नवरात्र का दूसरा दिन मां दुर्गा के दूसरे रुप यानि ब्रह्मचारिणी की उपासना का दिन माना गया है। ब्रह्मचारिणी को तप की चारिणी अर्थात् तप का आचरण करने वाली देवी माना गया है क्योकि मां ने बहुत ही कठिन परिस्थितयों में भगवान शिव को पति के रुप में पाने के लिये व्रत रखा था। ब्रह्मचारिणी का स्वरुप बहुत ही दिव्य और सात्विक माना गया है क्योकि मां अपने भक्तों को कठिन परिस्थितयों में भी दिव्य साहस के साथ सात्विक अर्थात सादा जीवन जीने का आशीर्वाद देती है।

 

मां ब्रह्मचारिणी का स्वरुप

मां ब्रह्मचारिणी का सफेद वस्त्र धारण किये हुये दिव्य स्वरुप सरलता के साथ अटूट साहस का प्रतिबिंब है। मां ब्रह्मचारिणी को सभी विधाओं का ज्ञाता माना गया है। मां ब्रह्मचारिणी अपने भक्तों को जीवन जीने के लिये त्याग, तप, साहस का संदेश   देती है इसी कारण ब्रह्मचारिणी का दिव्य स्वरुप भक्तों को मोहित करता है। मां ब्रह्मचारिणी दाएं हाथ में जप की माला और बाएं हाथ में कमण्डल धारण किये है।




मां ब्रह्मचारिणी की कठिन तपस्या

नवरात्र के दूसरे दिन माता ने भगवान शंकर को पति के रुप में पाने के लिये घोर तपस्या करने का संकल्प लिया था। इसी कठिन तपस्या के कारण इन्हे ब्रह्मचारिणी कहा गया है। ब्रह्मचारिणी देवी का यह रुप ज्योतिर्मय और अत्यंत भव्य से परिपूर्ण  है। ब्रह्मचारिणी ने भगवान शिव को पति के रुप में पाने के लिये लगभग एक हजार वर्ष तक केवल फल-फूल खाकर कठोर तप किया। देवी सौ वर्षों तक केवल जमीन पर रहकर शाक यानि फूल-पत्तियों पर निर्भर रही। भगवान शिव को पाने की अटूट श्रद्धा रखने के कारण खुले आकाश के नीचे धूप और वर्षा की परवाह किये बिना अदम्य साहस के साथ व्रत के नियमों का पालन किया। अपने तप को और भी त्यागपूर्ण सिद्ध करने के लिये उन्होनें सूखे बिल्व पत्र भी खाना छोड़ दिया और कई हजार वर्षों तक केवल निर्जल और निराहार रहकर तपस्या की। इस प्रकार मात्र पत्तों पर जीवन यापन करने के कारण उनका नाम अपर्णा भी कहा गया। इस घोर तप के कारण मां का शरीर एकदम कमजोर और क्षीण हो गया था लेकिन इसी कठिन व्रत के कारण देवी मां को शिव जी पति के रुप में प्राप्त हुये।




मां ब्रह्मचारिणी भक्तों को देती हैं अटूट साहस

माता का इस प्रकार घोर तपस्या करना उनके भक्तों को असीम साहस और त्याग की प्रेरणा देता है। मां का ब्रह्मचारिणी रुप भक्तों को साहस और सरलता पूर्वक जीवन जीने का आशीर्वाद देता है। मां ब्रह्मचारिणी की उपासना करने से भक्तों में तप, त्याग, वैराग्य, सदाचार और संयम जैसे मूल्यवान गुणों की वृद्धि होती है और आलस्य, अंहकार, लोभ, असत्य और ईष्या जैसी बुराईयों का नाश होता है। ब्रह्मचारिणी देवी की उपासना भक्तों को कठिन पथ और विपरित परिस्थितयों में भी चलने का साहस देती है।