माघ मास की कृष्ण चतुर्थी को विघ्नविनाशक श्रीगणपति जी पूजा-अर्चना का विधान है. प्रातः काल स्नानादि करने के बाद गजमुख की प्रसन्नता के लिये व्रतोपवास का संकल्प करके दिनभर श्रद्धाभाव से भगवान श्रीगणेश का स्मरण, चिन्तन एवं भजन करते रहना चाहिये. चन्द्रोदय होने पर मिट्टी की गणेश मूर्ति बना कर पीढे पर स्थापित करें. गणपति के साथ उनके अस्त्र-शस्त्र और उनके प्रिय वाहन मूषक की भी मूर्ति स्थापित करें.
सर्वप्रथम भगवान गणेश की मूर्ति में प्राण प्रतिष्ठा करें. उसके पश्चात षोडशोपचार से उनका भक्ति पूर्वक पूजन करना चाहिये. फ़िर मोदक तथा गुड़ में बने हुये तिल के लड्डू का नैवेद्य अर्पित करें. आचमन कराकर प्रदक्षिणा और नमस्कार करके पुष्पांजलि अर्पित करना चाहिये.
उसके बाद शान्त मन से भक्तिपूर्वक गणेश मूल मंत्र का 21 बार जप करके निम्न मंत्र द्वारा भगवान गणेश को अर्घ्य प्रदान करें.
गणेशाय नमस्तुभ्यं सर्वसिद्धिप्रदायक। संकष्टहर मे देव गृहाणार्घ्यं नमोऽस्तु ते ।।
कृष्णपक्षे चतुर्थ्यां तु सम्पूजित विधूदये। क्षिप्रं प्रसीद देवेश गृहाणार्घ्यं नमोऽस्तु ते ।।
इन मंत्रो के साथ ‘‘संकष्टहरणगणपतये नमः’’ दो बार बोलकर दो बार अर्घ्य प्रदान करें.
इसके बाद तिथियों में उत्तम गणेश जी की प्यारी देवी चतुर्थी तिथि की अधिष्ठात्री देवी को निम्न मंत्र के द्वारा अर्घ्य प्रदान करें.
तिथिनामुत्तमे देवि गणेशप्रियवल्लभे।
सर्वसंकटनाशाय गृहाणार्घ्यं नमोऽस्तु ते।।
'चतुर्थ्यै नमः' इदमर्घ्यं समर्पयामि।
तत्पश्चात् भगवान चन्द्रमा का सुगन्धित पुष्पादि से विधिवत् पूजा करके ताँबे के पात्र में लाल चन्दन, कुश, दुर्वा, फ़ूल, अक्षत, शमीपत्र, दधि, जल तथा निम्न मंत्र द्वारा उन्हें अर्घ्य प्रदान करें.
गगनार्णवमाणिक्य चन्द्र दाक्षायणीपते । गृहाणार्घ्यं मया दत्तं गणेशप्रतिरुपक ।।
फ़िर भगवान श्री गणेश के चरणों में प्रणाम कर उत्तम ब्राह्मणों को श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर यथाशक्ति दान दे कर विदा करें. तत्पश्चात् सपरिवार भोजन ग्रहण करें.
इस परम कल्याणकारी 'संकष्टव्रत' के प्रभाव से व्रती धन-धान्य से सम्पन्न हो जाता है और उसके सम्मुख कभी कष्ट उपस्थित नही होता.
Tags:-
ganesh, lord ganesha, lord ganesh chaturthi, sankat chauth 2012, sankat chauth 2012, ganesh puja, ganesha mantra, chandra darshan, lord Chandra, lord chandra mantra