वैशाख के पवित्र महीने की शुक्ल पक्ष की नवमी को “सीता नवमी” कहते हैं। शास्त्रों के अनुसार इसी दिन माता सीता का प्राकट्य हुआ था और इसी कारण इस पर्व को “जानकी नवमी” भी कहा जाता हैं। इस बार यह व्रत 8 मई, गुरुवार को है। सीता नवमी को देवी सीता के जन्म दिवस के रुप में मनाया जाता है। और इसे “सीता जयंती” के रुप में भी जाना जाता है। विवाहित महिलाऐं इस दिन उपवास रख कर अपने पति की लंबी आयु के लिए पूजा-अर्चना करती हैं।
देवी सीता का जन्म पुष्य नक्षत्र में मंगलवार को हुआ था। हिंदु कैलेंडर में “सीता जयंती” “राम नवमी” के एक महीने के बाद पड़ती हैं। ऐसा कहा जाता है कि जो भी भक्त इस दिन पूरी श्रद्धा के साथ श्रीराम सहित माता सीता की उपासना हेतु विधि-विधान से पूजन करता है, उसे पृथ्वी दान का फल, सोलह महान दानों का फल, सभी तीर्थों के दर्शन का फल एक बार में ही अपने आप मिल जाता है। अत: इस दिन पवित्र व्रत को रखने का बहुत ही महत्तव माना गया है।
मिथिला नरेश राजा जनक की दत्तक पुत्री के रुप में माता सीता ने जन्म लिया था जिन्हें जानकी के रुप में भी जाना जाता है। महाराजा जनक संतान प्राप्ति की दृष्टि से यज्ञ की भूमि तैयार करने के लिए हल की सहायता से भूमि जोत रहे थे, उसी समय पृथ्वी से एक बालिका का प्राकट्य हुआ और उनका नाम सीता रखा गया क्योंकि हल की नोक के कारण ही उनके भूमि में दबे होने के बारे में पता चला था और हल की नोक को “सीता” भी कहा जाता है। इस दिन वैष्णव संप्रदाय के भक्त माता सीता के निमित्त व्रत रखते हैं और पूजन करते हैं।
“रामतापनीयोपनिषद” मे सीता को जगत की आनन्ददायिनी, संसार की उत्पत्ति, स्थिति और संहार की अधिष्ठात्री भी कहा गया है –
“श्रीराम सांनिध्यवंशा-ज्जगदानन्ददायिनी।
उत्पत्ति स्थिति संहारकारिणीं सर्वदेहिनम्”
“वाल्मीकि रामायण” के अनुसार सीता राम जी से सात वर्ष छोटी थी
“ममभत्र्ता महातेजा वयसापंचविंशक:।
अष्टादशा हि वर्षाणि मम जन्मति गण्यते।।“
मर्यादापुरुषोत्तम श्रीराम और माता जानकी के अनन्य भक्त “तुलसीदास जी” ने रामचरितमानस के बालकांड के प्रारंभिक श्लोक में सीता जी के ब्रह्म की तीन क्रियाओं उद्भव, स्थिति, संहार की संचालिका तथा आघाशक्ति कहकर उनकी वंदना की है –
उद्भव स्थिति संहारकारिणीं हारिणीम्।
सर्वश्रेयस्करीं सीतां नतो हं रामबल्लभाम्।।
जिस तरह से हिन्दू धर्म में “राम नवमी” की महत्ता है उसी प्रकार से “जानकी नवमी” की भी मानी जाती है। सीता नवमी का व्रत रखने के लिए कुछ खास बातों का ध्यना रखना अत्यंत आवश्यक है -
सीता नवमी पर व्रत एवं पूजन हेतु अष्टमी तिथि को ही साफ-स्वच्छ होकर शुद्ध भूमि पर सुन्दर मण्डप बनायें।
इस मण्डप में सौलह, आठ और चार स्तम्भों का होना जरुरी है।
मण्डप के बीच में सुन्दर आसन रखकर भगवती सीता और भगवान श्री राम की स्थापना करनी चाहिए।
पूजन के लिए स्वर्ण, रजत, पीतल अथवा मिट्टी में से किसी वस्तु से बनी हुई प्रतिमा की स्थापना करें। यदि मूर्ति की व्यवस्था ना हो पायें तो इसके स्थान पर चित्र की भी स्थापना की जा सकती है।
नवमी के दिन स्नान आदि के पश्चात सीता जी और राम जी की श्रद्धापूर्वक पूजा करें।
“श्री रामाय नम:” तथा “श्री सीतायै नम:” के मूल मंत्र के साथ पूजा करनी चाहिए।
इसके बाद “श्री जानकी रामाभ्यां नम:” मंत्र के साथ आसन, पाघ, आचमन, पंचामृत स्नान, वस्त्र, आभूषण, गंध, सिंदूर और धूप-दीप के साथ-साथ नैवेघ से श्रीराम-जानकी जी का पूजन और आरती करनी चाहिए।
दशमी के दिन विधिपूर्वक भगवती सीता-राम की पूजा-अर्चना के बाद मण्डप का विसर्जन करना चाहिए। इस प्रकार से पूजा करने से भक्तों को सीता जी व राम जी की असीम कृपा प्राप्त होती है।
Tags:-
सीता नवमी व्रत, सीता नवमी 2014, जानकी जयंती sita navmi, sita navmi 2014, 8 may 2014, vrat, hindu tyohar, dharm, pooja, bhakti, god,