देवी क्यों कहलाई माता दुर्गा
Posted by:
Vineet1988
2015-03-20 06:01:37
790 Views
शिवपुराण के अनुसार भगवती श्रीदुर्गा के आविर्भाव की कथा इस प्रकार है. प्राचीन काल में दुर्गम नामक एक महाबली दैत्य उत्पन्न हुआ उसने ब्रह्मा जी के वरदान से चारों वेदों को लुप्त कर दिया. वेदों के अदृश्य हो जाने से सारी वैदिक क्रिया बन्द हो गई. उस समय ब्राह्मण और देवता भी दुराचारी हो गये. न कहीं दान होता था, न तप किया जाता था. न यज्ञ होता था न होम ही किया जाता था. इसका परिणाम यह हुआ कि पृथ्वी पर सौ वर्षों तक वर्षा बन्द हो गई. तीनों लोकों में हाहाकार मच गया. सब लोग अत्यन्त दुखी हो गये. कुआँ, बावड़ी, सरोवर, सरिता और समुद्र सभी सूख गये. सभी लोग भूख-प्यास से संतप्त होकर मरने लगे. प्रजा के महान दुःख को देखकर सभी देवता महेश्वरी योगमाया की शरण में गये.
देवताओं ने भगवती से कहा- महामाये! अपनी सारी प्रजा की रक्षा करो. सभी लोग अकाल पड़ने से भोजन और पानी के अभाव में चेतनाहीन हो रहे हैं. तीनों लोकों में त्राहि-त्राहि मची है. माँ! जैसे आपने शुम्भ-निशुम्भ, चण्ड़-मुण्ड, रक्तबीज, मधुकैटभ तथा महिष आदि असुरों का वध करके हमारी रक्षा की थी, वैसे ही दुर्गमासुर के अत्याचार से हमारी रक्षा कीजिये.
देवताओं की प्रार्थना सुनकर कृपामयी देवी ने उन्हें अपने अनन्त नेत्रों से युक्त स्वरुप का दर्शन कराया. तदन्तर पराम्बा भगवती ने अपने अनन्त नेत्रों से अश्रुजल की सहस्त्रों धारायें प्रवाहित की. उन धाराओं से सब लोग तृप्त हो गये और समस्त औषधियाँ भी सिंच गयी. सरिता और समुद्रों में अगाध जल भर गया. पृथ्वी पर साक और फ़ल मूल के अंकुर उत्पन्न होने लगे. देवी की इस कृपा से देवता और मनुष्यों सहित सभी प्राणी तृप्त हो गये. उसके बाद देवी ने देवताओं से पूछा - अब मैं तुम लोगों का और कौन सा कार्य सिद्ध करुं? देवताओं ने कहा - माँ ! जैसे आपने समस्त विश्व पर आये अनावृष्टि के संकट को हटाकर सबके प्राणों की रक्षा की है, वैसे ही दुष्ट दुर्गमासुर को मारकर और उसके द्वारा अपहृत वेदों को लाकर धर्म की रक्षा किजिये. देवी ने 'एवम्स्तु' कहकर देवताओं को संतुष्ट कर दिया. देवता उन्हें प्रणाम करके अपने स्थान पर लौट गये. तीनों लोकों में आनन्द छा गया. जब दुर्गमासुर को इस रहस्य का ज्ञान हुआ, तब उसने अपनी आसुरी सेना को लेकर देवलोक को घेर लिया. करुणामयी माँ ने देवताओं को बचाने के लिये देवलोक के चारों ओर अपने तेजोमण्डल की एक चार दीवारी खडी कर दी और स्वयं घेरे बाहर आ डटीं.
देवी को देखते ही दैत्यों ने उन पर आक्रमण कर दिया. इसी बीच देवी के दिव्य शरीर से काली, तारा, छिन्नमाता, श्रीविद्या, भुवनेश्वरी, भैरवी, बग्लामुखी, घूमावती, त्रिपुरसुन्दरी और मातंगी-ये दस महाविद्यायें अस्त्र-शस्त्र लिये निकली तथा असंख्य मातृकायें भी प्रकट हुई. उन सब ने अपने मस्तक पर चन्द्रमा का मुकुट धारण कर रखा था. इन शक्तियों ने देखते ही देखते दुर्गमासुर की सौ अक्षौहिणी सेना को काट ड़ाला. इसके बाद देवी ने दुर्गमासुर का अपने तीखे त्रिशूल से वध कर ड़ाला और वेदों का उद्धार कर उन्हें देवताओं को दे दिया. दुर्गमासुर को मारने के कारण उनका दुर्गा नाम प्रसिद्ध हुआ. शताक्षी और शाकम्भरी भी उन्हीं के नाम हैं. दुर्गतिनाशिनी होने के कारण भी वे दुर्गा कहलाती हैं.
Tags:-
Mata durga, devi durga, bhagvati durga, rakshas, devta, durgmasur, chand-mund, mahishasur