कुरुक्षेत्र की भूमि पर लड़ा गया महाभारत का युद्ध
भले ही इतिहास के पन्नों के अंदर सिमट कर आज टीवी के धारावाहिकों में बदल चुका है
लेकिन आज भी कई ऐसे सवाल है जो अनसुलझे है और साबित करते हैं कि महाभारत के अंश
अभी भी कहीं न कहीं बाकी है। महाभारत के युद्ध का एक ऐसा ही किरदार है अश्वत्थामा
का, जिनके अमर होने के साथ-साथ उनके द्वारा प्रयोग किये गये ब्रह्मास्त्र की कहानी
आज भी बहुत ही रहस्मय है। जिसने महाभारत और आधुनिक जीवन के बीच बहुत ही अजीबोगरीब
सा रिश्ता बना दिया है चाहे वो फिर अश्वत्थामा के जीवित होने की बात हो या फिर इस
बात को मानना हो कि अश्वत्थामा के द्वारा प्रयोग किया गया ब्रह्मास्त्र दुनिया का
पहला परमाणु बम था....कौन थे अश्वत्थामा और क्या है इनसे जुड़ी रहस्यमय बातें....
आइये जानते है......

कौन थे अश्वत्थामा
द्रोणाचार्य के पुत्र अश्वत्थामा का जन्म द्वापरयुग में हुआ
था और उनकी गिनती श्रेष्ठ योद्धाओं में हुआ करती थी। द्रोणाचार्य ने ही गुरु के
रुप में शिक्षा देकर कौरवों और पांडवों
को शस्त्र विद्या में पारंगत बनाया था। महाभारत के युद्ध में द्रोणाचार्य और
अश्वत्थामा कौरवों की ओर से लड़ रहे थे और उन्होने पांडवों की सेना को तितर-बितर
कर दिया था। अश्वत्थामा बहुत तेजस्वी थे इसीलिये उनके सिर पर मणि जड़ी हुई थी
लेकिन महाभारत के युद्ध में अपने पिता की मृत्यु का बदला लेने के कारण अश्वत्थामा
की एक गलती उन पर भारी पड़ गयी और भगवान कृष्ण ने उन्हें युगों-युगों तक भटकने का
श्राप दे दिया। और इसी कारण आज भी यह रहस्य है कि क्या अश्वत्थामा जीवित है या
नहीं.....

कूटनीती से हारे अश्वत्थामा
महाभारत के युद्ध में जब पांडव सेना कमजोर पड़ गई तो भगवान
श्री कृष्ण ने कूटनीती का सहारा लिया और यही कारण था कि अश्वत्थामा भ्रमित हो गये
थे। द्रोणाचार्य अपने पुत्र से अश्वत्थामा से बहुत प्रेम करते थे भगवान श्री कृष्ण
ने न्याय का साथ देने के लिये इसी कमजोरी का फायदा उठाया और उन्होने युधिष्ठिर के
द्वारा युद्धभूमि में यह बात फैला दी कि अश्वत्थामा मारा गया है। असल में
अश्वत्थामा जिंदा थे लेकिन द्रोणाचार्य इस बात को नहीं जानते थे। द्रोणाचार्य ने
जब यह बात सुनी तो पुत्र की मृत्यु में गमगीन होकर वो जमीन पर बैठ गये और उस मौके
का लाभ उठाकर द्रुपद के पुत्र धृष्टघुम्न ने उनका वध कर दिया। जब अश्वत्थामा को
अपने पिता की मृत्यु की खबर मिली तो उन्होनें पूरे पांडव वंश का नाश करने के लिये
उत्तरा के गर्भ में पल रहे अभिमन्यु के पुत्र परीक्षित के मारने के लिये
ब्रह्मास्त्र चलाया, तब श्री कृष्ण ने अश्वत्थामा को दंड दे डाला कि तुम
युगों-युगों तक भटकते रहोगे।
कहां भटक रहे हैं अश्वत्थामा
ऐसा माना जाता है कि पिछले लगभग पांच हजार सालों से
अश्वत्थामा असीरगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश के ही जबलपुर शहर के गौरीघाट यानि नर्मदा
नदी के किनारे भटक रहे हैं। असीरगढ़ का यह किला बहुत
ही रहस्मय तरीके से बना हुआ है, जिसके अंदर एक शिव मंदिर बना हुआ है। जिस पर हर
सुबह गुलाल और फूल चढ़े हुये मिलते है क्योकि अश्वत्थामा भगवान शिव को प्रसन्न
करना चाहते है। असीरगढ़ का किला बुरहानपुर शहर से 20 किलोमीटर दूर है। यह
किला आज भी पाषाण युग में जीता नजर आता है। इसके अंदर एक छोटा-सा तालाब है जो दो भागों में
बंटा हुआ है और हैरानी की बात ये है कि तेज गर्मी में भी ये सूखता नहीं है

