लास्ट बेंच.....
Posted by:
Nandini7
2014-01-30 11:51:57
1419 Views
मुझे अक्सर याद आता है जब स्कूल के दिनों में टीचर मुझे इशारा करते हुए कहा करती थी “लास्ट बेंच...खड़े हो जाओ..चलो इस सवाल का उत्तर तुम बताओ..” और मैं अपने साथियों के पीछे छिपने की कोशिश किया करता था ताकि टीचर की नजर मुझ पर ना पड़े। लेकिन आज मैं अपनी कक्षा का टापर हूँ और शायद मैं हमेशा लास्ट बेंच पर ही बैठा रहता अगर मैंने कभी ये शब्द नहीं पढ़े होते तो - ”देश के सबसे अच्छे दिमाग अक्सर क्लास की लास्ट बेंच पर ही मिलते है... ” ये शब्द हैं मिसाइल मैन अब्दुल कलाम जी के।
भारत को एक ‘युवा देश’ माना जाता है क्योंकि हमारे देश में युवा शक्ति अधिक है और जिस देश की नब्ज ही युवा हो तो, वह एक शक्तिशाली और खुशहाल देश माना जाता है लेकिन क्या ऐसा वाकई है तो ज्यादातर लोगों का जवाब होगा- “नहीं.......” आखिर ऐसा क्यों है... आज का दौर कठिन प्रतियोगिता का दौर है। हमारी आकांक्षाए ज्यादा है और मेहनत कम यानि हम काबिलियत से ज्यादा हासिल करने में विश्वास रखते हैं। अगर इस बात को भी मान लिया जाये तो भी ठीक है.. आप ज्यादा पाना चाहते हैं पाईये, कोशिश करिये लेकिन टूटिये मत.. हारिये मत.. दूसरों से जलिये मत.. आत्महत्या का विचार तो कभी-भी अपने मन में मत लाईये। ऐसा कई बार होता है जब हमें सफलता नहीं मिलती है और कई बार हमें अपनी हार ऐसी लगती है मानों सब कुछ खत्म हो गया हो। हारने वाले लोग अपनी हार भुलाने के लिये अलग-अलग तरीके अपनाते है जैसे कोई संगीत सुनता है, कोई दोस्तों से बात करता है तो कोई फिल्म देखता है लेकिन ये सभी उपाय कुछ समय के लिये ही कारगर होते है। जैसे ही आप इन चीजों से जरा भी दूर होते है आप फिर अपने उसी दुख में घिर जाते है, आप फिर से अपनी जीत के बजाय अपने दुख के बारे में सोचने लगते है, आप फिर से ऊपर उठने के बजाय नीचे गिरने लगते हैं लेकिन इन सबसे बाहर निकलने का एक जरिया है और वो है अच्छा साहित्य पढ़ना, अच्छे लोगों के बारे में पढ़ना। जो आपको हारने न दें, जो आपको जीत को पाने का हौसला दें।
भारत में ऐसे कई लोग है जो आपके लिये प्रेरणा बन सकते हैं क्योंकि इनके अनुभव जिंदगी की असलियत से जुड़े होते है न कि किसी किताबी ज्ञान से जुड़े होते है.. इनकी हर एक बात और हर एक शब्द बहुत मायने रखते है। क्योकि ये किसी कहानी के हीरो नहीं बल्कि जिंदगी के हीरो है। मिसाइल मैन यानि अब्दुल कलाम का भी मानना है कि- आप उन लोगों के बारे में जानिये, आप उन लोगों की कहानियाँ पढ़िये जिन्होनें हार के बाद जीत को अपनी मुट्ठी में किया हो। कल तक जो लोग उनका मजाक उड़ाया करते थे वही आज उनके सम्मान में सिर झुकाते है। उनका मानना है कि देश के सबसे अच्छे दिमाग अक्सर क्लास की लास्ट बेंच पर मिलते है और उनकी ये बात इस तरफ इशारा करती है कि आप ऐसे सफल लोगों की कहानियाँ पढ़ें जो कभी असफल थे। । कलाम देश के युवा को शक्ति मानते है वो कहते हैं कि भारत तभी जापान की तरह विकसित राष्ट्र बन सकता है जब हम अपनी काबिलियत को पहचानना शुरु करेंगें। जब भारत के युवा अपने साहित्य और भारत के ऐसे महान लोगों के बारे में जानेगें जो उन्हें सकारात्मक सोच दें, उन्हें हौसला दें, उन्हें हिम्मत दें। किसी ने सही कहा है कि-
मंजिल मिल ही जायेगी.... आप ढूंढिये तो सही...
नादान तो वो हैं जो.... घर से निकले ही नहीं...
Tags:-
स्कूली दिन, Teacher, bhakti, लास्ट बेंच, class, दिमाग, मिसाइल मैन, youth, memories, school days, अब्दुल कलाम, भारत, ‘युवा देश’