बुद्ध की भिक्षुओं को खुशखबरी
Posted by:
diwaker
2011-11-17 11:23:45
772 Views
एक बार बुद्ध ने अपने दस हजार भिक्षुओं को एक साथ एकत्रित किया और कहा- आज मैं तुम सबको एक बहुत ही प्रसन्नता की बात बताने जा रहा हूँ. यह सुनते ही भिक्षुओं के मन में खुशी की लहर दौड़ पड़ी पर दूसरे पल जैसे ही बुद्ध ने कहा कि आज मैं अपने प्राण त्यागने जा रहा हूँ, अगर इस समय अभी भी किसी शिष्य के अन्तर्मन में कोई जिज्ञासा हो, कोई शंका-विशंका हो, तो तुम उसका समाधान पूँछ सकते हो, क्योकि प्राण त्यागने से पूर्व मैं तुम्हारी जिज्ञासाओं को शान्त करके जाना चाहता हूँ.
यह सुनना ही था कि सभी भिक्षुओं के चेहरे पर खुशी की जगह उदासी छा गयी. देखते ही देखते मौन भिक्षुओं के आंखों में अश्रुधारा बहने लगी. सारे भिक्षु बुद्ध भगवान के चरणों गिर पड़े और एक स्वर में कह उठे. 'हे महात्मन! हमारे मन में ऐसी कोई भी शंका नही है, ऐसी कोई रिक्तता नही है, जिसे आपने अपने ज्ञान से पूर्ण न किया हो. हम सब आपके कृतज्ञ हैं.
यह संतोषप्रद उत्तर सुनने के बाद बुद्ध ने पहले अपने शरीर और फ़िर हृदय का धीरे-धीरे क्रमशः त्याग किया. पर जैसे ही वे प्राण त्यागने जा रहे थे, वर्णन आता है कि वैशाली का एक किसान दौड़ा हुआ आया और कहने लगा कि - हे बुद्ध! आप हमारे यहाँ बहुत दिनों तक रहे, पर मैं आपसे कुछ नही पूछ सका. अभी भी मेरे अन्तर्मन में कुछ प्रश्न शेष हैं, जिनका समाधान में आपसे चाहता हूँ. यह सुनना ही था कि वह बुद्ध जो लोगों की दृष्टि में मर चुके थे, तुरन्त उठ खड़े हुये और उन्होंने किसान को प्रश्न पूछने की अनुमति प्रदान की. एक-एक करके उस किसान ने अनेंको प्रश्न किये और बुद्ध ने सबका समाधान किया. कहते हैं कि वह किसान भगवान बुद्ध के चरणों में गिर पड़ा. और रो-रोकर कहने लगा कि मुझे दुःख है, तो इस बात का कि इतने दिनों में भी मैं अपने गांव आपको पहचान नही पाया. तदुपरान्त बुद्ध ने 'निर्वाण पद' प्राप्त किया.
कहा जाता है कि जब वे स्वर्ग के दरवाजे पर पहुँचे, तो धर्मराज ने फ़ूल - मालाओं से उनका स्वागत करते हुये कहा कि बुद्ध ! तुम्हारे लिये तो स्वर्ग का द्वार उसी दिन खुल गया था, जिस दिन तुमने गृह त्याग किया. चूंकि आज तक मृत्युलोक में तुम समस्त मानव जाति को ज्ञानोपदेश देते रहे, अतः आज भी स्वर्ग का द्वार तुम्हारे लिये वैसे ही खुला पड़ा है. तुम्हारा स्वागत है. पर इससे भी हृदय विदारक बात तो यह है कि बुद्ध ने अन्दर जाने से मना कर दिया और कहा कि ' जब तक संसार का एक-एक प्राणी ज्ञान से परिपूरित होकर स्वर्ग में प्रवेश नही कर लेगा, तब तक मैं अन्दर नही जाऊंगा.
बौध धर्म महायान शाखा के भिक्षु तो यहां तक कहते हैं कि आज भी स्वर्ग के दरवाजे पर खड़े हैं और बड़ी ही बेसब्री से समस्त मानव-जाति के स्वर्ग में प्रवेश करने की कामना कर रहें हैं. ऐसे बुद्ध को प्राणिमात्र का शत-शत नमन.
Tags:-
lord Buddha, lord buddha story, lord buddha death, lord buddha gatha, lord buddha god, lord buddha history, lord buddha life history, life of lord Buddha