“बुराई पर अच्छाई की विजय”
Posted by:
vicky21
2015-10-21 12:13:02
723 Views
अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को दशहरे का आयोजन होता है. भगवान राम ने इसी दिन रावण का वध किया था. इसे असत्य पर सत्य की जीत के रूप में मनाया जाता हैं, इसलिए इस दिन को विजयादशमी के नाम से जाना जाता है. इसी दिन लोग नया कार्य प्रारम्भ करते हैं, शस्त्र-पूजा की जाती है. प्राचीन काल में सभी राजा इस दिन विजय की प्रार्थना कर रण-यात्रा के लिए प्रस्थान करते थे. इस दिन जगह-जगह मेले लगते हैं. दशहरा का पर्व दस प्रकार के पापों – काम, क्रोध, लोभ, मोह मद, मत्सर, अहंकार, आलस्य, हिंसा और चोरी के परित्याग की सद्प्रेरणा प्रदान करता है.
श्रीराम राजा दशरथ के पुत्र थे और पिता के वचन के कारण उन्होंने 14 वर्ष का वनवास सहर्ष स्वीकार किया था. लेकिन वनवास के दौरान ही रावण नामक एक राक्षस ने भगवान राम की पत्नी सीता का हरण कर लिया था. अपनी पत्नी को असुर रावण से छुड़ाने और इस संसार को रावण के अत्याचार से मुक्त कराने के लिए श्रीराम ने रावण के साथ दस दिनों तक युद्ध किया था और दसवें दिन रावण के अंत के साथ युद्ध समाप्त हुआ था. भगवान श्रीरामचंद्र चाहते तो अपनी शक्तियों से सीता मईया को छुड़ा सकते थे लेकिन मानव जाति को यह पाठ पढ़ाने के लिए की “हमेशा बुराई अच्छाई से नीचे रहती है और चाहे अंधेरा कितना भी घना क्यूं ना हो एक दिन मिट ही जाता है” उन्होंने मानव योनि में जन्म लेकर, मानव जाति के सामने एक उदाहरण पेश किया.
दशहरा भारत के उन त्यौहारों में से है जिसकी धूम देखते ही बनती है. बड़े-बड़े पुतले और झांकियां इस त्यौहार को रंगा-रंग बना देती हैं. रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों के रूप में लोग बुरी ताकतों को जलाने का प्रण लेते हैं. इस दिन जलेबी खाने का खास महत्व है. आज दशहरे का मेला जगह की कमी की वजह से छोटा होता जा रहा है लेकिन दशहरा आज भी लोगों के दिलों में भक्तिभाव को ज्वलंत कर रहा है.
विजयदशमी को देश के हर हिस्से में मनाया जाता है. बंगाल में इसे नारी शक्ति की उपासना और माता दुर्गा की पूजा अर्चना के लिए श्रेष्ठ समयों में से एक माना जाता है.
दशहरे के दिन हम तीन पुतलों को जलाकर बरसों से चली आ रही परपंरा को तो निभा रहे हैं परन्तु हम अपने मन के अंदर से झूठ, कपट और छल को नही निकाल पाते. हमें दशहरे के वास्तविक संदेश को अपने जीवन में भी अमल करना होगा तभी यह त्यौहार सार्थक बन पाएगा.
Tags:-
Dussehra, Bhakti, Vijaya Dashami, Lord Ram, Ravan, Dashami, Ravan Vadh, Navratre, विजयदशमी, वानर-सेना, सीता मईया, दशहरा मेला, शस्त्र-पूजा, रावण, कुंभक