“महाभारत” तब भी थी और अब भी है..
भारत की परंपरा, संस्कृति, आचार-विचार का आधार धर्म रहा है, जिसने सदैव प्रेम, बलिदान, सहानुभुति, सहनशीलता को सबसे ज्यादा महत्तत्व दिया है। भारत में यूँ तो कई धार्मिक कथाएँ, वेद, पुराण अपना एक विशेष महत्तव रखते हैं.. किंतु सबसे अधिक महत्तवपूर्ण एवम् लोकप्रिय ग्रंथ “महाभारत” को माना गया है। महाभारत एक ऐसा धार्मिक ग्रंथ है जो सदियों पूर्व इतिहास के पन्नों में समा चुका है, लेकिन आज भी अपनी महत्ता के कारण लोगों के बीच कौतुहल एवम् ज्ञान का विषय बना हुआ है।
आज भी जब कभी आप महाभारत की कथा को पढ़ेगें तो आप एक अलग ही प्रकार के हर्ष, आन्नद और ज्ञान ग्रहण करने का अनुभव करेंगें। मानो, जैसे आप इसे पहली बार पढ़ रहे हों.. भले ही आप इसके सभी पात्रों और घटनाओं के विषय में पहले से ही भलीं भांति अवगत हों। ऐसा क्यों है कि हम जितनी बार भी महाभारत की घटनाओं, पात्रों अथवा उसके बारे में विचार-विमर्श करते हैं तो ये कभी-भी उबाऊँ प्रतीत नहीं होता है...
दरअसल, महाभारत के सभी पात्र एवम् घटनाओं का संबंध कहीं ना कहीं हमारे मूल जीवन से संबंधित है और शायद यही कारण है कि अन्य सभी धार्मिक ग्रंथों की अपेक्षा हम महाभारत और गीता से अधिक लगाव महसूस करते हैं। महाभारत में कई ऐसे प्रश्न है जिनका उत्तर प्राप्त न होने पर ये कौतूहल का विषय है तो वहीं “गीता” के प्रत्येक अध्याय को पढ़कार असीम आनन्द व ज्ञान की प्राप्ति होती है।
महाभारत में अर्जुन का पात्र हमें हमारे मूल जीवन में ज्ञान, शाक्ति और बुद्धि का प्रयोग करने और उसे अर्जित करने के लिए प्रेरित करता है, तो वही श्रीकृष्ण की सहनशीलता, लाजवाबी, शांत चित्त आपको दुनिया की इस आपाधापी में भी खुद को शांत और सौम्य बनाये रखने की ओर प्रेरित करती है.... महाभारत में द्रोपदी का चीर-हरण हमें समकालीन समय में नारी की दयनीय स्थिति पर विचार करने को मजबूर करता है जो इतिहास में भी थी और वर्तमान में भी यथासंभव बनी हुई है..... दुर्योधन जैसे पात्र अधिकांश घरों में मिल जाते है, क्योंकि अपने ही वो लोग होते है जो आपकी कमजोरी के बारे में बेहतर तरीके से जानते हैं....शकुनि वो लोग होते हैं जो पड़ोसी, रिश्तेदारों के बीच मध्यस्थ बनकर गलतफहमियों का ऐसा अंबार लगा देते हैं कि ताउम्र इस बात का पता नहीं चल पाता कि गलती किसकी और कहां थी..... कर्ण महाभारत का ऐसा पात्र था जिसने बचपन से ही समाज को अपने विरुद्ध देखा था और आज भी ऐसा ही है, जब जाति-पाति के बंधन अथवा नीची जात में जन्म लेकर कई प्रतिभाएँ या तो कुंठित हो जाती है या फिर समाप्त हो जाती है और उसकी जगह मात्र नफरत और क्रोध रह जाता है.........महाभारत के युद्ध में तो कई नियम थे जिनका पालन करना सभी के लिए आवश्यक था जैसे युद्ध सूर्योदय से सूर्यास्त तक ही चलेगा, युद्ध खत्म होने के बाद पक्ष-विपक्ष दोनों के लोग प्रेम पूर्वक रहेंगे... युद्ध में रक्तपात देखकर घबराये लोगों पर व शरण में आये लोगों पर हमला नहीं किया जायेगा....युद्ध में सेवक का काम करने वालों पर अस्त्र नहीं उठाया जायेगा... ये सभी नियम इस बात को भली-भांति दर्शाते हैं कि युद्ध भले ही हो रहा हो किंतु इंसानियत अपनी जगह है और जिसका पालन करना सबका प्रमुख कर्तव्य है फिर चाहें वो शत्रु पक्ष हो अथवा मित्र पक्ष..किंतु आज के समय में ईर्ष्या और स्वंय को सही सिद्ध करने की होड़ मे हमने सभी नियमों को ताक पर रख दिया है।
महाभारत आज भी हमारे जीवन में लगातार चल रही है.. जब हम अपने आस-पास ब्लात्कार जैसी घटनाओं को सुनते है तो लगातार अपने घर की बहु-बेटियों की सुरक्षा के प्रति चिंतित बने रहते हैं...महाभारत तब भी हमारे दिमाग में लगातार चलती रहती है जब दुर्योधन की भांति अपने ही परिवार के लोग विश्ववासघात करते हैं और धोखा करते हैं... महाभारत हमारे दिल में भी चलती रहती है जब हम अर्जुन की भांति ये नहीं समझ पाते हैं कि क्या सही है और क्या गलत..... क्या हम सही निर्णय ले रहे हैं अथवा नहीं.... परिवारिक समस्याएं कई बार इतनी जटिल हो जाती हैं कि इन्हें सुलझाना काफी कठिन हो जाता है....
अर्जुन सौभाग्यशाली थे कि उन्हें पथ का मार्ग-दर्शन देने के लिए श्रीकृष्ण जी सारथी के रुप में मिले.. किन्तु एक आम इंसान को श्रीकृष्ण की भांति कोई शुभचिंतक मिल जाये ये असंभव तो नहीं किंतु कठिन अवश्य है....बस, यही वह समय होता है जब हमें भक्ति का सहारा लेना चाहिए और ईश्वर में स्वंय की आस्था को मजबूत करना चाहिए... जिन प्रश्नों का उत्तर आप स्वंय ना खोज पायें उन्हें ईश्वर के सम्मुख रखना चाहिए...।
Tags:-
mahabharat, arjuna, life, patience, jivan, महाभारत,jindgi, god, bhakti श्रीकृष्ण