दशहरे पर करें नीलकण्ठ पक्षी के दर्शन
Posted by:
diwaker
2011-10-06 11:12:13
628 Views
''विजया दशमी'' पर्व अश्विन शुक्ल दशमी को मनाया जाता है. इस पर्व के लिये श्रवण नक्षत्र युक्त, प्रदोषव्यापिनी, नवमीविद्धा दशमी प्रशस्त होती है. विजयदशमी का त्यौहार वर्षा-ऋतु की समाप्ति तथा शरत् के आरम्भ का सूचक है.
प्राचीनकाल में यह पर्व क्षत्रियों और ब्राह्मणों के लिये बहुत बड़ा पर्व था. इस दिन ब्राह्मण लोग सरस्वती पूजन तथा क्षत्रिय शस्त्रपूजन करते थे. आज भी इस पर्व पर ब्राह्मण लोग सरस्वती पूजन करते हैं. दुर्गा विसर्जन, अपराजिता-पूजन, विजय-प्रयाण, शमीपूजन तथा नवरात्रपारण इस पर्व के महान कर्म हैं. इस दिन संध्या के समय नीलकण्ठ पक्षी का दर्शन शुभ माना जाता है.
इस दिन प्रातःकाल देवी का विधिवत् पूजन करके नवमीविद्धा दशमी में विसर्जन तथा नवरात्र का समापन करना चाहिये. इस दिन विधिपूर्वक अपराजिता देवी के साथ जया तथा विजया देवियों के पूजन का भी विधान है और सायंकाल में दशमीपूजन तथा सीमोल्लंघन का विधान है. भारत वर्ष के कोने-कोने में इस पर्व से कुछ दिन पूर्व ही रामलीलाएँ शुरु हो जाती हैं. सूर्यास्त होते ही रावण, कुम्भकर्ण तथा मेघनाद के पुतले जलायें जाते हैं. इस पर्व को भगवती (विजया) के नाम पर विजयादशमी कहते हैं इस दिन भगवान श्रीरामचन्द्र जी ने रावण का वध किया था. इसलिये भी इस पर्व को विजया दशमी कहा जाता है. प्राचीनकाल में राजा लोग इसी दिन अपनी विजय यात्रा आरम्भ करते थे. वैश्य अपने बही - खातों का पूजन भी इसी दिन किया करते हैं.
यह पर्व देश में अनेकों प्रकार से मनाया जाता है. राजस्थान आदि कुछ प्रदेशों की परम्परा के अनुसार इस दिन घरों में भी गेरु से दशहरा माँडकर जल, रोली और चावल से पूजा की जाती है. पूजन में चावल, मूली तथा गुबारफ़ली चढ़ाई जाती है और दीप, धूप से आरती होती है. दशहरा पर जो दो गोबर की हाँड़ी रखी जाती है, उनमें से एक में तो रुपया तथा दूसरी में फ़ल, रोली एवं चावल रखकर दोनों हांड़ियों को ढ़ंक दिया जाता है. थोड़ी देर बाद हाँड़ी में से रुपया निकालकर अलमारी में रख लिया जाता है. बही-बसने की भी पूजा करके रोली,चावल चढ़ाया जाता है. बहियों पर नवरात्र का नववांकुर (जवार) भी चढ़ाया जाता है.
Tags:-
दशहरे पर करें नीलकण्ठ पक्षी के दर्शन