छठ पूजा
Posted by:
tniranjan
2011-10-28 03:36:19
700 Views
सूर्योपासना का अद्भुत, अनुपम, लोकपर्व ‘छठ पूजा’ कार्तिक शुक्ल की षष्ठी को मनाया जाता है। सूर्य षष्ठी व्रत होने के कारण इस पर्व को छठ कहा गया है। दीपावली के छठे दिन से शुरु होने वाला यह छठ पर्व चार दिनों तक चलता है। इन चारों दिन श्रद्धालु भगवान सूर्य की आराधना करके अपने परिजनों के उत्तम स्वास्थ्य व लम्बी उम्र की कामना करते हैं। यह प्रायः महिलाओं द्वारा किया जाता है, परन्तु यह व्रत महिला व पुरुष दोनो ही समान रुप से कर सकते हैं।
व्रत विधान
छठ का व्रत एक कठिन तपस्या की तरह किया जाता है। व्रत करने वाले को लगातार चार दिनों का व्रत रखना होता है।
पहले दिन अर्थात् शुक्ल पंचमी को व्रत करने वाला गंगा स्नान करके गंगा जल घर लाते हैं। इस दिन को ' नहाय खाय ' के रुप में मनाया जाता है। इसमें स्वछता और शुद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इसके लिए छठ का व्रत करने वाला शुद्ध शाकाहारी भोजन ग्रहण कर व्रत की शुरुआत करता है। व्रती के भोजन करने के बाद ही घर के अन्य सदस्य भोजन ग्रहण करते हैं। पहले दिन के भोजन में कद्दू, चने की दाल और चावल होता है।
दूसरे दिन अर्थात् कार्तिक शुक्ल पंचमी को व्रती फ़िर दिन भर उपवास रखकर शाम को उपवास तोड़ देते हैं। शाम को करने वाले भोजन को खरना कहा जाता है। खरना का प्रसाद गन्ने के रस में बने हुए चावल की खीर के साथ दूध, चावल का पीट्ठा और घी चुपड़ी रोटी बनाई जाती
है। इसमें नमक या चीनी का उपयोग नही किया जाता।
तीसरे दिन अर्थात् कार्तिक शुक्ल षष्ठी को व्रती व्रत रहकर पूरे दिन पूजा के लिए सामग्री तैयार करते हैं। इस सामग्री में कम से कम पाँच किस्म के फ़लों का होना जरुरी होता है। केले का कांधी व ठेकुआ टोकरी में सजाकर सूप में जलता हुआ दिया अपने सामने रखकर छठ का गीत गाया जाता है। फ़िर शाम को जलाशयों या गंगा में खड़े रहकर व्रती सूर्य देव की उपासना करते हैं, और उन्हें अर्घ्य देते हैं।
चौथे दिन अर्थात् कार्तिक शुक्ल सप्तमी की सुबह फ़िर सूर्य के उदय होने से पहले तट पर खड़े होकर सूर्योदय का इंतजार किया जाता है। सूर्योदय होते ही सूर्य दर्शन के बाद व्रत धारियों का अनुष्ठान पूरा हो जाता है, फ़िर कच्चे दूध का शरबत पीकर तथा थोड़ा प्रसाद खाकर व्रत की समाप्ती होती है
Tags:-
chhath pooja, chhath, chhath puja, bihar chhath puja, chhath puja in bihar, 6 days from diwali