सत्य परेशान होता है, पराजित नहीं
Posted by:
Dilipks
2012-11-30 12:15:42
2415 Views
"सत्यमेव जयते" हमारे देश का राष्ट्रीय आदर्श वाक्य है.. जिसका अर्थ है सत्य की विजय.. यानि सत्य की ही जीत होती है... 'सत्यमेव जयते' मूलतः मुंडकोपनिषद से लिया गया वाक्य है... यह भारत सरकार के राजकीय चिन्ह अशोकचक्र के नीचे देवनागरी लिपि में अंकित है.. ‘सत्यमेव जयते’ शासन एवं प्रशासन की स्वच्छता का प्रतीक है.. यह हर भारतीय को अहसास दिलाता है कि सत्य हमारे लिये एक तथ्य नहीं वरन् हमारी संस्कृति का सार है.. साहित्य, फिल्म एवं लोक विधाओं में भी अंततः सत्य की विजय ही दिखाई जाती है.. हमारे जीवन में सत्य ही एक ऐसा मूल मंत्र है जो हमारे जीवन से जूड़े सभी क्षेत्र में जीत दिलाता है.. हम अक्सर देखते हैं कि सत्य की राह पर चलने वाले व्यक्तियों को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ता है...किंतु अंतत: विजय उनकी ही होती है..सत्यवादी सम्राट राजा हरिश्चंद्र की कहानी तो हम सबको ज्ञात है... भगवान श्रीराम के वंश में त्रेता युग में अयोध्या के सम्राट राजा हरिश्चंद्र हुए थे, जो अत्यंन्त ही सत्यवादी और धर्मात्मा सम्राट थे.. उनकी कीर्ति से देवताओं के राजा इन्द्र को भी ईर्ष्या होती थी.. जिसके कारण देवेन्द्र ने महर्षि विश्वामित्र को परीक्षा लेने के लिए कहा... इन्द्र की बात मानकर विश्वामित्र ने अपने योगबल से राजा हरिश्चन्द्र को एक स्वप्न दिखलाया... जिस स्वप्न में राजा हरिश्चन्द्र ने अपना सम्पूर्ण राज्य विश्वामित्र को दान कर दिया... स्वप्न वाली रात्रि के समाप्त होते ही सुबह में महर्षि विश्वामित्र अयोध्या जाकर स्वप्न की बात याद दिलाकर उनसे अपना राज्य मांगा... और राजा हरिश्चन्द्र अपने द्वारा स्वप्न में किए गए दान को सहर्ष स्वीकार कर विश्वामित्र को अपना सारा राज्य दे दिया..राजा हरिश्चन्द्र सम्पूर्ण पृथ्वी के सम्राट थे अतः सम्पूर्ण पृथ्वी पर महर्षि विश्वामित्र का अधिकार हो गया.. इसलिए राजा हरिश्चंद्र अपनी पत्नी तथा पुत्र के साथ भगवान शिव की नगरी काशी में निवास करने का निश्चय किया.. राजा हरिश्चंद्र के काशी प्रस्थान के समय महर्षि विश्वामित्र अपने दान को सफल करने के लिए दक्षिणा में एक हजार स्वर्णमुद्रा मांगा... अपना सब कुछ दान में दे देने के कारण राजा हरिश्चन्द्र के पास कुछ भी धन नहीं बचा था, अतः ऋषि से दक्षिणा देने के लिये एक माह का समय माँगकर वे काशी चले गए, जहाँ अपनी पत्नी रानी शैव्या को एक ब्राह्मण के हाथों बेच दिया.. महारानी शैव्या ब्राह्मण के घर में दासी का काम करने लगीं.. राजकुमार रोहिताश्व बहुत छोटा बालक था.. प्रार्थना करने पर ब्राह्मण ने उसे अपनी माता के साथ रहने की आज्ञा दे दी.. राजा हरिश्चन्द्र ने स्वयं अपने को एक चाण्डाल के हाथों बेच दिया और इस प्रकार ऋषि विश्वामित्र को एक हजार मोहरें दक्षिणा में दीं.. चाण्डाल के सेवक बन कर राजा हरिश्चन्द्र श्मशानघाट की चौकीदारी करने लगे.. वहाँ जलाये जाने वाले मुर्दों पर कर वसूल करना उनका कार्य था.. एक दिन राजकुमार रोहिताश्व को एक विषैले साँप ने काट लिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई... उसकी माता महारानी शैव्या रोती-बिलखती पुत्र की देह को हाथों पर उठाये अकेली रात में श्मशान पहुँचीं.. जहां वे मृत पुत्र का अग्नि संस्कार करने जा रही थीं कि हरिश्चन्द्र वहाँ आ गये और श्मशान का कर माँगने लगे.. रानी उनके स्वर से पहचान लिया और गिड़गिड़ाकर कहने लगीं-‘महाराज! ये तो आपका ही पुत्र का शव है.. मेरे पास कर देने को कुछ नहीं है.. राजा हरिश्चन्द्र बड़े दुःखी हुए; लेकिन वे अपने धर्म पर स्थिर बने रहे.. उन्होंने कहा-‘रानी ! मेरे स्वामी ने मुझे आज्ञा दे रखी है कि बिना कर दिये कोई मुर्दा न जलाने पावे... मैं अपने धर्म को नहीं छोड़ सकता... रानी फूट-फूट कर रोने लगी और बोलीं-‘मेरे पास तो यही एक साड़ी है, जिसे मैं पहनी हूँ, आप इसी में आधा ले लें.. जैसे ही रानी अपनी साड़ी फाड़ने चली, वैसे ही वहाँ भगवान् नारायण, इन्द्र, धर्मराज आदि देवता और महर्षि विश्वामित्र प्रकट हो गये.. महर्षि विश्वामित्र ने बताया कि कुमार रोहित मरा नहीं है.. यह सब उनकी योगमाया है... राजा हरिश्चन्द्र को खरीदने वाले चाण्डाल के रूप में साक्षात् धर्मराज थे.. लाखों विपत्ति आने के बावजूद भी राजा हरिश्चन्द्र सत्य पर अडिग रहे.. सत्य साक्षात् नारायण का स्वरूप है.. अतः सत्य के प्रभाव से राजा हरिश्चन्द्र शैव्या के साथ परमधाम को चले गये.. महर्षि विश्वामित्र ने राजकुमार रोहिताश्व को अयोध्या का राजा बना दिया.. अंतत: विजय सत्य की ही हुई... इसीलिए कहा जाता हैं सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं...
Tags:-
सत्यमेव जयते, सत्य की विजय, मुंडकोपनिषद, सत्य पराजित नहीं होता, हरिशचंद्र, सत्यवादी