दुनिया में इंसान को आकर्षित करने के लिए भले ही लाखों चीजें हैं, लेकिन सबसे बड़ा सच यह है कि एक दिन सभी जीवों की मृत्यु होनी है। चाहें वो अमीर हो या गरीब, बुद्धिमान हो या बेवकूफ, गोरा हो अथवा काला। मौत एक ऐसा सच है, जो इंसान को इस बात का गहराई से अहसास दिलाती है कि अभी-भी बहुत-सी चीजें इंसान की पहुंच से दूर है।
अभी तक इस बात का कोई ठोस प्रमाण नहीं है कि मृत्यु के बाद हमारी आत्मा कहां जाती है ? हमें नहीं पता है कि हमारी मृत्यु कब होगी, हमारी आत्मा कहां जाएगी, हमारी आत्मा का रंग कैसा होता है, क्या हमारा दुबारा जन्म होगा, हम नरक में जाएगें या स्वर्ग में। जिंदगी को आलीशान तरीके से जीने के इतने तरीके हैं कि हम ये भूल गये हैं कि एक दिन हमारी मृत्यु भी होगी और मौत के आगे ये सभी वैभव बहुत छोटे और बेकार लगते है। मृत्यु के समय ही हमें क्षमा, प्यार जैसे शब्दों का महत्तव पता चलता है, जिनसे हम अपने जीवनकाल में लगातार दूरी बनाए रखते हैं।
इंसान भौतिक रुप से भले ही काफी विकसित और आधुनिक हो चुका है, लेकिन अभी-भी बहुत से सत्य है जिनका राज इंसान के सामने अभी तक नहीं खुला है। इंसान ने भले ही पृथ्वी की सीमित परिधि से निकालकर अंतरिक्ष की सुंदर तस्वीरे कैमरे में कैद कर ली हो, लेकिन अभी भी भगवान के कई करिश्मे इंसानी दिमाग की समझ से परे हैं। विज्ञान जब हमारे प्रश्नों का उत्तर देने में असमर्थ होता है तो हम अपने शास्त्रों को उलटते पलटते हैं क्योंकि हमारे शास्त्र एक स्थायी सत्य की ओर हमें ले जाते हैं। शास्त्रों में बताया गया है कि हमारी मृत्यु होने पर आत्मा शरीर छोड़कर पंच-तत्व में विलीन हो जाती है। ब्रह्माण्ड का जिस तरह ना कोई आदि है और ना कोई अंत, उसी तरह आत्मा सिर्फ भगवान के साथ समाहित होती है क्योंकि यही इसका आरंभ है, और यही इसका अंत है।
भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में कहा है कि आत्मा अमर है और एक निश्च्ति समय के लिए इसने शरीर धारण किया हुआ है। जिस प्रकार फूलों में खुशबू होती है, तिल में तेल होता है, लकड़ी में आग होती है, दूध में घी होता है और ईख में गुड़ रहता है, ठीक उसी तरह आत्मा हमारे शरीर में रहती है। मृत्यु के बाद हमारा शरीर पृथ्वी पर ही रह जाता है और हमारी आत्मा का साक्षात्कार ईश्वर से होता है इसीलिये मृत्यु से पूर्व अपने खाते में अच्छे कर्मों का इनवेस्टमेंट रखना चाहिए। हमारी आत्मा ही हमारे द्वारा किये गये कर्मों का लेखा-जोखा ईश्वर से ग्रहण करती है। इसीलिये सदैव अपनी आत्मा को सात्विक कर्मों में लगाना चाहिए क्योंकि गरुड़ पुराण में बताया गया है कि असत्य बोलना, जुआ, रेस, सत्ता खेलना, क्रोध करना, धर्म स्थानों में पापाचर करना, माता-पिता को दुख देना, निंदा-टीका करना, रिश्वत लेना-देना, खून करना, चोरी करना, गुंड़ागर्दी करना, नास्तिक बनकर ईश्वर की अवहेलना करना ये सभी कार्य आपकी आत्मा को नरक की ओर ले जाते हैं।
Tags:-
god, scripture, Veda, Shasta, Hindu religion, death, after death, science and god, शास्त्र, भगवान, विज्ञान, मृत्यु, वेद