धोबी ने लिया था देवी सीता से बदला
Posted by:
tniranjan
2011-05-10 07:16:57
884 Views
जिन देवी कीर्ति सम्पूर्णं जगत को पवित्र करने वाली है. उन्हीं जानकी देवी को गर्भिणी अवस्था में श्रीराम से अलग क्यों होना पड़ा. क्यों धोबी ने देवी सीता के प्रति निन्दायुक्त वचन कहें ? पुराणों के अनुसार धोबी ने यह सब बातें एक साज़िश के तहत कही थी. इसके बारें में कथा है कि मिथिला नामक महापुरी के राजा जनक की पुत्री जानकी रति से भी बढ़कर भी सुन्दर थी. भुवन मोहिनी शोभा से सम्पन्न, परम सुन्दरी जानकी एक दिन सखियों के साथ उद्यान में खेल रही थी. वहाँ उन्हें शुक पक्षी का प्यारा जोड़ा दिखाई दिया. वे दोनों पक्षी ड़ाल पर बैठे बातें कर रहे थे कि - पृथ्वी पर एक श्रीराम नाम से प्रसिद्ध राजा होंगे. उनकी महारानी सीता के नाम से विख्यात होंगी. श्रीरामचन्द्र बड़े बुद्धिमान और बलवान होंगे. सभी राजाओं को अपने वश में रखते हुए ग्याहरह हजार वर्षो तक राज्य करेंगे. श्रीराम सीता एक दूसरे को प्राप्त होकर .......
शुक जोड़े की ऐसी बातें सुनकर देवी जानकी ने सोचा की यह दोनों मेरे जीवन की मनोहर कथा कह रहें हैं. इनको पकड़कर सारी बातें जानना चाहिए. ऐसा सोच उन्होंने अपनी सखियों से कहा यह पक्षियों का जोड़ा बहुत सुन्दर है. तुम लोग चुपके से जाकर इसे पकड़ लाओ. सखियाँ उन दोनों पक्षियों को पकड़ लाई. तब देवी सीता पक्षियों से बहुत ही प्रेम से बोली- तुम दोनों बहुत ही सुन्दर हो, मुझसे ड़रना नही. बस तुम यह बताओ की तुम कौन हो? और कहाँ से आए हो? सीता कौन हैं? तुम्हें उनकी जानकारी कैसे हुई ?
जानकी के इस प्रकार पूछने पर दोनों पक्षी सब बातें बताने लगे कि - वाल्मीकि नाम से प्रसिद्ध एक बहुत बड़े महर्षि हैं. जो धर्मज्ञों में श्रेष्ठ मुनि माने जाते हैं. हम दोनों उन्हीं के आश्रम में रहते हैं. महर्षि ने रामायण नाम का एक ग्रन्थ बनाया है. जो सदा ही मन को प्रिय जान पड़ता है. हम लोगों ने उसे पूरा-पूरा सुना है. बार-बार उसका गान और पाठ सुनने से हमें भी उसका ज्ञान हो गया है. तब पक्षियों ने रामायण से सम्बंधित, कानों को अत्यन्त मधुर प्रतीत होने वाली बातें देवी जानकी को बताई. उसके बाद पक्षियों ने उनसे जाने की आज्ञा मांगी. लेकिन देवी जानकी प्रश्न पर प्रश्न किये जा रही थी. वह सम्पूर्ण रामायण जानना चाहती थी. वह पक्षियों से बोली की मेरे मन को लुभाने वाले श्रीराम जब यहाँ आकर मुझे स्वीकार करेंगे तभी मैं तुमको छोड़ूंगी. अन्यथा नही. क्योंकि अपने वचनों से तुमने मेरे मन में लोभ उत्पन्न कर दिया है. अब तुम इच्छानुसार खेल करते हुए मेरे घर में सुख से रहो और मीठे-मीठे पदार्थ भोजन करो. यह सुन शुकी ने जानकी से कहा- देवी हम वन के पक्षी हैं. पेड़ों पर रहते हैं और सर्वत्र विचरण करते हैं. हमें तुम्हारे घर सुख नही मिलेगा. मैं गर्भिणी हूँ. अपने स्थान जाकर बच्चे पैदा करुंगी. उसके बाद फ़िर तुम्हारें यहाँ आ जाउँगी.
उसके ऐसा कहनें पर भी सीता ने उसे नही छोड़ा. तब उसके पति ने विनीत वाणी में उत्कण्ठित होकर कहा - देवी ! मेरी भार्या को छोड़ दो. यह गर्भिणी है. जब यह बच्चा जन्म दे लेगी, तब इसे लेकर फ़िर तुम्हारे पास आ जाऊंगा. तोते के ऐसा कहने पर भी सीता ने उसे नही छोड़ा. वह बोली - मैं इसे अपने पास बड़े सुख से रखूंगी. तब शुक ने देवी से अनेकों प्रकार से शुकी को छोड़ने की प्रार्थना की. किन्तु जानकी ने उसकी पत्नी को नही छोड़ा. तब उसकी भार्या ने क्रोध और दुख से आकुल होकर जानकी को शाप दिया - जिस प्रकार तू मुझे गर्भावस्था में पति से विलग कर रही है, वैसे ही तुझे भी गर्भिणी की अवस्था में अपने पति से अलग होना पड़ेगा. ऐसा कहकर पति वियोग में उसके प्राण निकल गए. भार्या की मृत्यु हो जाने पर पक्षी शोक से आतुर होकर बोला - मैं मनुष्यों से भरी हुई श्रीराम नगरी अयोध्या में जन्म लुंगा, तथा मेरे ही वाक्य से उद्वेग में पड़कर तुम्हें पति वियोग का भारी दुःख उठाना पड़ेगा. क्रोध और सीता से अपमान का बदला लेने के लिए ही शुक का धोबी की योनि में जन्म हुआ. उसी धोबी के कथन से ही सीता जी निन्दित हुई. और उन्हें पति वियुक्त होना पड़ा. धोबी के रुप में उत्पन्न हुए उस तोते का शाप ही सीता का पति से विछोह कराने में कारण हुआ, और इसी से वह वन में गयी.
Tags:-
devi sita, goddess sita, sita ram, birds, ayodhya, dhobi, devi janki, valmiki, देवी सीता, सीता, अयोध्या, पक्षी, राम सीता,धोबी ने लिया था देवी सीता