जिस प्रकार जीवन का अन्तिम सत्य मृत्यु है, उसी प्रकार वाणी का अंतिम सत्य मौन है. जब शब्द थक जाते हैं, अर्थों की सार्थकता ढूंढ़ते-ढूंढ़ते और अर्थ टूट जाते हैं, अपनी सार्थकता सिद्ध करते-करते. तब मौन उभरता है. मौन मीठे-मधुर संगीत की तरह शब्दों को विराम देता है. स्पन्दो को एक बार मौन की वादियों में उतारो तो सही. असीम शान्ति मिलेगी.
मौन बाहर की दुनिया को शून्य करके भीतर के अन्तर्जगत को जगाता है और ले जाता है अंधेरे से प्रकाश की ओर, उस चिन्मय प्रकाश की ओर जो बांधता नही मुक्त करता है. जो व्यक्ति के साथ समष्टि का पर्व है. जो भावों का उत्सव है. चेतना के आगोश में जब मन थक जाये, शब्दों के अर्थ जब सहसा निस्तब्ध हो जाये, वाणी की गूंज जब स्वयमेव खामोश हो जाये, ऐसे में धीमे ही सही, पर मौन का आंचल पकड़कर डूबकी लगाना न भूलिये. शब्दातीत हो जाओ, शब्दजाल से निकलकर शून्य की विराटता में समा जाओ. जो शाश्वत है उसे महसूस करो. जानों, पहचानों उसके भीतर अपने प्राणों की समस्त वेदना, छटपटाहट उड़ेल दो. जो तुम्हारा है, वह तुम्हारा ही रहेगा. केवल शब्दों का आवरण उस पर खींच लो. मौन में उथलापन नही, अपितु सहजता है. प्राणों का उत्सर्ग है. जीवन की सचेतना है. मौन की तेजस्विता से व्यक्तित्व ज्योतिर्मय हो उठता है. सच तो यह है कि हमारा जीवन शब्दों की बौछार में गुजर जाता है. ध्वनि सुनने के हम इतने अभ्यस्त हो गये हैं कि शांत रहना असंभव लगता है. शब्द विहिन होना नामुमकिन लगता है. जबकि वस्तुतः ऐसा कुछ नही है.
वस्तुतः मौन के लहराते समुद्र में ही व्यक्तित्व के असली मोती मिलते हैं. एक बार सिर्फ़ एक बार उसे आमंत्रण दो, कुछ क्षणों के लिये, कुछ पलों के लिये शब्दों की सीमा से मुक्त हो जाओ, निर्द्वन्द्व विचरो मौन के आकाश में, मन के पंखों पर, समय की गतिशीलता से बहुत दूर. मौन के साम्राज्य में उतरो, चमत्कार घटित होगा.
मौन कठिन है, पर एक बार इसे अपना लोगे, तो ज्ञान चक्षु जरुर खुल जायेंगे. ध्यान-साधना, समाधि, योग-दर्शन, निराकार, साकार सब भूलकर, निर्विचार होकर, शून्य में खोकर इसकी दिव्यता में समा जाओ. कुछ नही, कोई सरसराहट नही, कोई स्वर नही, कोई ध्वनि नही, कोई छन्द नही. केवल तुम उतर रहे हो हृदय के भीतर. जाग रहा है, तो केवल तुम्हारा आत्म तत्व. मुक्त कर दो उसे जो तुम्हारे अन्दर विराजमान है. एक तीर की भांति धंसा हुआ, फ़ंसा हुआ, कसमसाता हुआ, सनसनाता हुआ. सत्य के धरातल पर उसे छोड़ दो, सत्य के लिये ही उससे मुँह मोड़ लो. शब्द सो गये हैं, उन्हें सोने दो, आवाज न दो. वे थक गये हैं. तुम्हारे साथ आपा-थापी, भाग-दौड़, चमक-दमक, दिखावे भरी जिन्दगी जीते-जीते. अब वे भी आराम करना चाहते हैं. मत पुकारो उन्हें, खामोश हो जाओ.
मौन की अपनी दुनिया होती है, अपनी सृष्टि होती है. मौन की अपनी पहचान होती है. अपनी गरिमा होती है. वाणी मधुर है, मौन मधुरतम है. वाणी जीवन है, मौन शाश्वत है. वाणी गतिशील है, मौन में शांति और ठहराव है. उसे अपने अस्तित्व में समा लेने दो. उस ठहराव को महसूस करो.
उसी प्रकार जीवन का अन्तिम सत्य मृत्यु है, उसी प्रकार वाणी का अंतिम सत्य मौन है. जब शब्द थक जाते हैं, अर्थो की सार्थकता ढूंढ़ते-ढूंढ़ते और अर्थ टूट जाते हैं. अपनी सार्थकता सिद्ध करते-करते. तब मौन उभरता है. मौन मीठे-मधुर संगीत की तरह शब्दों को विराम देता है, विश्राम देता है. स्पन्दनों को एक बार मौन की वादियों में उतारो तो सही, असीम शान्ति मिलेगी. मौन बाहर की दुनिया को शून्य करके भीतर के अन्तर्जगता है और ले जाता है - अंधेरे से प्रकाश.
Tags:-
Silence, silent, invitation, invite, blind, black, relief, quiet, fact , truth, death, expiration, lightning, light, focus