धन तेरस पर करें यमराज की पूजा
Posted by:
diwaker
2011-10-21 05:12:31
845 Views
कार्तिकमास के कृष्णपक्ष की त्रयोदशी 'त्रयोदशी' धनतेरस कहलाती है. पुराणों के अनुसार इस दिन देवी लक्ष्मी व भगवान धन्वन्तरि की उत्पत्ति हुई थी. इसीलिये इस दिन देवी व भगवान धन्वन्तरि की पूजा का विधान माना जाता है परन्तु वस्तुतः यह यमराज से सम्बन्ध रखनेवाला व्रत है. इस दिन यमराज पूजा के पीछे एक लोक कथा है, कथा के अनुसार -
एक बार यमराज ने अपने दूतों से कहा कि तुम लोग मेरी आज्ञा से मृत्युलोक के प्राणियों के प्राण हरण करते हो, क्या तुम्हें ऐसा करते समय कभी दुख भी हुआ है या कभी दया भी आई है? इस पर यमदूतों ने कहा ! महाराज हम लोगों का कर्म अत्यन्त क्रूर है. परन्तु किसी युवा प्राणी की असामयिक मृत्यु पर उसका प्राण हरण करते समय वहाँ का करुण क्रन्दन सुनकर हम लोगों का पाषाण हृदय भी विचलित हो जाता है. एक बार हम लोगों को एक राजकुमार के प्राण उसके विवाह के चौथे दिन ही हरण करने पड़े. उस समय वहाँ का करुणक्रन्दन, चीत्कार और हाहाकार देख-सुनकर हमें अपने कृत्य से अत्यन्त घृणा हो गई. उस मंगलमय उत्सव के बीच हम लोगों का यह कृत्य अत्यन्त घृणित था. इससे हम लोगों का हृदय अत्यन्त दुखी हो गया. अतः हे स्वामी ! कृपा करके कोई ऐसी युक्ति बताईये जिससे ऐसी असामायिक मृत्यु न हो.
इस पर यमराज ने कहा कि जो धन तेरस के पर्व पर मेरे उद्देश्य से दीपदान करेगा, उसकी आसामायिक मृत्यु नही होगी
इसीलिये इस दिन सायंकाल घर के बाहर मुख्य दरवाजे पर एक पात्र में अन्न रखकर उसके ऊपर यमराज के निमित्त दक्षिणाभिमुख दीपदान करना चाहिये तथा उसका गन्धादि से पूजन करना चाहिये. दीपदान करते समय निम्नलिखित प्रार्थना करनी चाहिये-
मृत्युना पाशहस्तेन कालेन भार्यया सह
त्रयोदश्यां दीपदानात्सूर्यजः प्रीयतामिति
यमुना जी यमराज की बहन हैं इसलिये धनतेरस के दिन यमुना स्नान का भी विशेष महात्म्य है. यदि पूरे दिन का व्रत रखा जा सके तो अत्युत्तम है, किन्तु संध्या के समय दीपदान अवश्य करना चाहिये.
Tags:-
Dhanteras, dhanteras festival, dhanteras 2011, dhanteras history, dhanteras katha, dhanteras ki puja, dhanteras laxmi puja, dhanteras puja, lord dhanvantari, lord yamraj, yamraj, yamuna