माँ दुर्गा के छठें रूप को माँ कात्यायनी के नाम से पूजा जाता है. महर्षि कात्यायन की तपस्या से प्रसन्न होकर, माँ दुर्गा ने उनके घर पुत्री के रूप में जन्म लिया. महर्षि कात्यायन के घर जन्म लेने के कारण देवी का नाम कात्यायनी पड़ा.
देवी कात्यायनी अमोद्य फलदायिनी हैं, इनकी पूजा अर्चना द्वारा सभी संकटों का नाश होता है, माँ कात्यायनी दानवों तथा पापियों का नाश करने वाली हैं. देवी कात्यायनी जी के पूजन से भक्त के भीतर अद्भुत शक्ति का संचार होता है. इस दिन साधक का मन ‘आज्ञा चक्र’ में स्थित रहता है.
माँ कात्यायनी का स्वरूप अत्यन्त दिव्य और स्वर्ण के समान चमकीला होता है. यह अपनी प्रिय सवारी सिंह पर विराजमान रहती हैं. इनकी चार भुजायें भक्तों को वरदान देती हैं, इनका एक हाथ अभय मुद्रा में है, तो दूसरा हाथ वरदमुद्रा में होता है अन्य हाथों में तलवार तथा कमल का फूल होता है.
पूजा विधि :
दुर्गा पूजा के छठें दिन भी सर्वप्रथम कलश और उसमें उपस्थित देवी-देवता की पूजा करें, फिर माँ कात्यायनी के परिवार में शामिल देवी देवता की पूजा करें. पूजा की विधि शुरू करने से पहले हाथों में फूल लेकर देवी को प्रणाम कर इस मंत्र का ध्यान करें.
या देवी सर्वभूतेषु माँ कात्यायनी रूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।
तत्पश्चात माँ कात्यायनी की पूजा षोडशोपचार (गंध, पुष्प, धूप, दीप और नैवेद्य, इन पाँच सामग्री से किया जानेवाला पूजन) करें . माँ कात्यायनी की पूजा करने के बाद माता को शहद का भोग लगाया जाता है. तत्पश्चात भोले शंकर की पूजा करें व सबसे अंत में ब्रह्मा जी के नाम से जल, फूल, अक्षत, सहित सभी सामग्री हाथ में लेकर “ॐ ब्रह्मणे नम:” कहते हुए सामग्री भूमि पर रखें, व देवी कात्यायनी का ध्यान कर दुर्गा सप्तशती का पाठ करें. मंत्र, स्तोत्र पाठ, कवच के जाप के साथ घी व कपूर मिलाकर देवी की आरती करें. अंत में दोनों हाथ जोड़कर सभी देवी देवताओं को प्रणाम करें और क्षमा प्रार्थना करें “आवाहनं न जानामि न जानामि वसर्जनं, पूजां चैव न जानामि क्षमस्व परमेश्वरी तथा शाम के समय में मां दुर्गा की आरती करें व प्रसाद वितरण करें. जो भक्त माँ कात्यायनी की भक्ति-भाव सहित पूजन करते हैं उसे देवी की कृपा प्राप्त होती है. माँ कात्यायनी की भक्ति से मनुष्य को अर्थ, कर्म, काम, मोक्ष की प्राप्ति हो जाती है.
Tags:-
Navratri, Bhakti, God, Durga Puja, Sixth Day, Dandiya ki Dhoom, Puja-Vidhi, Maa Katyayani, Lord Shiva, Maa Durga, Durga Saptashati, माँ कात्यायनी, देवी दुर्गा