देवी दुर्गा के नौ रूपों में महागौरी आठवीं शक्ति स्वरूपा हैं. दुर्गापूजा के आठवें दिन माँ महागौरी की पूजा अर्चना की जाती है. महागौरी आदी शक्ति का रुप हैं, इनके तेज से संपूर्ण विश्व प्रकाश-मान होता है, इनकी शक्ति अमोघ फलदायिनी है. माँ महागौरी की अराधना से भक्तों के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं तथा देवी के भक्त जीवन में पवित्र और अक्षय पुण्यों का अधिकारी बनता है.
देवी महागौरी भगवान शिव की पत्नी हैं, व यही शिवा और शाम्भवी के नाम से पूजे जाते हैं. एक कथा अनुसार भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए देवी ने कठोर तपस्या की थी जिससे इनका शरीर काला पड़ गया था. देवी की तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव उन्हें पत्नी के रुप में स्वीकार करते हैं और शिव जी इनके शरीर को गंगा-जल से शुद्ध करतें हैं इसी कारण वश देवी महागौरी विद्युत के समान अत्यंत कांतिमान(चमकदार) व गौर वर्ण (श्वेत) हो जाती हैं तथा तभी से इनका नाम गौरी पड़ा.
महागौरी की चार भुजाएं है, उनकी दायीं भुजा अभय मुद्रा में होती हैं और नीचे वाली भुजा में त्रिशूल शोभता है. बायीं भुजा में डमरू होता है और नीचे वाली भुजा से देवी गौरी भक्तों की प्रार्थना सुनकर वरदान देती हैं.
पूजा विधि
नवरात्रें आठवें दिन अर्थात अष्टमी के दिन पहले कलश और उसमें उपस्थित देवी देवता की पूजा करें, फिर देवी महागौरी के परिवार में शामिल देवी देवता की पूजा करें. कलश और देवी के परिवार में उपस्थित अन्य देवी-देवता के पूजन के पश्चात महागौरी का ध्यान करें
“सिद्धगन्धर्वयक्षाद्यैरसुरैरमरैरपि।
सेव्यामाना सदा भूयात सिद्धिदा सिद्धिदायिनी॥”.
माँ महागौरी की पूजा षोडशोपचार (गंध, पुष्प, धूप, दीप और नैवेद्य, इन पाँच सामग्री से किया जानेवाला पूजन) करें . माँ महागौरी की पूजा करने के बाद माता को नारियल का भोग लगाया जाता है. तत्पश्चात भोले शंकर की पूजा करें व सबसे अंत में ब्रह्मा जी के नाम से जल, फूल, अक्षत, सहित सभी सामग्री हाथ में लेकर
“ॐ ब्रह्मणे नम:” कहते हुए सामग्री भूमि पर रखें, व माँ महागौरी का ध्यान कर दुर्गा सप्तशती का पाठ करें.
मंत्र, स्तोत्र पाठ, कवच के जाप के साथ घी व कपूर मिलाकर देवी की आरती करें. अंत में दोनों हाथ जोड़कर सभी देवी देवताओं को प्रणाम करें और क्षमा प्रार्थना करें
“आवाहनं न जानामि न जानामि वसर्जनं, पूजां चैव न जानामि क्षमस्व परमेश्वरी.
पूजा के पश्चात, अष्टमी के दिन कुवारी कन्याओं(कंजको) को भोजन कराने का विधान है. इस दिन नौं या ग्यारहा कन्याओं व कन्याओं के साथ एक लंगूर अर्थात् लड़के को भी आमंत्रित करें। इन कंजको को देवी माँ का स्वरुप माना जाता हैं व लड़के को श्रीहनुमान जी का स्वरूप माना जाता हैं. भोजन कराने के पश्चाता उन्हें भेंट देकर उनका आर्शिवाद लें.
तथा शाम के समय में मां दुर्गा की आरती करें व प्रसाद वितरण करें.
कुछ लोग नवरात्रें में नौं दिनों का उपवास रखते हैं तो वहीं कुछ लोग सिर्फ एकम,अष्टमी व नवमीं का उपवास रखते हैं. महिलाएं अष्टमी के दिन माँ महागौरी की विशेष पूजा करती हैं. इस दिन महिलाएं अपने सुहाग की रक्षा के लिए देवी मां को श्रंगार- साम्रगी जैसे चुनरी, चुड़ी, और कुमकुम इत्यादी चढाती हैं. जो स्त्री, देवी महागौरी की पूजा भक्ति भाव सहित करती हैं उनके सुहाग की रक्षा देवी स्वयं करती हैं. कुंवारी लड़कीयां मां की पूजा करती हैं तो उन्हें योग्य पति प्राप्त होता है. पुरूष जो माँ गौरी की पूजा करते हैं उनका जीवन सुखमय रहता है देवी उनके पापों को दूर कर देती हैं. मां अपने भक्तों को अक्षय आनंद और तेज प्रदान करती हैं.
Tags:-
Navratri, Bhakti, Maa Mahagauri, Eight Day, Graba Dance, Kanjako, Puja-Vidhi, Gauri, Durga Puja, Nine Nights Festival, Kanya Puja, देवी महागौरी, शक्ति स्वरूपा, शिव की पत्नी, देवी