हमारे मन में कई बार इस तरह के विचार आते हैं जैसे “अगर मैं ऐसा करता तो सही होता”, “शायद, मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था”, “मैं ये काम करुँ या ना करुँ”, या फिर “कहीं ऐसा करने से मेरा मजाक तो नहीं बन जाएगा”। ये सही है कि हमारा दिमाग हर पल बहुत-से विचारों से घिरा रहता है लेकिन सबसे बड़ी बात ये है कि इस प्रकार के विचार हमें किसी निर्णय पर नहीं पहुंचाते हैं अपितु हमारे मस्तिष्क को पूर्ण रुप से संदेह और संशय की स्थिति से भर देते हैं। यानि हमारी स्थिति इतनी अधिक “ऊहापोह” वाली हो जाती है कि हम यह तय नहीं कर पाते कि क्या सही है और क्या गलत।
“संशय” एक ऐसी मानसिक स्थिति है जब आपका मन और मस्तिष्क दोनों ही दुविधा के भंवर जाल में बुरी तरह से फंस जाते हैं। आप निर्णय लेने में असमर्थ हो जाते हैं और आपका स्वंय से विश्वास उठ जाता है। बस यही वो स्थिति होती है जहां से आप निराशा और हार से होते हुए विनाश की तरफ बढ़ने लगते हैं। इसी संबंध में कहा गया है कि – संशयात्मा विनश्यति अर्थात् जिसकी आत्मा में संशय है, जो अपनी सफलता में अखंड विश्वास नहीं रखता और जिसके मन में दुविधा है वह नष्ट हो जाता है।
संशय हमें किस तरह से हार की तरफ ले जाता है इस संबंध में हम इतिहास से भी काफी कुछ सीख सकते हैं -
कर्ण की हार का कारण - संशय
ये सभी को पता था कि पराक्रमी कर्ण का मुकाबला मात्र अर्जुन ही कर सकते थे किन्तु संशय ही वो कारक था जिसने उनके मनोबल को तोड़ दिया और वो हार गये। युद्ध में कर्ण के सारथी मद्र देश के राजा शल्य थे जो कि पांडवों के मामा थे। राजा शल्य भी पांडवों के खिलाफ लड़ने से खुश ना थे। इस स्थिति से निकलने के लिये श्री कृष्ण ने उन्हें बहुत ही सरल-सा उपाय बताया कि कर्ण के मन में अपनी जीत के प्रति संशय पैदा कर दो। भगवान श्री कृष्ण भी इस बात को भली-भांति जानते थे कि कर्ण को पराजित करना सरल नहीं है और महाराज शल्य भी कर्ण की सहायता करना नहीं चाहते थे किन्तु अपने एक वचन से बंधे होने के कारण उन्हें युद्ध में कौरवों की ओर से लड़ना पड़ा था। राजा शल्य ने कर्ण को भ्रमित करने के लिए कहा कि – “हे सूतपुत्र कर्ण, तू वीर है, अज्ञेय है किन्तु मुझे एक डर है कि तू शायद ही अर्जुन को परास्त कर सके क्योंकि अर्जुन तुझसे ज्यादा वीर है। तू अर्जुन के सामने तुच्छ है।” जब युद्ध भूमि में राजा कर्ण के रथ का पहिया मिट्टी में धंस गया तो कर्ण स्वंय पहिया निकालने लगे तो शल्य कहने लगा कि – “कर्ण, तू व्यर्थ ही अपना और मेरा समय नष्ट कर रहा है तू अर्जुन को परास्त नहीं कर पाएगा।“ यही वो शब्द थे जिन्होंने कर्ण के मन में संशय पैदा कर दिया और उनका मन नकारात्मक विचारों से भर उठ और कर्ण का आत्मविश्वास पूरी तरह से कमजोर पड़ गया। कर्ण आधा युद्ध बिना लड़े ही मन से और विचारों से हार गये थे। अपनी कमजोर मानसिक स्थिति के कारण ही कर्ण अपनी विद्या भूल गये और युद्ध मैदान में उनकी हार हुई थी।
एक गिलास पानी के भार के बराबर है – संशय
