पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन की पेशवाई में बाबा रामदेव
Posted by:
vikasg21
2013-01-11 07:29:30
743 Views
प्रयाग में हो रहे दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक मेले महाकुंभ में विश्व भर के साधु-संतों का प्रवेश शुरू हो गया है.. देश के सभी प्रमुख अखाड़े अपने-अपने अंदाज में मेला क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं.. अखाड़ों की पेशवाई में राष्ट्र और समाज से जुड़े सभी ज्वलंत मुद्दों पर भी प्रकाश डाला जा रहा है.. इसी क्रम में बृहस्पतिवार को पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन की भी पेशवाई हुई.. इसकी शोभा यात्रा में तो जैसे पूरे भारत की संस्कृतियों का संगम नजर आया.. इसमें गुजरात का डांडिया, पंजाब का भांगड़ा और अपने अंदाज में थिरकते यूपी के युवा.. ढोल, मजीरा और बैंडबाजों के बीच नगाड़े का टंकारा, हाथ बांधे नृत्य करती देशी-विदेशी महिलाएं और सड़क के दोनों ओर संतों की शोभा यात्रा को आंखे फाड़ निहार रहे हजारों लोग.. भव्य और शाही अंदाज में पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन ने कुंभ नगरी प्रयाग में प्रवेश किया.. हिन्दुओं के इस महापर्व में बड़ा उदासीन की पेशवाई में शामिल होने योगगुरु बाबा रामदेव भी पहुंचे.. इस शोभयात्रा में शामिल बाबा रामदेव मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहे.. फूलों से सजे रथ और सोने-चांदी से बने गंगाजमुनी सिंहासन पर सवार बाब रामदेव को देखने और स्वागत की लालसा लोगों में सबसे अधिक नजर आयी..
आचार्य महामंडलेश्वरों, महामंडलेश्वरों और महंतों की रथ श्रृंखला में पीठाधीश्र्वर महेश्र्वरानंद, दर्शनपुरी, हरिचेतनानंद, तपस्वी पूरनदास, दर्शन पुरी, सुखदेवानंद, रघुमुनि, दुर्गादास जैसे संत थे.. इस शोभायात्रा का जगह-जगह लोगों ने फूल की वर्षा कर स्वागत किया.. इससे पहले रामबाग के पथरचट्टी मैदान पर पूजन अर्चन के साथ ही पेशवाई शुरु हुई.. जिसमें सबसे आगे अखाड़े के इष्टदेव थे.. फूलों से सजे रथ और सोने-चांदी से बने गंगाजमुनी सिंहासन पर सवार संतों की सवारी जब आगे बढ़ी तो फूलों की वर्षा कर संतों का आशीर्वाद लेने की होड़ मच गयी.. बाबा रामदेव के भक्तों ने तो पूरे रास्ते उनका स्वागत किया.. कमांडों से घिरे होने के बावजूद भी बाबा के रथ के करीब पहुंचने की होड़ लगी रही.. भक्तों की ओर से उन पर फूलों से भरी टोकरियों से भी फूल बरसाए गए.. इसके अलावा जिन रास्तों से शोभायात्रा निकली उसके किनारे बने मकानों की छतों से भी फूल बरसाए गए.. बाबा रामदेव भी प्रसन्न मुद्रा में पूरे रास्ते उनका अभिवादन स्वीकार करते रहे.. शोभा यात्रा के साथ संगम नगरी पहुंचे बाबा रामदेव ने भारतीय सैनिकों की बर्बरता पूर्वक हत्या के मामले में पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि अब वक्त आ गया है कि भारत इसका सख्ती से जवाब दे..
हालांकि बाब रामदेव द्वारा इस तरह से शोभायात्रा में शामिल होने पर तथाकथित कुछ अखाड़ों ने नाखुशी जाहिर करते हुए आरोप लगाया है कि बाबा रामदेव उदासीन सम्प्रदाय के बड़े पंचायती अखाड़े की पेशवाई में दूसरे साधु-संतों की तरह ऐसे शाही रथ पर सवार होकर निकले थे जिस पर केवल महामंडलेश्वरों या किसी वरिष्ठ संत को ही बैठाए जाने की परंपरा है... लेकिन योगगुरु बाबा रामदेव कोई संत नहीं हैं.. वह तो केवल योग शिक्षक हैं.. जबकि इस बारे में बाबा रामदेव का कहना है कि मैं तो फकीर हूं.. मुझे अखाड़े के पंचों ने जैसा निर्देश दिया, मैंने वैसा ही किया...
Tags:-
पेशवाई, शोभायात्रा, योगगुरु, रामदेव, बाबा रामदेव, पंचायती, अखाड़ा, उदासीन, कुंभ, महामंडलेश्वर,Ramde