मकर संक्रांति
Posted by:
2013-01-08 06:14:09
1163 Views
हमारा देश त्यौहारों का देश है...जहां प्रत्येक महीने कोई न कोई एक प्रमुख त्यौहार आते हैं, जिसे लोग बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं.. मकर संक्रांति हिंदू धर्म का एक ऐसा महापर्व है, जो देश के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग नामों से मनाया जाता है.. लेकिन तमाम मान्यताओं के बावजूद भी इस पर्व को मनाने के पीछे एक ही तर्क है, वह है सूर्य की उपासना.. मकर संक्रांति का त्यौहार उस दिन मनाते हैं, जब पौष माह में सूर्य धनु राशि को छोड़कर मकर राशि में प्रवेश करता है.. सूर्य का मकर राशि में प्रवेश करना ही मकर-संक्रांति कहलाता है.. सामान्यत: ये पर्व जनवरी माह के चौदह या पन्द्रह तारीख को मनाया जाता है.. एक और महत्वपूर्ण बात ये है कि सामान्यत: भारतीय पंचांग की समस्त तिथियां चंद्रमा की गति के आधार पर निर्धारित की जाती हैं, लेकिन मकर संक्रांति को सूर्य की गति से निर्धारित किया जाता है.. मकर संक्रान्ति के दिन से सूर्य की उत्तरायण गति प्रारम्भ होती है, इसलिये इसको उत्तरायणी भी कहते हैं..
ऐसी मान्यता है कि मकर-संक्रांति से सूर्य के उत्तरायण होने पर देवताओं का सूर्योदय और दैत्यों का सूर्यास्त होता है.. उत्तरायण में दिन बड़े और रातें छोटी होती हैं.. इस पर्व को उत्तर प्रदेश में और बिहार में खिचड़ी और तमिलनाडु में पोंगल नामक उत्सव के रूप में मनाया जाता है, जबकि कर्नाटक, केरल तथा आंध्र प्रदेश में इसे केवल 'संक्रान्ति' के नाम से मनाया जाता है.. वहीं असम में इस दिन बिहू त्यौहार मनाया जाता है.. मकर संक्रांति के दिन गंगा में स्नान एवं गंगा के तट पर दान देने को अत्यंत शुभ माना गया है.. मकर संक्रांति के अवसर पर तीर्थराज प्रयाग और गंगासागर में स्नान को महास्नान की संज्ञा दी गई है.. आपको बता दें कि इस वर्ष महाकुंभ का आयोजन भी संगम नगरी प्रयाग में होने जा रहा है और मकर संक्रांति के दिन ही पहला शाही स्नान की तिथि तय की गई है.. शास्त्रों के अनुसार मकर संक्रांति के दिन शुद्ध घी एवं कंबल दान करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है...यथा-
माघे मासि महादेव यो दाद घृतकंबलम।
स भुक्त्वा सकलान भोगान अंते मोक्षं च विंदति॥
मकर संक्रांति पर्व के पीछे एक ऐतिहासिक मान्यता ये भी है कि इसी दिन भगवान भास्कर अपने पुत्र शनि से मिलने उसके घर जाते हैं, गौरतलब है कि शनिदेव मकर राशि के स्वामी हैं, अत: इसलिए इस दिन को मकर संक्रांति के नाम से जाना जाता है.. महाभारत की कथा में भीष्म पितामह भी अपना शरीर त्यागने के लिए मकर संक्रांति का ही चयन किया था.. मकर संक्रांति के दिन ही गंगाजी भगीरथ के पीछे-पीछे चलकर कपिल मुनि के आश्रम से होकर सागर में जा मिली थीं.. इसलिए यह दिन हिन्दुओं के लिए और भी अधिक महत्वपूर्ण है..
Tags:-
मकर, संक्रांति, पोंगल, खिचड़ी, बिहू, Makar sankranti