संशय यानि भ्रम की स्थिति एक गिलास पानी के भार की भांति है अर्थात् अगर आप इसे बेवजह ढोते रहेंगें तो यह पहाड़ के समान बहुत भारी हो जाएगा और यदि आप इसे एक कोने में उतार कर रख दें तो ये किसी कागज के समान हल्का है। अगर देखा जायें तो एक गिलास पानी का भार किसी भी मनुष्य के लिये ज्यादा नहीं हो सकता है लेकिन अगर आप उसी एक गिलास पानी को लगातार हाथ में उठाकर चलते रहें तो एक समय ऐसा आएगा कि आप उस हल्के भार से भी थक जाएंगे और तब ये बहुत ही भारी प्रतीत हो जाता है। संशय की स्थिति भी ऐसी ही है जब आप संशय को खुद पर हावी होने का मौका देते हैं तो आप पूरी तरह थक जाएंगे। संशय एक ऐसी स्थिति है जिसमें हम न तो अपनी जीत के प्रति आश्वस्त हो पाते हैं और ना ही अपनी हार के प्रति अर्थात् यदि हम कोई भी काम ना तो पूरे आत्मविश्वास के साथ कर पाते है ना ही आत्मविश्वास के बिना। यह एक ऐसी स्थिति है जहां हम ये सोच ही नहीं पाते हैं कि हम क्या निर्णय लें और क्या नहीं और अगर निर्णय ले भी लें तो इस बात का डर लगातार सताता है कि कहीं गलत निर्णय ना हो जाए।
संशय को मन से निकालें और परिणामों का स्वागत करें-
सबसे बेहतर है कि आप संशय से बाहर निकलें क्योंकि इस कारण आप अपनी वर्तमान जीवन का आनंद नहीं ले पाते हैं। ज्यादातर संशय भूतकाल या फिर भविष्य से जुड़े होते हैं क्योंकि हम लगातार उन विचारों का अपने दिमाग में मनन करत रहते हैं कि जो या तो भूत में घटित हो चुकी हैं या फिर भविष्य में घटित होने वाली होती है। भूत की ज्यादातर बातों को लेकर हम पश्चाताप की अग्नि में जलते रहते हैं और भविष्य की घटनाओं को लेकर चिंतित रहते हैं और इसी कारण हमारे विचार लेने की क्षमता पर सबसे अधिक प्रभाव पड़ता हैं इससे हमारी प्रवृत्ति कुछ इस प्रकार की हो जाती है या तो हम बहुत ही डरपोक प्रवृत्ति के बन जाते है और डर के कारण कोई कार्य ही आरंभ नहीं करते हैं या फिर हम इस प्रकार के हो जाते हैं कि कार्य आरंभ तो करते हैं लेकिन उन्हें बीच में ही छोड़ देते हैं और या फिर हम तीसरी प्रवृति के बन जाते हैं कि यानि संशय से ऊपर निकलते हुए हम परिणामों का सामना करने को तैयार रहते हैं।
इस संबंध में संस्कृत में एक नीति वाक्य है कि
प्रारभ्यते न खलु विघ्नभयेन नीचै:
प्रारभ्य विघ्न विहता: विरमन्ति मध्या:
विघ्नै पुन: पुनरपि प्रतिहन्यमाना:
प्रारभ्य चोत्मजनान परित्यजन्ति:
संशय महापाप है -
संशय एक ऐसी स्थिति है जो आपके जीवन के स्तर को पूरी तरह कमजोर बना देती है। संशय की स्थिति में दुख नहीं भी होगा तो भी आपको दुख का ही आभास होगा। आपका खूबसूरत जीवन बोझिल बना जाता है। आप सभी प्रकार के आंनदों से दूर हो जाते हैं और हर समय चिंताग्रस्त बने रहते हैं। आपकी चेतना यानि उत्साह और एनर्जी समाप्त हो जाती है। आप अपने दिमाग से अधिक दूसरे लोगों की बातों पर विश्वास करने लगते हैं। भगवान श्री कृष्ण जी भी गीता में कहते हैं कि हिचकिचाहट महापाप है क्योंकि हिचकिचाहट में, आप जी नहीं रहें होते, आप सिर्फ जीवन को ढो रहे होते हैं। जीवन स्वंय एक सकारात्मकता है और यदि संशय के कारण आप इसे बर्बाद करते हैं तो ये सबसे बड़ा अधर्म है संकोच और संशय ना करने का अर्थ ये भी नहीं है कि आप बिना विचारे हीं कार्य प्रारंभ कर दें। अपितु संकोच त्यागने का अर्थ यह है कि आप बुद्धिमत्ता के साथ विचारें और सही निर्णय लें।
संशय एक कूड़े के समान है और बुद्धिमान लोग इनका भार लेकर नहीं चलते है अपितु वे इनके स्थान पर सही निर्णय लेते हैं।
Tags:-
confusion, illusion, tension, depress, negative, negative thought, positive thought, संशय, बुद्धिमत्ता, भगवान श्री कृष्ण,