महागौरी
Posted by:
diwaker
2011-10-04 12:05:07
645 Views
श्वेत वृषे समारुढा श्वेताम्बरधरा शुचिः
महागौरी शुभं दद्यान्ममहादेवप्रमोददा
महागौरी माता दुर्गा की आठवी शक्ति का नाम है. इनका वर्ण पूर्णतः गौर है. इस गौरता की उपमा शंख, चन्द्र और कुन्द के फ़ूल से दी गई है. इनकी आयु आठ वर्ष की मानी गई है. 'अष्टवर्षा भवेत गौरी'. इनके समस्त वस्त्र एवं आभूषण आदि भी श्वेत हैं. चार भुजाओं वाली इन माता का वाहन इनका वाहन वृषभ है. इनके ऊपर के दाहिने हाथ में अभय-मुद्रा और और नीचे वाले दाहिने हाथ में त्रिशूल है. ऊपर वाले बायें हाथ में डमरु और नीचे के बायें हाथ में वर-मुद्रा है. इनका मुद्रा अत्यन्त शान्त है.
पार्वती रुप में भगवान शिव को पति-रुप में प्राप्त करने के लिये इन्होंने कठोर तपस्या की थी. इस कठोर तपस्या के कारण इनका शरीर एकदम काला पड़ गया. इनकी तपस्या से प्रसन्न और सन्तुष्ट होकर जब भगवान शिव ने इनके शरीर को गंगा जी के पवित्र जल से मलकर धोया तब वह विद्युत प्रभा के समान अत्यन्त कान्तिमान-गौर-हो उठा. तभी से इनका नाम महागौरी पड़ा.
नवरात्र के आठवें दिन महागौरी की पूजा उपासना का विधान है. इनकी शक्ति अमोघ और अत्यन्त फ़लदायी है. इनकी उपासना से भक्तों के सभी पाप धुल जाते हैं. उसके पूर्व संचित पाप से नष्ट हो जाते हैं. भविष्य में पाप-संताप, दैन्य-दुःख से भी मुक्ति मिल जाती है. तब मनुष्य सभी प्रकार से पवित्र और अक्षय पुण्यों का अधिकारी हो जाता है.
माता महागौरी का ध्यान-स्मरण, पूजन-आराधन भक्तों के लिये हमेशा कल्याणकारी रहता है. हमें सदैव इनका ध्यान करना चाहिये. इनकी कृपा से अलौकिक सिद्धियों की प्राप्ति होती है. मन अनन्यभाव से एकनिष्ठ कर मनुष्य को सदैव इनके ही पादरविन्दों का ध्यान करना चाहिये. ये भक्तों का कष्ट अवश्य ही दूर करती हैं. इनकी उपासना से आर्तजनों के असम्भव कार्य भी सम्भव हो जाते हैं. अतः इनके चरणों की शरण पाने के लिये हमें सर्वविध प्रयत्न करना चाहिये. पुराणों में इनकी महिमा का प्रचुर आख्यान किया गया है. ये मनुष्य की वृत्तियों को सत् की ओर प्रेरित करके असत का विनाश करती हैं. हमें श्रद्धाभाव से सदैव इनका शरणागत बनना चाहिये.
Tags:-
mahagauri, mahagauri mantra, mata mahagauri, maa durga, navratri, navdurga, nav durga devi, nav durga katha, nav durga names, nav durga nav roop maiya