मंदिर का इतिहास
इस किले का नाम असीरगढ़ यहाँ के एक प्रमुख चरवाहे आसा अहीर के
नाम पर रखा गया था और इस किले का यह स्वरुप 1380 ई. मे फारुखी वंश के बादशाहों ने
दिया था। इस किले में बनी सुरंगे कहाँ खुलती है, ये कोई नहीं जानता है।

कैसा है मंदिर
ये मंदिर चारों तरफ से खाइयों से घिरा हुआ है और जरा-सी भी
लापरवाही से कोई भी इसके अंदर गिर जाये तो बचने की उम्मीदे कम ही है। ऐसा माना
जाता है कि खाइयों के बीच बसे इस मंदिर में पहुंचने का कोई खुफिया रास्ता भी है जो
सीधे इस मंदिर तक पहुंचता है। इस मंदिर में बनी सीढ़ियां घुमावदार है। मंदिर को
देखकर ऐसा महसूस होता है कि भले ही ये मंदिर परिंदों से लेकर लोगों की आवाजाही से
दूर हो, बिजली जैसी आधुनिक सुविधाओं से दूर हो लेकिन भगवान शिव की पूजा यहां
बदस्तूर जारी है। भगवान शिव की पिंडी पर
रोज चढ़ने वाले श्रीफल के टुकड़े, गुलाल और फूल आपको एहसास दिला देगे कि भले ही हम
आधुनिक युग में जी रहे हो, पर अभी है बहुत कुछ जिसे समझना इंसानों से परे है। इसे
सिर्फ श्रद्धा के भाव से ही समझा जा सकता है।

क्या मानते हैं लोग
जिन लोगों ने भी अश्वत्थामा को इस मंदिर
की ओर जाते हुये देखा है, अगर वो व्यक्ति पीछा करता है तो कुछ दूरी पर चलने के बाद
बेहोश हो जाता है। लोगो का ये भी कहना है कि अश्वत्थामा के सिर से लगातार खून बहता
रहता है और ये इस बात का प्रमाण है कि भगवान श्री कृष्ण ने जब अश्वत्थामा के सिर
से मणि हटाई थी ये तभी से लगातार बह रहा है और इसलिये अश्वत्थामा लोगों से हल्दी
और तेल की मांग करता है ताकि उस दर्द से मुक्ति मिल सके।
अश्वत्थामा ने छोड़ा था पहला परमाणु बम
अश्वत्थामा ने जिस ब्रह्मास्त्र को पांडवों का नाश करने के लिये चलाया था उसे वैज्ञानिक दुनिया का पहले परमाणु बम के रुप में मानते है क्योकि ब्रह्मास्त्र को सर्वनाश करने वाला हथियार माना गया है। ब्रह्मास्त्र एक परमाणु हथियार है जिसे दैवीय हथियार कहा गया है। रामायण और महाभारतकाल में ये अस्त्र गिने-चुने योद्धाओं के पास ही था। रामायण में भी मेघनाद से युद्ध हेतु लक्ष्मण ने जब ब्रह्मास्त्र का प्रयोग करना चाहा तब श्रीराम ने उन्हें यह कहकर रोक दिया था कि अभी इसका प्रयोग करना उचित नहीं, क्योंकि इससे पूरी लंका साफ हो जाएगी। आधुनिक काल में जे. रॉबर्ट ओपनहाइमर ने गीता और महाभारत का गहन अध्ययन किया। उन्होंने महाभारत में बताए गए ब्रह्मास्त्र की सर्वनाश करने की क्षमता पर भी शोध किया है। उन्होने अपने मिशन को नाम दिया ट्रिनिटी यानी त्रिदेव।






