सीता नवमी महात्म्य कथा
Posted by:
neerus
2012-04-28 04:01:57
967 Views
मारवाड़ क्षेत्र में एक वेदवादी श्रेष्ठ धर्मपुरीण ब्राह्मण निवास करते थे. उनका नाम देवदत्त था. उन ब्राह्मण की बड़ी सुन्दर रुपगर्विता पत्नी थी. उसका नाम शोभना था. ब्राह्मण देवता जीविका के लिये अपने ग्राम से अन्य किसी ग्राम से भिक्षाटन के लिये गये हुये थे. इधर ब्राह्मणी कुसंगत में फ़ँसकर व्याभिचार में प्रवृत्त हो गयी. अब तो पूरे गाँव में उसके इस निन्दित कर्म की चर्चायें होने लगी. परन्तु उस दुष्टा ने गाँव ही जला दिया. दुष्ट कर्मों में रत रहने वाली वह दुर्बुद्धि मरी तो उसका अगला जन्म चाण्ड़ाल के घर हुआ. पति त्याग करने से वह चण्डालिनी बनी, ग्राम जलाने से उसे भीषण कुष्ठ हो गया तथा व्याभिचार-कर्म करने से वह अंधी भी हो गयी. अपने कर्म का फ़ल तो उसे भोगना ही था.
इस प्रकार वह अपने कर्म के योग से दिनों दिन दारुण दुख प्राप्त करती हुई देश-देशान्तर में भटकने लगी. एक बार देवयोग से वह भटकती हुई कौशलपुरी में आई. संयोगवश उस दिन वैशाखमास के शुक्ल पक्ष की नवमी थी. जो समस्त पापों का नाश करने में समर्थ है. जानकी नवमी के पावन उत्सव पर भूख-प्यास से व्याकुल वह दुखियारी इस प्रकार प्रार्थना करने लगी-हे सज्जनों! मुझ पर कृपा कर कुछ भोज्य सामग्री प्रदान करो. मैं भूख से मर रही हूँ.
ऐसा कहती हुई वह स्त्री श्रीकनक भवन के सामने बने एक हजार पुष्पमण्डित स्तम्भों से होकर उसमें प्रविष्ठ हुई. उसने पुनः पुकार लगाई - भैया! कोई तो मेरी मदद करो. कुछ भोजन दे दो. इतने में एक भक्त ने उससे कहा- देवी ! आज तो जानकी नवमी है. भोजन में अन्न देने वाले को पाप लगता है. इसलिये आज तो अन्न नही मिलेगा. कल पारणा के समय आना. भरपेट ठाकुर जी का प्रशाद मिलेगा परन्तु वह नही मानी. अधिक कहने पर भक्त ने तुलसी एवं जल उस (चाण्डालिनी) को प्रदान किया.
वह पापिनी भूख से मर गयी. इसी बहाने अनजाने में उससे जानकी नवमी का व्रत पूरा हो गया. अब तो परम कृपालिनी दयास्वरुपीणी श्रीजानकीजू प्रसन्न हो गयीं तथा कृपा से परिपुष्ट कृपारुपिणी ने समस्त पापों से उसे मुक्त कर दिया. व्रत के प्रभाव से वह पापिनी निर्मल होकर स्वर्ग में आनन्द से अनन्त वर्षों तक रही. तत्पश्चात् वह कामरुप देश के महाराज जयसिंह की महारानी कामकला के नाम से विख्यात हुई. जातिस्मरा उस महान साध्वी ने अपने राज्य में अनेक देवालय बनवायें, जिनमें श्रीजानकी-रघुनाथ की प्रतिष्ठा करवायी.
श्रीजानकी नवमी पर श्रीजानकी जी की पूजा, व्रत, उत्सव, कीर्तन करने से उन परम दयामयी श्रीमती सीता जी की कृपा हमें अवश्य प्राप्त होती है.
Tags:-
Bhagwati sita, mata sita, shri ram sita, ayodhya, bhagwan ram, raja janak, vishwamitra, lanka, shri ram vivha, longbow, shiv dhanush, ravan, raja dashrath