समय की कसौटी
Posted by:
swamini
2012-01-21 03:01:57
849 Views
भारत की मौलिक एवं शास्त्रीय संस्कृति, जिसको वैदिक संस्कृति कहा जाता है वह सत्य तथा ज्ञान की सार्वभौमिकता के आधार पर विकसित हुई है. ज्ञान के इस असीम भंड़ार को वेदांत कहा जाता है. यह सर्वव्यापक सत्य और ज्ञान को अभिव्यक्त करता है. वेदान्त रुपी पुरातन शिक्षण परम्परा की यह अविच्छिन्न धारा है, जो गुरु से शिष्य की ओर चलते हुये हजारों वर्षों से आज तक निरन्तर बहती रही है और आगे भी उसकी निरंतरता यथावत् बनी रहेगी. जिस प्रकार ज्ञान के इस प्रबल प्रवाह ने भारत की वैदिक संस्कृति को वैश्विक ज्ञानदृष्टि से जोड़ा है, उसी प्रकार वैदिक संस्कृति ने भी वेदान्त की दृष्टि को सुंपुष्ट किया है.
कोई भी संस्कृति वैश्विक संदेशो को आत्मसात किये बिना अपने आपको जीवित नही रख सकती है :-
वैदिक संस्कृति के स्वरुप एवं प्रतीकों में एक अंतर्निहित संदेश है, जो इस ज्ञानदृष्टि को प्रस्तुत करता है. इस संस्कृति में जो वेदान्त के प्रमुखतत्व प्रकट किये हुये हैं, उन्हीं की चर्चा करते हुये हम विचार करेंगे कि वैदिक संस्कृति वस्तुतः क्या है? और इस ज्ञानदृष्टि में उसका स्वरुप किस प्रकार व्यक्त हो उठता है?
वैदिक धरोहर सार्वभौमिक संस्कृति के तत्वों को प्रस्तुत करने का एक व्यवहारिक तरीका है, जिसमें इन तत्वों को साफ़-साफ़ देखा जा सकता है. ये सार्वभौमिक तत्व ही संस्कृति को सशक्त और प्राणवान बनाये रखते हैं. हम इन तत्वों की समीक्षा करेंगे और देखेंगे कि किस प्रकार उन्होंने इस संस्कृति को समय और परिवर्तनों के झंझावत से स्वयं को बचाए रखने के लिये समर्थ बनाया है. सार्वभौमिक होने के कारण ये तत्व किसी अन्य संस्कृति को भी वैसी ही स्थिरता तथा ओज प्रदान करने की क्षमता रखते हैं.
तेजी से भारत की भौगोलिक सीमाओं में विश्व-अर्थव्यवस्था और वैश्विक-मीडिया इत्यादि के प्रवेश ने वैदिक संस्कृति के सामने आज एक बड़ी चुनौती प्रस्तुत कर दी है. ऐसे मे भारतवासियों के लिये बहुत जरुरी हो गया है कि वे अपनी इस वैदिक संस्कृति को खोजे और उसके अर्थों को समझें, ताकि वे अपनी देशज संस्कृति के सार्वभौमिक तत्वों की इस खोज में भारतवासियों के अतिरिक्त उन सभी लोगों को भी सम्मिलित कर सके, जिनकी सांस्कृतिक परिस्थितियाँ उभरते हुये विश्व समाज द्वारा दुष्प्रभावित हो रही हैं.
Tags:-
Dharma, hindu dharma, vedik sanskriti, word economy, Indian, student, media, cultural, vidya, community, geographic