अभिव्यक्ति का एक जरिया है आंसू. गरीब, अमीर, बच्चा, जवान, बूढ़ा सभी दुख, क्रोध, दर्द के आवेग में आंसू बहाते हैं. कई लोग जो भावुक प्रवृत्ति के होते हैं, भावना के आवेग में आंसूओं को रोक नही पाते. कई भावुक लोगों को अपने से ज्यादा दूसरों का दुख तड़पा जाता है. यहां तक की कोई ट्रेजडी फ़िल्म भी उन्हें आंसू टपकाने पर विवश कर जाती है.
ये आंसू ही हैं, जो हमारे सारे क्षोभ, गहरी जड़ जमाई हुई टीस को हल्का करने में मदद करते हैं. यह तो हुई मन और भावनाओं की बात, लेकिन शारीरिक रुप से ये महज आँखों को तरलता प्रदान करते हैं. जहां-जहां भी मानव का वास है, वहां उसके साथ आंसू भी हैं, जिनका संबंध उदासी के साथ जुड़ा है. गहरा दुख होने पर आंसुओं की धार अनवरत बहने लगती है. उसकी तीव्रता व्यक्ति के ई.क्यू पर निर्भर करता है. दूसरों को रोते देखकर भी कई बार आंखे नम हो जाती हैं.
वैज्ञानिकों के मतानुसार आंसू कई तरह के होते हैं. अमेरिका के जीव रसायन शास्त्री विलियम एच. फ़्रे. का कहना है कि जब आप रोते हैं तो आप अपना ही भला कर रहें हैं. आंसुओं का मनोवैज्ञानिक असर यह होता है कि तनाव से उत्पन्न हुये रसायन बाहर निकल जाते हैं.
डाक्टर फ़्रे के अनुसार, दुख में जो व्यक्ति बिल्कुल भी नही रोता है या बहुत कम रोता है तो यह लगभग तय है कि उसे तनाव जनित रोग हो जायेंगे. न रोने से अक्सर होने वाली बीमारी हैं पेट का अल्सर. कुछ लोग आँखों में आये हुये आंसुओं को रोक लेते हैं. इसे चिकित्सा की दृष्टि से हानिकारक माना जाता है. आंखों के ऊपरी सतह जिसे रेटिना कहते हैं, बहुत कोमल होती है, आंसूओं को रोकने से इसमें सूजन आ जाती है. आंखों में दर्द होने लगता है. अधिक समय तक आंसुओं को रोकने से वे लाल हो जाती है, उनमें पीड़ा होने लगती है. इसलिये आई स्पेशलिस्ट आई ड्राप्स ड़ालने की सलाह देते हैं, जिससे अश्रुग्रंथियां फ़ूट सके और सूजी आंखों की अश्रु से राहत मिल सके.
रोना एक मानवीय गुण ही क्यों है, यह एक रहस्य है. वैज्ञानिकों के अनुसार किसी भावना को प्रकट करने के लिये जो आंसू गिरते हैं, वे उन आंसुओं से भिन्न होते हैं. जो प्याज काटने से आँखों में आ जाते हैं. यह एक जाना माना तथ्य है कि पुरुषों की अपेक्षा औरतें आंसू बहाने में बहुत आगे रहती हैं. उसका एक मुख्य कारण यह है कि परम्पराओं ने औरतों को इसकी छूट दे रखी है, जबकि समाज में लड़को के लिये यह 'नो नो' है.
बचपन से उन्हें यही कहा जाता है कि छि क्या लड़कियों की तरह रोते हो. उन्हें लगता है, यह तो उनकी मर्दानगी को कम करने वाली बात है. इसी बात को लेकर वे अपने रोने की स्वभाविक प्रक्रिया को दबाना सीख जाते हैं. इसका खामियाजा उनमें क्रोध के रुप में फ़ूटता है, जिसे मर्दानगी समझा जाता है. लड़कियाँ आंसुओं को हथियार के रुप में प्रयोग करना बचपन से सीख जाती हैं कोई कितना ही 'ही मैन' क्यों न हो, औरत के आंसू उसे भी नरमाई से पेश आने पर मजबूर कर देते हैं. कह सकते हैं कि आंसू बहाना भी एक कला है, जिसमें सब माहिर नही होते. सिनेमा या फ़िल्मों की बात करें, तो एक्टर्स आंसू लाने के लिये ग्लिसरीन डालते हैं, लेकिन कई एक्टर्स ऐसे भी हैं जिन्हें आंखों में आंसू लाने के लिये ग्लिसरीन जैसे किसी चीज़ की जरुरत नही पड़ती. एक फ़िल्म की मंझी हुई कलाकार ललिता पवार ने एक इंटरव्यू के दौरान प्रैक्टिकल करके दिखाया था. कैसे वह एक सेकंड़ में आंखों में आंसू ला सकती हैं. मगर कुछ लोग तो खास मौकों पर बहुत चाहने पर भी आंसू बहाने में सफ़ल नही हो पाते हैं. कारण, जन्मजात मूल प्रवृत्ति में छुपा है. जिस तरह आंखों को रंग कुदरत देती है, उसी तरह रोने की प्रवृत्ति भी कुदरत से ही मिलती है.
गहरे अवसाद की स्थिति में बात बात पर रोना या रोते रहने का मन होना व्यक्ति की सेहत के लिये घातक है, जिसका समय रहते उपचार जरुरी हो जाता है, किन्तु किसी दुख, क्षोभ, क्रोध को दूर करने के लिये रोना मानसिक स्वास्थ्य के लिये मुफ़्त, बढ़िया और नुकसान रहित इलाज है. जिसके कोई साइड इफ़ैक्ट्स नही होते. जिस तरह खुलकर हंसना सेहत के लिये लाभप्रद है, ठीक वैसे ही खुलकर रोना भी, लेकिन आपके जीवन का मंत्र होना चाहिये, हंसिये और हंसाइये, मगर रोते को भी हंसाइये.
Tags:-
Tear, tears, the poor, rich, child, young, aged, sadness, anger, pain, scientist, doctor, male, female