मेरी धोती कहां है....
Posted by:
nandini7
2014-02-10 02:50:41
1561 Views
नई पीढ़ी को अक्सर मस्तमौला और जिम्मेदारियों से दूर भागने वाला माना जाता हैं। समाज में ऐसी धारणा है कि युवाओं को न तो देश की परवाह होती है और न ही अपने संस्कारों की। लेकिन ये सोच पूरी तरह से ठीक हो, ये जरुरी भी नहीं हैं। युवा पीढ़ी को अपनी आजादी सबसे ज्यादा प्यारी है, लेकिन कब क्या बात हम आजाद परिंदों के दिलों को छू जायें और हमारी सोच पूरी तरह से बदल दें, ये कहा नहीं जा सकता। मैं भी अपनी ही दुनिया में मस्त रहने वाला इंसान हूँ, लेकिन उस सुबह एक बात मेरे दिल को छू गई।
बात पिछले साल यानि 2013 की है... मैं रोज की तरह सुबह घर से आफिस के लिए निकला था। रास्ते में ट्रैफिक ज्यादा होने की वजह से गाड़ियां सड़क पर रेंगते हुए चल रही थी, तभी मेरी नजर एक पांच साल के बच्चे पर पड़ी, जो शायद अपने स्कूल के किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहा था उसने सफेद रंग का कुर्ता और धोती पहनी हुई थी। अचानक उसकी धोती देखकर मुझे अपने दादाजी का धोती-कुर्ते वाला ट्रेंड याद आ गया। उस बच्चे पर धोती इतनी अच्छी लग रही थी कि मुझे अपनी ब्रांडेड जींस भी उसके आगे फीकी नजर आने लगी। धोती-कुर्ता भारत की पारंपरिक पोशाकों में से एक है। आज भले ही हम जींस और पैंट पहनते हो, लेकिन हमारे बड़े-बुजुर्ग और पुरखे इसी पोशाक को पहना करते थे। खैर, थोड़ी देर बाद ट्रैफिक खुल गया और मैं इन सब बातों को सोचते हुए आगे निकल गया।
आफिस पहुंचा ही था तो देखा कि मेरे कुछ साथी बहुत ही गंभीरता से किसी विषय पर चर्चा कर रहे थे पूछने पर मालूम हूआ कि दुबई में एक भारतीय को मैट्रों का सफर करने से इसलिये मना कर दिया गया क्योंकि उसने धोती पहनी हुई थी। मैं ये बात जानकर हैरान रह गया कि अगर विदेशी लोग अपने पहनावे को लेकर कहीं भी घूम सकते हैं तो, फिर भारतीयों के पहनावे को लेकर इस तरह का व्यवहार कहां तक उचित है।
मुझे याद है कि मेरे दादाजी बताया करते थे कि हमारे बुजुर्ग धोती को इसलिये पहना करते थे क्योंकि ये सूती धागों से निर्मित एक आरामदायक परिधान है। हिंदू धर्म में पूजा-अर्चना के समय भक्तों को धोती पहनना जरूरी बताया गया है क्योंकि प्राचीनकाल में धोती पहने बिना पूजा से संबंधित कर्मकांड पूरे नहीं माने जाते थे। पूजा के समय धोती पहनने के पीछे वैज्ञानिक कारण ये भी माना गया है कि पूजा में भक्तों को काफी देर तक एक विशेष अवस्था में बैठना पड़ता है, ऐसी अवस्था में जींस और पेंट के स्थान पर धोती पहननी चाहिये क्योंकि इससे शरीर में होने वाला रक्तप्रवाह सुचारू रुप से चलता रहता है। लेकिन आज की लाइफस्टाइल में धोती पहनने का चलन मात्र ब्राह्मणों तक ही सीमित रह गया है। आधुनिकता के इस दौर में पूजा कार्य में भी बहुत ही कम भक्त धोती पहनते हैं। हो सकता है मैं रोज धोती न पहनूँ लेकिन मैंने ये तो पूरी तरह से सोच लिया था कि अब घर के पूजन कार्यो में मैं अपने दादा जी की धोती जरुर पहनूगां।
Tags:-
dhoti in india, kurta-dhoti, Indian dhoti, Traditional Indian dhoti, cotton dhoti-kurta, bhakti, god, धोती-कुर्ता, धोती और धर्म, पूजा में धोती-कुर्ता