमः
महर्षि याज्ञवल्क्य ने लिखा है-
उपनीय गुरुः शिष्यं महाव्याहृतिपूर्वकम्.
वेदमध्यापयेनदनं शौचाचारांश्च शिक्षयेत्.
(याज्ञवल्क्यस्मृति 1/2/15)
अर्थात् उपनयन की विधि सम्पन्न हो जाने पर गुरु अपने शिष्य को 'भूः' 'भुवः', 'स्वः' - इन व्याहृतियों का उच्चारण कराकर वेद पढ़ायें और दन्तधावन एवं स्नान आदि के द्वारा शौच के नियमों को सिखाये तथा उसके हितार्थ आचार की भी शिक्षा दे.
आचार परम धर्म माना गया है. इसके सम्बन्ध में शास्त्रों में बहुत कुछ लिखा गया है.
गुरुतम गुरु - प्रायः सभी व्यक्तियों के गुरु पृथक-पृथक होते हैं परन्तु श्रीभगवान तो सभी के गुरु हैं. वे लोक-पितामह ब्रह्माजी के भी गुरु हैं - 'पूर्वेषामपि गुरुः कालेनानवच्छेदात्' (योगदर्शन 1/26)
ब्रह्माजी ने सर्ग के आरम्भ में श्रीविष्णु भगवान से ही वेद-विद्या प्राप्त की थी-
यो ब्रह्माणं विदधाति पूर्वं यो वै वेदांश्च प्रहिणोति तस्मै.
(श्वेताश्वतरोपनिषद् 6/18)
'तेने ब्रह्म हृदा य आदिकवये' अतएव श्रीभगवान को 'गुरुतम् गुरु' मानना समीचीन है. ऐसे सद्गुरु भगवान नारायण को बार-बार प्रणाम है-'कृष्णं वन्दे जगद्गुरुम्.
Tags:-
Guru, guru purnima, guru mantra, guru purnima puja, guru purnima puja procedure, guru purnima puja vidhi, do guru purnima puja