विश्व का पहला पर्यावरणविद...
Posted by:
dilipks
2013-03-14 02:45:08
1228 Views
पर्यावरण का आशय हमारे पृथ्वी और इसके आसपास चारों ओर उपस्थित तत्वों से है.. इसमें न केवल मानव, बल्कि जीव-जंतु, वायु, पानी, मिट्टी, ध्वनि, पेड़-पौधे, वनस्पति, सूर्य आदि भी शामिल किए जाते हैं.. यहां तक कि निर्जीव वस्तुओं को भी पर्यावरण का हिस्सा माना जाता है.. अतः हम कह सकते हैं कि धरती पर हम जिस किसी चीज को देखते और महसूस करते हैं, वो पर्यावरण का हिस्सा है.. पर्यावरण प्रकृति का वह घटक है जो मानव जीवन से सम्बन्धित है और उसे प्रभावित करता है.. हमारे आसपास की प्रत्येक वस्तु जड़, चेतन, प्राणी, हमारा रहन-सहन, खान-पान, संस्कृति विचार आदि सभी कुछ पर्यावरण के ही अंग है..
आपको मालूम हो कि हमारे देश में पर्यावरण के महत्व को न केवल आज पहचाना जा रहा है, बल्कि वैदिक युग से ही इसके महत्व को समझा जाता है.. ऋषि-मुनि इसके महत्व को अधिक अच्छे से जानते थे.. यही कारण है कि आर्ष ग्रन्थों में प्रकृति और उसके घटक तत्वों के प्रति विशेष सम्मान और पूजा का भाव परिलक्षित होता है, और ऐसी ही प्रेरणा सम्प्रेषित होती है.. उन दिनों पर्यावरण के अनुरुप ही नीति और नियम भी बनाए जाते थे..
इतना ही नहीं भारतीय शासकों ने भी पर्यावरण के महत्व को पहचाना और इसकी रक्षा की.. जिसमें सर्वप्रथम नाम सम्राट अशोक का लिया जा सकता है.. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक सम्राट अशोक पर्यावरण की रक्षा के लिए अनेक कार्य किए.. ऐतिहासिक साक्ष्यों के आधार पर ऐसा कहा जा सकता है कि न केवल भारत बल्कि समस्त विश्व में भी सम्राट अशोक से पूर्व पर्यावरण के महत्व को न तो किसी शासक ने पहचाना था और न ही इसके लिए कोई कार्य किया था... सम्राट अशोक द्वारा किए गए कल्याणकारी कार्यों का अध्ययन करने के पश्चात ऐसा प्रतीत होता है कि उन्होंने पर्यावरण के विकास के लिए अनेक कार्य किए हैं.. उन्होंने मनुष्यों और पशुओं के लिए चिकित्सालय खुलवाए.. जहाँ मनुष्यों और पशुओं के लिए उपयोगी औषधियाँ उपलब्ध नहीं थी वहां बाहर से औषधि के पौधे मंगवाकर लगवाए.. सम्राट अशोक ने कंदमूल और फलों के उत्पादन पर भी खासा ध्यान दिया.. जहां इसके पेड़ कभी नहीं उगे थे, वहां बाहर से मंगाकर लगवाया.. सड़क के किनारे दोनों तरफ पेड़ लगवाए, ताकि मनुष्यों और पशुओं को छाया मिलने के साथ ही साथ शुद्ध वातावरण भी मिल सके.. इसके साथ ही जलवायु की स्थिति भी अनुकूल बनी रही.. सम्राट अशोक के इन कार्यों से न केवल पर्यावरण की रक्षा हुई बल्कि पर्यावरण का काफी विकास भी हुआ.. इस आधार पर ये कहना अनुचित न होगा कि सम्राट अशोक न केवल कल्याणकारी शासक था, बल्कि विश्व का पहला पर्यावरणविद भी था.. पर्यावरण के विकास में उनका अमूल्य योगदान रहा है.. जो उस जमाने में साधारण लोगों के समझ से परे था.. हालांकि बाद के कई शासकों ने पर्यावरण के महत्व को समझते हुए अनेक कार्य किए...
लेकिन आज इस विज्ञानयुग में विकसित सभ्य समाज होने के बावजूद भी समस्त विश्व को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है... जिसमें स्वच्छता का अभाव एवं पर्यावरण पर खतरा सबसे जटिल समस्या के रुप में उभरकर सामने आया हैं और धीरे-धीरे प्रदूषण का प्रभाव इस कदर बढ़ता जा रहा है कि पर्यावरण पर संकट के बादल मंडराने लगे है.. हालांकि इस समस्या से निपटने के लिए न केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बल्कि छोटे-छोटे स्तर पर भी कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं.. इसके लिए न केवल सरकारी संस्था बल्कि गैर सरकारी संस्था भी जोरदार प्रयास से काम कर रही है..
Tags:-
सम्राट, अशोक, पर्यावरण, पर्यावरणविद, पहला, संकट, पेड़, औषधी, Ashok, Environment, Environmentalist