मध्यप्रदेश के सतना जिले में मैहर शहर की त्रिकुटा पहाड़ी पर मां दुर्गा के शारदीय रूप श्रद्धेय देवी माँ शारदा का मंदिर स्थित है, जो मैहर देवी माता के नाम से सुप्रसिद्ध हैं... यहां श्रद्धालु माता का दर्शन कर आशीर्वाद लेने उसी तरह पहुंचते हैं जैसे जम्मू में मां वैष्णो देवी का दर्शन करने जाते हैं.. मां मैहर देवी के मंदिर तक पहुंचने के लिए 1063 सीढ़ियां तय करनी पड़ती है...
इनकी उत्पत्ति के पीछे एक पौराणिक कहानी है जिसमें कहा गया है कि सम्राट दक्ष प्रजापति की पुत्री सती, भगवान शिव से विवाह करना चाहती थी.. लेकिन राजा दक्ष शिव को भगवान नहीं, भूतों और अघोरियों का साथी मानते थे और इस विवाह के पक्ष में नहीं थे.. फिर भी सती ने अपने पिता की इच्छा के विरुद्ध जाकर भगवान शिव से विवाह कर लिया.. एक बार राजा दक्ष ने 'बृहस्पति सर्व' नामक यज्ञ रचाया... उस यज्ञ में ब्रह्मा, विष्णु, इंद्र और अन्य देवी-देवताओं को आमंत्रित किया, लेकिन जान-बूझकर अपने जमाता भगवान महादेव को नहीं बुलाया.. महादेव की पत्नी और दक्ष की पुत्री सती इससे बहुत आहत हुई... यज्ञ-स्थल पर सती ने अपने पिता दक्ष से भगवान शिव को आमंत्रित न करने का कारण पूछा.. इस पर दक्ष प्रजापति ने भरे समाज में भगवान शिव के बारे में अपशब्द कहा.. इस अपमान से पीड़ित होकर सती मौन हो उत्तर दिशा की ओर मुँह करके बैठ गयी और भगवान शंकर के चरणों में अपना ध्यान लगा कर योग मार्ग के द्वारा वायु तथा अग्नि तत्व को धारण करके अपने शरीर को अपने ही तेज से भस्म कर दिया.. भगवान शंकर को जब इस दुर्घटना का पता चला तो क्रोध से उनका तीसरा नेत्र खुल गया और यज्ञ का नाश हो गया.. भगवान शंकर ने माता सती के पार्थिव शरीर को कंधे पर उठा लिया और गुस्से में तांडव करने लगे.. ब्रह्मांड की भलाई के लिए भगवान विष्णु ने ही सती के अंग को बावन भागों में विभाजित कर दिया.. जहाँ-जहाँ सती के शव के विभिन्न अंग और आभूषण गिरे, वहां-वहां शक्ति पीठों का निर्माण हुआ.. उन्हीं में से एक शक्ति पीठ है मैहर देवी का मंदिर, जहां मां सती का हार गिरा था... मैहर का मतलब है, मां का हार.. इसी वजह से इस स्थल का नाम मैहर पड़ा... अगले जन्म में सती ने हिमाचल राजा के घर पार्वती के रूप में जन्म लिया और घोर तपस्या कर शिवजी को फिर से पति रूप में प्राप्त किया..
पूरे भारत में सतना का मैहर मंदिर माता शारदा का अकेला मंदिर है... इस पर्वत की चोटी पर माता के साथ ही श्री काल भैरवी, भगवान हनुमान जी, देवी काली, दुर्गा, श्री गौरी शंकर, शेष नाग, फूलमति माता, ब्रह्म देव और जलापा देवी की भी पूजा की जाती है..
स्थानीय परंपरा के मुताबिक दो वीर भाई आल्हा और उदल जिन्होंने पृथ्वीराज चौहान के साथ भी युद्ध किया था, वो भी शारदा माता के बड़े भक्त हुआ करते थे.. इन्हीं दोनों ने सबसे पहले जंगलों के बीच शारदा देवी के इस मंदिर की खोज की थी.. इसके बाद आल्हा ने इस मंदिर में बारह सालों तक तपस्या कर देवी को प्रसन्न किया था.. माता ने उन्हें अमरत्व का आशीर्वाद दिया था.. आल्हा माता को शारदा माई कह कर पुकारा करता था और तभी से ये मंदिर भी माता शारदा माई के नाम से प्रसिद्ध हो गया.. आज भी ये मान्यता है कि माता शारदा के दर्शन हर दिन सबसे पहले आल्हा और उदल ही करते हैं.. मंदिर के पीछे पहाड़ों के नीचे एक तालाब है जिसे आल्हा तालाब कहा जाता है... यही नहीं तालाब से दो किलोमीटर और आगे जाने पर एक अखाड़ा मिलता है, जिसके बारे में कहा जाता है कि यहां आल्हा और उदल कुश्ती लड़ा करते थे..
इस मंदिर में बलि देने की प्रथा प्राचीन काल से ही चली आ रही थी.. जिसे 1922 ई. में सतना के राजा ब्रजनाथ जूदेव ने पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया.. मां मैहर देवी तक पहुंचने के लिए आवागमन की भी अच्छी सुविधाएं हैं.. मैहर रेलवे स्टेशन कटनी और सतना स्टेशनों के बीच में स्थित है और दोनों प्रमुख रेलमार्गों और NH-7 से जुड़ा हुआ है....
Tags:-
मां शारदा देवी, मैहर, सती, त्रिकुटा, शिव, दक्ष, शक्तिपीठ, आल्हा,